How To Make Perfect Gol Roti: हर घर में रोज रोटियां तो बनती हैं, पर सच कहें तो शुरुआत में गोल रोटी बेलना किसी जंग जीतने जैसा लगता है. किसी की रोटी नक्शे जैसी टेढ़ी-मेढ़ी हो जाती है, तो कोई किनारे मोटी और बीच से पतली छोड़ देता है. कई बार तो अच्छा आटा लगाने के बाद भी बेलते वक्त वो गोल होने का नाम ही नहीं लेती. ऐसे में अक्सर लगता है कि शायद हमसे गोल रोटियां कभी बन ही नहीं पाएंगी.
लेकिन यकीन मानिए, बात सिर्फ इतनी सी है कि हमें रोटी बनाने का सही तरीका नहीं पता होता. छोटी-छोटी गलतियों की वजह से रोटी की शेप बिगड़ जाती है. अगर आप भी हर बार टेढ़ी रोटियां बनाकर थक चुके हैं, तो कुछ बहुत आसान सी बातें अपनाकर आप पहली ही बार में एकदम गोल, नरम और फुकी हुई रोटियां बना लेंगे. आइए जानते हैं कि वे कौन-से छोटे-छोटे नुस्खे हैं जो आपका काम आसान कर देंगे.
आटा गूंथते वक्त इन बातों का रखें ख्याल:
- आटा न तो बहुत कड़ा हो और न ही पानी जैसा ढीला.
- इसे गूंथने के लिए हमेशा हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें.
- अगर आप चाहें तो पानी की जगह थोड़ा सा दूध या एक चम्मच घी भी मिला सकते हैं, इससे रोटियां बहुत ही सॉफ्ट बनती हैं.
आटा लगाने के तुरंत बाद न बनाएं रोटियां:
आटा लगाने के बाद उसे किसी बर्तन से ढककर कम से कम 10 से 15 मिनट के लिए छोड़ दें. ऐसा करने से आटा अच्छी तरह सेट हो जाता है और उसमें लचीलापन आ जाता है, जिससे वो बेलते वक्त टूटता नहीं है. बस ध्यान रहे कि आटा खुला न छूटे, वरना उसके ऊपर सूखीपपड़ी जम जाएगी.
लोई बनाने का सबसे आसान तरीका:
- आटे से एक बराबर साइज की छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें.
- अब दोनों हथेलियों के बीच रखकर उन्हें एकदम चिकना कर लें ताकि उन पर कोई दरार न दिखे.
- इसके बाद हथेली से उसे हल्का सा दबाकर चपटा कर लें.
- अगर आपकी लोई ही शुरुआत में टेढ़ी-मेढ़ी या एक तरफ से मोटी होगी, तो लाख कोशिश के बाद भी रोटी गोल नहीं उतर पाएगी.
बेलते समय अपनाएं ये ट्रिक:
- सबसे पहले लोई पर सूखा आटा लगाएं और उसे चकले पर रखें.
- बेलन को बहुत जोर से न दबाएं, हमेशा हल्के हाथों का इस्तेमाल करें.
- एक ही जगह पर बार-बार बेलन चलाने के बजाय रोटी को हाथ से हल्का-हल्का घुमाते रहें.
- बेलन को थोड़ा-थोड़ा घड़ी की उल्टी दिशा में चलाएं और बीच-बीच में रोटी को पलटते भी जाएं.
- इस तरह चारों तरफ से दबाव एक जैसा पड़ेगा और आपकी रोटी धीरे-धीरे एकदम गोल और एक जैसी बिल जाएगी.
- फिर क्या, तवे पर डालते ही वो गुब्बारे जैसी फूल भी जाएगी.
इसे भी पढ़ें: हल्दी की सब्जी कैसे बनाएं? राजस्थानी कच्ची हल्दी की सब्जी बनाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं