आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और गलत खान-पान की वजह से पेट से जुड़ी समस्याएं काफी देखने को मिलती है. कई लोगों को चटपटा या बाहर का खाने के बाद सीने में जलन होने लगती है, तो कुछ को खट्टी डकार परेशान करने लगती है. अगर आप भी अक्सर एसिडिटी या पेट की गड़बड़ी से जूझते रहते हैं, तो आयुर्वेद गुरु आचार्य बालकृष्ण ने एक बहुत ही आसान और पारंपरिक घरेलू उपाय बताया है, जो आपकी इन परेशानियों को चुटकियों में दूर कर सकता है.
आचार्य बालकृष्ण के अनुसार, हमारी किचन में रखी कुछ चीजें किसी वरदान से कम नहीं हैं. अक्सर हम धनिया और मिश्री को केवल स्वाद बढ़ाने या माउथ फ्रेशनर की तरह इस्तेमाल करते हैं, लेकिन आयुर्वेद में इनका मेल पेट के लिए बहुत ही गुणकारी माना गया है. धनिया की तासीर ठंडी होती है, जो पेट और शरीर की अंदरूनी जलन को शांत करने में मदद करती है.
यहां देखें वीडियो-
कैसे तैयार करें यह आयुर्वेदिक नुस्खा?
- सबसे पहले साबुत धनिया और मिश्री लें.
- इन दोनों चीजों को आपस में मिलाकर एक बढ़िया पाउडर तैयार करके किसी डिब्बे में भरकर रख लें.
- अब जब भी आपको एसिडिटी या पेट में जलन महसूस हो, तो इस तैयार किए गए पाउडर का एक चम्मच एक गिलास पानी में अच्छी तरह मिला लें.
- इस पानी को पीने से पेट को तुरंत ठंडक मिलती है और गैस व जलन जैसी समस्याओं में बहुत आराम मिल सकता है.
क्यों फायदेमंद है यह ड्रिंक?
जब पेट में पित्त बढ़ जाता है, तो सीने में जलन, खट्टी डकारें और भारीपन जैसी दिक्कतें शुरू हो जाती हैं. धनिया और मिश्री का यह मेल पेट के तापमान को संतुलित रखता है. आयुर्वेद में इसे पाचन तंत्र को मजबूत बनाने और शरीर की शीतलता बनाए रखने का बेहतरीन जरिया माना गया है.
FAQ- सबसे ज्यादा पूछे जाने वाले सवाल-
प्रश्न: क्या धनिया और मिश्री का पानी रोज पी सकते हैं?
उत्तर: सीमित मात्रा में सेवन किया जा सकता है, लेकिन किसी भी घरेलू नुस्खे को नियमित रूप से अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर है.
प्रश्न: क्या यह ड्रिंक गैस और पेट फूलने में मदद कर सकती है?
उत्तर: आयुर्वेद में धनिया को पाचन के लिए लाभकारी माना जाता है, इसलिए कुछ लोगों को राहत मिल सकती है.
प्रश्न: एसिडिटी होने पर इसे कितनी मात्रा में लेना चाहिए?
उत्तर: एक गिलास पानी में लगभग एक चम्मच तैयार मिश्रण मिलाकर पिया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- इडली बनाने के अलावा किन कामों में भी इस्तेमाल कर सकते हैं Idli Maker
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं