Desi vs Hybrid Cucumber: गर्मियों के मौसम में खीरा अमूमन हर घर में खाया जाता है. खीरे के सलाद से लेकर के इसको लोग अलग-अलग तरीकों से खाना पसंद करते हैं. इसका सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है. लेकिन आज के समय में आपको खीरा एक जैसा नहीं मिलता है. बल्कि इसके भी कई टाइप आपको मार्केट में देखने को मिल जाते हैं. देसी खीरा, हाइब्रिड खीरा से लेकर चाइनीज खीरे तक मार्केट में उपलब्ध होते हैं.
लोगों का रूझान एक बार फिर से देसी चीजों की तरफ ज्यादा बढ़ गया है. ऐसे में सब्जी वाले के पास जाकर अगर आप भी पूछते हैं कि ये खीरा देसी है या नहीं, तो आज हम आपको बताएंगे कि खीरा देसी है या हाइब्रिड इसका पता कैसे लगाएं. एक किसान ने बहुत आसान तरीके से दोनों की पहचान बताई है, जिसे आम लोग भी आसानी से समझ सकते हैं.
देसी और हाइब्रिड खीरे की पहचान

रंग और बनावट
किसान के मुताबिक देसी खीरे की सबसे बड़ी पहचान उसका रंग और बनावट होती है. देसी खीरा पूरी तरह गहरे हरे रंग का नहीं होता. उसके ऊपर हल्का-हल्का सफेद या फीका हिस्सा दिख सकता है.
वहीं हाइब्रिड खीरा ऊपर से नीचे तक हरा और पूरा चमकदार दिखाई देता है.
खीरे की पूंछ
देसी खीरे की दूसरी पहचान उसकी पूंछ और ऊपर मौजूद छोटे कांटे हैं. किसान बताते हैं कि देसी खीरे में पूंछ थोड़ी अलग तरह की होती है और उस पर कांटे भी नजर आते हैं.
वहीं हाइब्रिड खीरा काफी स्मूद दिखाई देता है.
काटने पर
खीरे को काटने पर भी दोनों में फर्क समझा जा सकता है. किसान के अनुसार देसी खीरा अंदर से ज्यादा पानी छोड़ता है. वीडियो में भी देखा गया कि काटते ही खीरे से पानी निकलने लगा.देसी खीरे के अंदर का हिस्सा थोड़ा अलग और प्राकृतिक दिखाई देता है.
जबकि हाइब्रिड खीरे में ऐसा कम होता है.
ये भी पढ़ें: क्या आप जानते हैं आखिर खीरे को काटने से पहले उसे ऊपर से क्यों घिसा जाता है?
क्वालिटी में भी फर्क
स्टोरेज को लेकर भी किसान ने बड़ा दावा किया. उसका कहना है कि देसी खीरे को बिना फ्रिज के करीब एक हफ्ते तक रखा जा सकता है.
दूसरी तरफ हाइब्रिड खीरा बाहर से कई दिनों तक हरा और चमकदार दिख सकता है, लेकिन अंदर से जल्दी खराब होने लगता है.
अगर आप भी बाजार से खीरा खरीदते समय ये जानना चाहते हैं कि खीरा देसी है या हाइब्रिड तो इन बातों का ध्यान रखें.
History of Samosa- Swaad Ka Safar | समोसे का इतिहास | जानें ईरान से भारत कैसे पहुंचा समोसा
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं