जब भी चाट या दही भल्ले का नाम आता है, तो दिमाग में सबसे पहले तली हुई चीजें और ढेर सारा तेल ही घूमता है. वजन बढ़ने की टेंशन के चक्कर में कई बार हम चाहकर भी इन चीजों को एंजॉय नहीं कर पाते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि बिना एक बूंद तेल के भी उतने ही स्वादिष्ट और सॉफ्ट दही भल्ले बनाए जा सकते हैं? जी हां, बिल्कुल. हाल ही में शेफ गुंटास ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक ऐसी कमाल की रेसिपी शेयर की है, जो जीरो ऑयल यानी बिना तेल के तैयार होती है. इसका स्वाद ऐसा है कि खाने वाले उंगलियां चाटते रह जाएंगे. आइए जानते हैं इसे बनाने की बेहद आसान रेसिपी.
यहां देखें रेसिपी वीडियो-
कैसे बनाएं बिना तेल के दही भल्ले-
सामग्री-
दही भल्ले के लिए-
- 1/4 कप मूंग दाल
- 1/4 कप उड़द दाल
- 1 बड़ा चम्मच पानी
- 1 पैकेट ईनो
- स्वादानुसार नमक
भल्ले भिगोने के पानी के लिए-
- 1 छोटा चम्मच हींग
- स्वादानुसार नमक
- 1 कप पानी
स्टफिंग के लिए-
- 1 बड़ा चम्मच अदरक
- 1/2 बड़ा चम्मच हरी मिर्च
- 1/8 कप काजू
- 1/8 कप किशमिश
- 1 छोटा चम्मच हरा धनिया
दही के लिए-
- 1 कप दही
- 1 बड़ा चम्मच दूध
- 1 छोटा चम्मच काला नमक
- 1/2 छोटा चम्मच चीनी
सजाने के लिए:
- स्टीम किए हुए भल्ले
- फेंटा हुआ दही
- बूंदी
- हरी चटनी
- खजूर-इमली की चटनी
- अनार के दाने
- सेव
- बेक्ड पापड़ी
- चाट मसाला
विधि-
- सबसे पहले मूंग दाल और उड़द दाल को अच्छी तरह धोकर कुछ घंटों के लिए पानी में भिगो दें.
- इसके बाद दोनों दालों को मिक्सी में पीसकर एक स्मूथ पेस्ट बना लें. इस पेस्ट में एक बड़ा चम्मच पानी, स्वादानुसार नमक और आखिर में एक पैकेट ईनो डालकर अच्छी तरह मिला लें ताकि बैटर एकदम हल्का और फूला-फूला हो जाए.
- एक छोटी कटोरी में कटे हुए काजू, किशमिश, अदरक, हरी मिर्च और हरा धनिया को आपस में अच्छी तरह मिला लें.
- यह स्टफिंग जब भल्ले के अंदर आती है, तो इसका स्वाद बहुत ही लाजवाब लगता है.
- अब भल्ला मोल्ड या किसी छोटी कटोरी में हल्का सा ग्रीस करके दाल के बैटर का थोड़ा हिस्सा डालें, बीच में स्टफिंग रखें और ऊपर से फिर से बैटर से कवर कर दें.
- अब इसे इडली स्टैंड की स्टीम में अच्छी तरह पकने दें. जब यह पक जाए तो इसे बाहर निकाल लें.
- एक अलग बर्तन में एक कप पानी लें और उसमें हींग और थोड़ा सा नमक मिलाएं.
- अब इन भाप में पके हुए भल्लों को कुछ देर के लिए इस हींग के पानी में भिगोकर रख दें ताकि वे अंदर तक सॉफ्ट हो जाएं और हींग का सोंधा फ्लेवर उसमें आ जाए.
- अब एक प्लेट में इन स्पंजी भल्लों को रखें. इसके ऊपर ठंडा-ठंडा फेंटा हुआ क्रीमी दही डालें.
- इसके बाद हरी चटनी, खट्टी-मीठी इमली की चटनी, अनार के दाने, क्रंची बूंदी, सेव और बेक्ड पापड़ी डालें.
- लास्ट में ऊपर से थोड़ा सा चाट मसाला छिड़ककर सर्व करें.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: सिर्फ 5 मिनट में बनाएं मसालेदार पनीर चीज़ टोस्ट, एक बार खाएंगे तो बार-बार बनाएंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं