विज्ञापन

BRICS पर मलेशिया के PM के इंस्टाग्राम पोस्ट वायरल, हर फोटो पर बॉलीवुड के गाने, हर गाने में छिपा मैसेज

BRICS Summit 2026 में पीएम मोदी के साथ अपनी तस्वीर के लिए, मलेशियाई पीएम ने शाहरुख खान, माधुरी दीक्षित और करिश्मा कपूर की फिल्म 'दिल तो पागल है' के टाइटल ट्रैक का इस्तेमाल किया. सबसे बड़े मैसेज वाला गाना ईरान के राष्ट्रपति के साथ वाली पोस्ट में लगाया था.

BRICS पर मलेशिया के PM के इंस्टाग्राम पोस्ट वायरल, हर फोटो पर बॉलीवुड के गाने, हर गाने में छिपा मैसेज
मलेशियाई PM ने अपनी तस्वीरों के लिए 'हर दिल जो प्यार करेगा' गाना चुना
  • दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का सफलतापूर्वक आयोजना हुआ और दुनिया की राजनीतिक चर्चा को मंच मिला
  • मलेशिया के PM अनवर इब्राहिम ने ब्रिक्स सम्मेलन की तस्वीरों के साथ खूब बॉलीवुड सॉन्ग लगाए और यह पोस्ट वायरल हैं
  • PM ने विभिन्न नेताओं के साथ अपनी तस्वीरों के लिए शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान जैसे एक्टर्स के गीत लगाए

नई दिल्ली में हुआ 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन खत्म हो चुका है, लेकिन इसकी चर्चा अभी भी जारी है. कमाल की बात यह है कि चर्चा सिर्फ दुनिया की राजनीति, ब्रिक्स के बढ़ते दबदबे और भारत के शानदार आयोजन को लेकर नहीं हो हो रही, बल्कि बॉलीवुड के गाने भी इस सम्मेलन की एक खास बात बन गए हैं. दुनिया के नेता भारत से लौटने के बाद अपनी यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं. इसी बीच मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के पोस्ट लोगों का खास ध्यान खींच रहे हैं. उन्होंने अपनी लगभग हर तस्वीर के लिए अलग-अलग बॉलीवुड गाने चुने हैं. गाने भी ऐसा कि आप झूमने पर मजबूर हो जाएं, पीएम अनवर इब्राहिम के च्वाइस के फैन हो जाएं.

मोदी के स्वागत वाले वीडियो में ‘तुझे देखा तो ये जाना सनम'

पीएम इब्राहिम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया. इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें भारत मंडपम में स्वागत करते नजर आ रहे हैं. ब्रिक्स समिट की बैठकें भी यहीं हुई थीं. इस वीडियो के साथ इब्राहिम ने शाहरुख खान और काजोल की फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' का गाना ‘तुझे देखा तो ये जाना सनम' लगाया.

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी एक और तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने शाहरुख खान, माधुरी दीक्षित और करिश्मा कपूर की फिल्म ‘दिल तो पागल है' के टाइटल ट्रैक का इस्तेमाल किया. ब्रिक्स से खुद अपनी तस्वीरें शेयर करते हुए मलेशियाई प्रधानमंत्री ने सलमान खान, रानी मुखर्जी और प्रीति जिंटा की साल 2000 में आई फिल्म ‘हर दिल जो प्यार करेगा' का टाइटल ट्रैक चुना. भारत से रवाना होने के समय बनाए गए अपने शॉर्ट वीडियो में उन्होंने फिल्म ‘लक्ष्य' का गाना ‘कंधों से मिलते हैं कंधे' लगाया. गाने में साथ आने और एक-दूसरे का साथ देने का मैसेज है और इसलिए BRICS की तस्वीरों के लिए ये गाने काफी फिट बैठते हैं.

न फोटो खत्म हुए और न शानदार गाने के साथ स्पेशल मैसेंजिंग

भारत दौरे के दौरान अनवर इब्राहिम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से भी मुलाकात की थी. विपक्षी नेताओं के साथ खाना खाते हुए अपनी तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने फिल्म ‘वीर-जारा' का गाना ‘ऐसा देश है मेरा' लगाया. यह गाना भारत की अलग-अलग संस्कृतियों और उसकी डाइवर्सिटी को दिखाता है.


वैसे पीएम अनवर इब्राहिम का सबसे दिलचस्प गाना शायद उनकी ईरानी प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात वाली पोस्ट के लिए था. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने साल 1957 की फिल्म ‘नया दौर' का गाना ‘साथी हाथ बढ़ाना' लगाया. यह गाना एक-दूसरे का हाथ पकड़कर साथ आगे बढ़ने की बात करता है. इसलिए इस मुलाकात के लिए भी यह गाना साथ और एकजुटता का संदेश देने के लिए बिल्कुल सही था.


रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ पीएम इब्राहिम की एक तस्वीर ने भी लोगों का ध्यान खींचा. इस तस्वीर के साथ उन्होंने आमिर खान की साल 2001 की फिल्म ‘लगान' का गाना ‘चले चलो' लगाया.


इंडोनेशिया के विदेश मंत्री ने भी इस्तेमाल किया बॉलीवुड संगीत

सिर्फ मलेशियाई प्रधानमंत्री ही नहीं, इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगियोनो ने भी संगीत के जरिए अपनी कूटनीतिक बात रखने की कोशिश की. उन्होंने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो की भारत यात्रा के दौरान फिल्म ‘दिल धड़कने दो' के बॉलीवुड संगीत का इस्तेमाल किया.

भारत ने सफल BRICS समिट का किया आयोजन

भारत ने कहा कि दिल्ली में हुआ ब्रिक्स शिखर सम्मेलन एक बहुत ज्यादा ध्रुवीकृत (बंटी) दुनिया के बीच आयोजित हुआ, फिर भी यह सफल रहा. भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन ऐसे समय में हुआ जब दुनिया में दो बड़े संघर्ष, गहरे मतभेद और अलग-अलग देशों के बहुत मजबूत विचार और हित मौजूद थे. उन्होंने कहा कि इसके बावजूद ब्रिक्स देश एक साझा सहमति बनाने में सफल रहे.

जयशंकर ने कहा कि अगर सम्मेलन के सबसे मुश्किल मुद्दे की बात करें तो वह पश्चिम एशिया का संघर्ष था. इसके बावजूद सभी देश एक ऐसे बयान पर सहमत हुए, जिसे सभी ने स्वीकार किया. विदेश मंत्री जयशंकर ने बताया कि ब्रिक्स समिट में कुल 32 प्रतिनिधिमंडल पहुंचे थे. इनमें 11 ब्रिक्स सदस्य देशों से, 10 ब्रिक्स के पार्टनर देशों से, 4 क्षेत्रीय संगठनों से और 7 अंतरराष्ट्रीय संगठनों से प्रतिनिधिमंडल शामिल थे.

यह भी पढ़ें: ब्रिक्स सम्मेलन में भारत की सबसे बड़ी जीत क्या रही, नई दिल्ली घोषणापत्र में खास क्या है

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
BRICS, BRICS Delhi, BRICS Summit 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com