रसोई में खाना बनाते वक्त अचानक अगर गैस चूल्हे की लौ नीली की जगह पीली जलने लगे या फिर फ्लेम बहुत धीमी हो जाए, तो समझ लीजिए कि बर्नर के छेद बंद हो गए हैं. ये समस्या हर घर में आम है और अक्सर हम परेशान हो जाते हैं कि अब क्या करें. कई बार लोग नया बर्नर खरीद लेते हैं या फिर मैकेनिक को बुलाकर पैसे खर्च करते हैं, लेकिन आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है.
क्या आप जानते हैं कि घर पर रखी कुछ साधारण चीजों से इसे आसानी से ठीक कर सकते हैं. चलिए फिर बिना देर किए कुछ ऐसे ही आसान तरीकों के बारे में जान लेते हैं, जिनसे आप अपने गंदे और बंद बर्नर को बिल्कुल नया जैसा चमका सकते हैं.
गैस स्टोव के बर्नर को कैसे साफ करें?
नींबू और नमक का इस्तेमाल:
- सबसे पहले एक बर्तन में गर्म पानी लें और उसमें एक नींबू का रस निचोड़ दें.
- अब इसमें दो चम्मच नमक डालकर अच्छे से मिला लें.
- इस पानी में अपने गंदे बर्नर को रातभर के लिए डुबोकर रख दें.
- सुबह उठकर इसे किसी पुराने टूथब्रश से रगड़ लें.
- सारी कालिख और गंदगी आसानी से बाहर निकल जाएगी और बर्नर चमकने लगेगा.
बेकिंग सोडा:
- एक कटोरी में बेकिंग सोडा और थोड़ा-सा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें.
- इस पेस्ट को बर्नर के चारों तरफ अच्छे से लगा दें और आधे घंटे के लिए छोड़ दें.
- इसके बाद इसे किसी लोहे वाले जूने या ब्रश से साफ कर लें.
- सारे छेद खुल जाएंगे और गैस अच्छे से जलने लगेगी.
सिरके का पानी:
- आप थोड़े से सिरके में पानी मिलाकर बर्नर को उसमें कुछ देर के लिए भिगो सकते हैं. इसके बाद इसे नॉर्मल पानी से धोकर अच्छी तरह सुखा लें.
- इस तरीके से भी गंदगी आसानी से बाहर निकल जाएगी.
- ध्यान रहे, साफ करने के बाद बर्नर को पूरी तरह सुखाना बहुत जरूरी है, वरना गैस ठीक से नहीं जलेगी.
- अगर कोई छेद फिर भी बंद लगे तो सेफ्टी पिन या पतली सुई से धीरे से उसे खोल सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: बिना तेल में तले क्रिस्पी फ्रेंच फ्राइज कैसे बनाएं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं