घर की मलाईदार और मीठी दही खाने का मजा ही अलग है. जब दूध में अच्छी मात्रा में मलाई होती है, तो दही भी उतनी ही गाढ़ी और शानदार जमती है लेकिन कई बार सारी मेहनत के बाद भी दही के ऊपर पानी की एक पतली सी परत तैरने लगती है, जो देखने में बिल्कुल अच्छी नहीं लगती. यह पानी मट्ठा या व्हे होता है, जो दूध के खट्टा होने पर प्राकृतिक रूप से निकलता है. यह सेहत के लिए तो बहुत फायदेमंद होता है क्योंकि इसमें प्रोटीन, कैल्शियम और विटामिन बी12 भरपूर मात्रा में होते हैं, लेकिन इससे दही की रंगत बिगड़ जाती है. आइए जानते हैं कि ऐसा क्यों होता है और इसे हमेशा के लिए कैसे ठीक किया जा सकता है.
गाढ़ी और परफेक्ट दही जमाने के 4 आसान और असरदार उपाय
हमेशा फुल-क्रीम दूध का इस्तेमाल करें:
अगर आप चाहते हैं कि आपकी दही एकदम बाजार जैसी गाढ़ी जमे, तो हमेशा फुल-फैट यानी मलाई वाला दूध ही चुनें. टोंड या स्किम्ड दूध में फैट की कमी होती है, जिस वजह से प्रोटीन का जाल मजबूत नहीं बन पाता और दही पानी छोड़ देती है.
जामन हमेशा सही मात्रा में मिलाएं:
अक्सर लोगों को लगता है कि ज्यादा जामन डालने से दही जल्दी और अच्छी जमेगी, लेकिन यह सोच बिल्कुल गलत है. ज्यादा जामन डालने से फर्मेंटेशन बहुत तेजी से होता है, जिससे दही जरूरत से ज्यादा खट्टी हो जाती है और उसमें ढेर सारा पानी छूटने लगता है. हमेशा याद रखें कि आधा लीटर दूध के लिए सिर्फ चौथाई से आधा चम्मच जामन ही काफी है.
दूध का तापमान एकदम सही होना चाहिए:
दूध में जामन मिलाते वक्त उसका तापमान बहुत मायने रखता है. दूध न तो बहुत ज्यादा गर्म होना चाहिए और न ही ठंडा. अंगुली डालकर चेक करें, अगर दूध गुनगुना महसूस हो और जलन न हो, तो जामन मिलाने का यह बिल्कुल सही समय है. इसके अलावा, जामन मिलाने के बाद बर्तन को बार-बार हिलाएं नहीं, वरना दही जमने की प्रक्रिया टूट जाती है और वह पानी छोड़ने लगती है.
सही तापमान पर बर्तन को सेट होने रखें:
दही को जमने के लिए गर्माहट की जरूरत होती है. सर्दियों के दिनों में तापमान कम होने की वजह से दही ठीक से नहीं जम पाती. ऐसे में बर्तन को किसी गर्म जगह पर रखें या फिर ढक्कन लगाकर किचन के किसी बंद कैबिनेट या कपड़े में लपेटकर रख दें, ताकि उसे स्थिर तापमान मिल सके.
इसे भी पढ़ें: क्या टमाटर को सिर्फ सादे पानी से धोना काफी है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं