विज्ञापन

BRICS Summit 2026: दिल्ली में लगेगा भारत के जायकों का तड़का, विदेशी मेहमानों के लिए खास मेन्यू तैयार

दिल्ली में 12-13 सितंबर को 18वां ब्रिक्स सम्मेलन, विदेशी मेहमानों के लिए थाली में सजेगा पूरे भारत का स्वाद, देखें खास मेन्यू.

BRICS Summit 2026: दिल्ली में लगेगा भारत के जायकों का तड़का, विदेशी मेहमानों के लिए खास मेन्यू तैयार
विदेशी मेहमान चखेंगे भारतीय स्वाद
NDTV

राजधानी दिल्ली इन दिनों एक बहुत बड़े कूटनीतिक आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है. 12 और 13 सितंबर को होने जा रहे 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए देश-दुनिया की निगाहें नई दिल्ली पर टिकी हैं. जब दुनिया भर के बड़े नेता किसी देश में जमा होते हैं, तो वहां की राजनीति के साथ-साथ वहां का खाना भी काफी चर्चा में रहता है. भारत में होने वाले इस बड़े ब्रिक्स सम्मेलन में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिलने वाला है. इस बार विदेशी मेहमानों की डाइनिंग टेबल पर सिर्फ एक-दो नहीं, बल्कि देश के कोने-कोने के स्वाद एक साथ परोसे जाने की पूरी तैयारी हो चुकी है.

राजधानी दिल्ली के बड़े फाइव स्टार होटलों से लेकर भारत मंडपम तक, हर जगह मेन्यू कुछ इस तरह तैयार किया गया है कि मेहमानों को एक ही थाली में भारत की असली सांस्कृतिक और पारंपरिक विविधता का स्वाद मिल सके. दिल्ली के ताज महल होटल, द लीला पैलेस, ITC मौर्या और द ललित जैसे नामी होटलों में विदेश से आने वाले VVIP मेहमानों के लिए खास इंतजाम किए गए हैं. उनके खान-पान का विशेष ध्यान रखा गया है. शाकाहारी और मांसाहारी खाने के लिए अलग-अलग किचन और शेफ की व्यवस्था की गई है, ताकि हर मेहमान को उसकी पसंद के मुताबिक साफ, सुरक्षित और स्वादिष्ट खाना परोसा जा सके.

एक ही टेबल पर दिखेगा पूरा भारत

इस बार की मेहमाननवाजी में हमारे पारंपरिक मोटे अनाज यानी मिलेट्स को खास जगह दी गई है. नाश्ते की मेज पर आपको रागी का डोसा, बाजरे का उपमा और मिलेट पोंगल जैसी सेहतमंद चीजें मिलेंगी. इसके साथ ही तरोताजा रहने के लिए नारियल पानी, छाछ और मौसम के हिसाब से ताजे फल भी रखे जाएंगे.

दोपहर और रात के खाने की बात करें तो मेन्यू में देसी जायकों का एक शानदार मेल देखने को मिलेगा. इसमें गुजराती और राजस्थानी थालियों के साथ-साथ कश्मीरी पुलाव, हैदराबादी बिरयानी, लखनवी कबाब और दक्षिण भारतीय स्ट्यू शामिल हैं यानी मेहमान जिस भी चीज पर हाथ रखेंगे, उन्हें भारत के किसी न किसी राज्य की पारंपरिक रसोई की खुशबू जरूर आएगी.

मेहमानों की पसंद और सेहत का पूरा ख्याल

हर देश के लोगों का खानपान अलग होता है, इसलिए विदेशी मेहमानों की पसंद को ध्यान में रखते हुए भारतीय मसालों और ग्लोबल टेस्ट का एक बेहतरीन फ्यूजन तैयार किया जा रहा है. जिन मेहमानों को बहुत ज्यादा मसालेदार खाना पसंद नहीं है, उनके लिए लाइव कुकिंग काउंटर पर बिना तेल और मसालों के महाद्वीपिय नाश्ता (कॉन्टिनेंटल ब्रेकफास्ट) भी मौके पर ही तैयार किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें: मैंने उबला हुआ दूध फ्रिज में रखा लेकिन फट गया, यहां हो गई गलती

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
BRICS Summit Food, Millet Dishes, FSSAI Food Safety, Hyderabadi Biryani, Indian Cuisine
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com