Bhalle Without oil : दही भल्ले का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. मुलायम भल्लों पर ठंडा-ठंडा दही, ऊपर से मसालों और चटनी का तड़का... ये एक ऐसी डिश है, जिसे बच्चों से लेकर बड़ों तक काफी पसंद करते हैं. लेकिन दही भल्ले गहरे तेल में तले जाते हैं, जिसके कारण इनमें कैलोरी और फैट की मात्रा काफी बढ़ जाती है. अगर आप स्वाद के साथ सेहत का भी ख्याल रखना चाहते हैं, तो बिना तले दही भल्ला एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है.
इन भल्लों की खास बात ये है कि इनमें तेल लगभग न के बराबर इस्तेमाल होता है. इससे ये हल्के, पचाने में आसान और हेल्दी बन जाते हैं. वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोगों या तला-भुना खाने से बचने वालों के लिए यए रेसिपी किसी वरदान से कम नहीं है.
यूट्यूब चैनल @Masala Kitchen ने बहुत ही आसान तरीके से इस रेसिपी को अपने चैनल पर शेयर किया है. देखें वीडियो-
बिना तले दही भल्ले कैसे बनाएं?
आवश्यक सामग्री
- 1 कप धुली उड़द दाल
- 1 छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट
- 2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
- नमक स्वादानुसार
- चुटकीभर हींग
- 2 कप फेंटा हुआ ताजा दही
- भुना जीरा पाउडर
- लाल मिर्च पाउडर
- काला नमक
- हरी चटनी
- इमली की मीठी चटनी
- अनार के दाने और हरा धनिया
ऐसे तैयार करें हेल्दी दही भल्ले
सबसे पहले उड़द दाल को 5 से 6 घंटे या रातभर पानी में भिगो दें. इसके बाद पानी निकालकर दाल को मिक्सर में पीस लें. ध्यान रखें कि घोल ज्यादा पतला न हो. अब इसमें अदरक, हरी मिर्च, हींग और नमक मिलाकर अच्छी तरह फेंटें. जितना ज्यादा घोल फेंटेंगे, भल्ले उतने ही नरम बनेंगे.
अब अप्पे पैन या इडली मेकर को हल्का सा ग्रीस करें और उसमें तैयार मिश्रण डाल दें. मध्यम आंच पर 10-12 मिनट तक पकाएं. जब भल्ले हल्के सुनहरे हो जाएं तो उन्हें निकाल लें.
इसके बाद भल्लों को 15 मिनट के लिए गुनगुने पानी में भिगो दें. फिर हल्के हाथों से दबाकर अतिरिक्त पानी निकाल लें. यह स्टेप भल्लों को बेहद मुलायम बनाता है.
अब एक सर्विंग प्लेट में भल्ले रखें, ऊपर से ठंडा और फेंटा हुआ दही डालें. फिर भुना जीरा, काला नमक, लाल मिर्च पाउडर, हरी चटनी और इमली की चटनी डालकर सजाएं. आखिर में अनार के दाने और हरा धनिया डालकर सर्व करें.
कुछ जरूरी टिप्स
- दाल के घोल को अच्छी तरह फेंटना न भूलें.
- भल्लों को ज्यादा देर तक न पकाएं, वरना वे काफी सख्त हो सकते हैं.
- हमेशा ताजा और फ्रेश दही इस्तेमाल करें.
- स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से थोड़ी चाट मसाला भी डाल सकते हैं.
ये भी पढ़ें - लौकी सुनते ही चढ़ जाती है नाक! एक बार ट्राई करें ये कुरकुरा लौकी डोसा, बच्चे मांग-मांग कर खाएंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं