दिल्ली में इन दिनों दुनिया भर की निगाहें टिकी हैं. मौका है 18वें ब्रिक्स समिट (BRICS Summit 2026) का, जहां अलग-अलग देशों के बड़े नेता और मेहमान जुट रहे हैं. इस सम्मेलन में दुनिया भर के मुद्दों पर गंभीर बातचीत हो रही है, लेकिन कमान सिर्फ मीटिंग रूम तक ही सीमित नहीं है. असली जादू तो होटल के डाइनिंग टेबल और किचन में चल रहा है, जहां खाने के जरिए दिलों को जोड़ने की पूरी तैयारी कर ली गई है. मेनू में नल्ली निहारी से लेकर बादाम पेपर फ्राई और बहुत कुछ खास है.
राजधानी के मशहूर ताज होटल (Taj Mahal, New Delhi) में इन दिनों गजब की हलचल है. यहां मेहमानों के स्वागत के लिए एक बेहद खास और दिल को छू लेने वाला इंडिया फ्रेंडशिप मेनू तैयार किया गया है. इसे डिजाइन करने वाले हैं होटल के एग्जीक्यूटिव शेफ कौशिक मिश्रा. शेफ और उनकी पूरी टीम ने पिछले 3 से 6 महीनों तक कड़ी मेहनत करके इस मेनू को फाइनल किया है. उनका मकसद सिर्फ खाना परोसना नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति और मेहमानों के दिलों तक अपनापन पहुंचाना है.
शेफ कौशिक मिश्रा ने बताया कि इस मेनू को तैयार करने से पहले मेहमानों की पसंद और नापसंद का पूरा ध्यान रखा गया है. उन्होंने कहा, यह परंपरा पिछले 48 सालों से चली आ रही है. हमने मेहमानों के लिए कई खास चीजें सोची हैं. इसमें भारत के अपने मसाले, हर्ब और फूलों का इस्तेमाल किया गया है. इसके साथ ही, हमने इंडिया फ्रेंडशिप मेनू बनाया है जो खासतौर पर इन-रूम डाइनिंग के लिए है.
ये वीडियो भी देखें
मेनू में क्या है खास-
इस खास मेनू में दिल्ली के मशहूर खान-पान के साथ-साथ पूरे देश के बेहतरीन स्वाद को शामिल किया गया है. नल्ली निहारी (Nalli Nihari), बादाम के साथ पेपर फ्राई और कई दूसरे पारंपरिक लजीज व्यंजन शामिल हैं. खास बात यह है कि खाने में भारत के अलग-अलग राज्यों की खुशबू और स्वाद साफ झलकेगा. मेहमानों को सिर्फ खाना ही नहीं परोसा जा रहा, बल्कि उन्हें भारत की संस्कृति से रूबरू कराने के लिए कई और अनोखे इंतजाम भी किए गए हैं.
शेफ और उनकी टीम ने डेलिगेट्स के देशों के हिसाब से कमल और ऑर्किड जैसे फूलों से प्रेरणा लेकर चॉकलेट, प्रालीन, मिठाइयां और नमकीन तैयार किए हैं. इसके अलावा, भारत का एक खास फूड मैप भी बनाया गया है, जो देश के अलग-अलग राज्यों और राजधानियों के स्थानीय स्नैक्स के बारे में बताता है.
इससे विदेशी मेहमान आसानी से समझ पाएंगे कि भारत के किस कोने में क्या खास खाया जाता है. इस पूरे तजुर्बे को और खास बनाने के लिए एक कॉन्सेप्ट नोट भी तैयार किया गया है, जिसमें खाने की हर डिश और उसमें इस्तेमाल होने वाली चीजों के महत्व के बारे में विस्तार से लिखा गया है. लेकिन इन सबके बीच सबसे खूबसूरत चीज है वह रेसिपी बुक, जो मेहमानों को तोहफे में दी जाएगी.
शेफ कौशिक मिश्रा ने बताया कि इस रेसिपी बुक में शेफ की अपनी माताओं की खास रेसिपीज शामिल हैं, जिन्हें मेहमान समिट खत्म होने के बाद अपने साथ अपने देश ले जा सकेंगे. यह एक ऐसा तोहफा है जो कूटनीति के माहौल में एक बेहद निजी और घरेलू अहसास जोड़ देता है.
ताज होटल की यह किचन इन दिनों सिर्फ चूल्हे और बर्तनों की जगह नहीं, बल्कि भारत की मेहमाननवाज संस्कृति का असली चेहरा बन चुकी है. क्षेत्रीय व्यंजनों के साथ-साथ विदेशी मेहमानों के घरों जैसे स्वाद का यह मेल साबित करता है कि खाना सिर्फ भूख मिटाने का जरिया नहीं, बल्कि दुनिया भर के लोगों को करीब लाने का सबसे बेहतरीन और आसान तरीका है.
ये भी पढ़ें- BRICS Summit 2026: पुतिन के स्वागत में तैयार की गई खास थाली, व्यंजनों में दिखेगी भारत-रूस की झलक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं