विज्ञापन

दशहरे पर घर में बनाएं गुजराती स्टाइल फाफड़ा, इस स्पेशल ट्रिक से आएगा बाजार जैसा स्वाद

घर पर गुजराती स्टाइल फाफड़ा और पपीते का सांभारा बनाना चाहते हैं, तो इस आसान रेसिपी को जरूर फॉलो करें, घर पर ही बाहर जैसा स्वाद आएगा.

दशहरे पर घर में बनाएं गुजराती स्टाइल फाफड़ा, इस स्पेशल ट्रिक से आएगा बाजार जैसा स्वाद
पपीता का संभारा कैसे बनाएं?
NDTV

आज दशहरा है, तो लगभग सबकी छुट्टी होगी. तो नाश्ते में कुछ चटपटा और स्पेशल बनाया जाए, जो बाजार जैसा लगे पर घर का हो. हर बार कचौरी-समोसा तो बनाते ही हैं, इस बार क्यों न कुछ अलग ट्राय किया जाए. शाम की चाय के साथ कुछ चटपटा और क्रिस्पी खाने का मन होने लगता है. ऐसे में अगर गरमा-गरम गुजराती फाफड़ा मिल जाए तो मजा ही आ जाता है. वैसे तो फाफड़ा बाहर दुकानों पर आसानी से मिल जाता है, लेकिन कई शहरों में यह सही स्वाद में नहीं मिलता. बहुत से लोगों को लगता है कि इसे घर पर बनाना बेहद मुश्किल काम है और हथेली से बेलते वक्त यह टूट जाएगा.

लेकिन सच तो यह है कि अगर आपको बेसन फेंटने की सही ट्रिक पता हो, तो कोई भी इंसान इसे पहली बार में ही एकदम परफेक्ट बना सकता है.

देखें वीडियो...

सामग्री:

फाफड़ा के लिए:

  • बारीक बेसन ( 2 कप छना हुआ)
  • अजवाइन (1 छोटा चम्मच)
  • तेल (2 बड़े चम्मच)
  • पापड़ खार (1 छोटा चम्मच)
  • हल्दी पाउडर (चुटकी भर)
  • नमक (स्वादानुसार)
  • पानी (आवश्यकतानुसार आटा गूंथने के लिए)

तली मिर्च और पपीते के संभारे के लिए:

  • हरी मिर्च (10 से 12 बीच से चीरा लगी)
  • कच्चा पपीता (2 कप कद्दूकस किया हुआ)
  • राई, करी पत्ता, हल्दी, नमक, चीनी और थोड़ा सा नींबू का रस

फाफड़ा और संभारा बनाने की विधि:

  1. सबसे पहले एक कटोरी में दो चम्मच पानी लेकर उसमें पापड़ खार घोल लें. 
  2. अब एक परात में छना हुआ बेसन लें. इसमें नमक, अजवाइन, थोड़ा हल्दी और दो चम्मच तेल का मोयन डालें. 
  3. इसके बाद पापड़ खार वाला पानी मिलाकर थोड़ा-थोड़ा साधारण पानी डालते हुए आटा गूंथ लें. 
  4. ध्यान रहे आटा न बहुत सख्त हो और न ही बहुत मुलायम. 
  5. अब इस आटे को 7 से 8 म‍िनट तक लगातार हथेली से मलें. 
  6. बेसन को तब तक मसलना है जब तक उसमें एक बढ़िया लोच न आ जाए और वह खिंचने न लगे. अब आटे को 15 म‍िनट ढककर रख दें.
  7. अब मिर्च बनाने के लिए उबलते पानी में हरी मिर्च, नमक, थोड़ी चीनी और नींबू का रस डालकर 2 मिनट उबाल लें और छान लें. 
  8. संभारा बनाने के लिए पैन में तेल गर्म करके राई और करी पत्ता तड़काएं, फिर कसा हुआ पपीता, नमक, हल्दी और चीनी डालकर हल्का सा पकाएं ताकि इसका क्रंच बना रहे.
  9. फाफड़ा बनाने के लिए बेसन की छोटी लंबी लोई बनाएं.
  10. एक बोर्ड पर लोई रखकर हथेली के निचले हिस्से से आगे की तरफ दबाते हुए धकेलें. 
  11. अब चाकू की मदद से इसे बोर्ड से अलग कर लें. 
  12. कढ़ाई में तेल मीडियम गर्म करें और फाफड़े को डालकर दोनों तरफ से हल्का सुनहरा होने तक तलें. इसे बहुत तेज आंच पर न तलें वरना यह लाल पड़ जाएंगे. 
  13. तैयार है आपका एकदम क्रिस्पी फाफड़ा, इसे मिर्च और संभारे के साथ गरमा-गरम सर्व करें.

इसे भी पढ़ें: बार-बार हिचकी क्यों आती है? जानें कारण और रोकने के उपाय

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Fafda Recipe, Gujarati Recipes, Fafda, Food, Recipe Videos
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com