लड्डू का नाम लेते ही मुंह में पानी आ जाता है. क्योंकि भारतीय घरों में लड्डू से एक अलग लगाव है. भारत में आपको हर मौसम के हिसाब से लड्डू खाने को मिल जाएंगे. लेकिन ये सिर्फ स्वाद को बढ़ाने ही नहीं सेहत में भी कमाल हैं. आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में खुद को फिट और एनर्जेटिक रखना किसी चुनौती से कम नहीं है. काम के चक्कर में हम अक्सर अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे शरीर में आयरन, कैल्शियम और प्रोटीन की कमी होने लगती है.
अगर आप भी दिनभर थका-थका महसूस करते हैं या बच्चों के लिए कुछ हेल्दी ढूंढ रहे हैं, तो शेफ भूपी (Chef Bhupi's Kitchen) की यह खास 'भुने चने के लड्डू' की रेसिपी ट्राई कर सकते हैं.
चने के लड्डू क्यों हैं खास-
चने के ये लड्डू खाने में जितने लाजवाब होते हैं, सेहत के लिए उतने ही सेहतमंद. भुना हुआ चना प्रोटीन का बड़ा सोर्स है. इसमें मौजूद पोटैशियम और मैग्नीशियम दिल को दुरुस्त रखते हैं और इसका कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स डायबिटीज के मरीजों के लिए भी बेहद फायदेमंद है.
कैसे बनाएं भुने चने के लड्डू-
सामग्री-
- भुने चने- 250 ग्राम
- देसी घी- आधा कप
- काजू- 8 से 9
- बादाम- 8 से 9
- मेलन सीड्स- 2 बड़े चम्मच
- नारियल का बुरादा- 1/4 कप
- हरी इलायची- 4 से 5
- तगार या भूरा (चीनी का पाउडर) आधा कप
विधि-
- सबसे पहले 250 ग्राम भुने हुए चनों को हाथों से रगड़कर उनका छिलका साफ कर लें.
- अब इन्हें मिक्सी के जार में डालें और पल्स मोड पर थोड़ा दरदरा पीस लें.
- ध्यान रहे कि इसका बारीक पाउडर नहीं बनाना है, हल्का दानेदार रखना है.
- एक भारी तले वाली कढ़ाई में 3 से 4 चम्मच देसी घी गर्म करें.
- अब इसमें पिसा हुआ चना डालें और बिल्कुल धीमी आंच पर सेकें.
- चना पहले से भुना हुआ है, इसलिए इसे बहुत ज्यादा पकाने की जरूरत नहीं है.
- 5 मिनट भूनने के बाद इसमें एक चम्मच घी और डालें फिर इसमें कटे हुए काजू, बादाम और तरबूज के बीज मिला दें.
- चने की गर्मी से ये ड्राय फ्रूट्स भी अच्छे से क्रंची हो जाएंगे.
- करीब 10 मिनट भूनने के बाद इसमें नारियल का बुरादा डाल दें और 2-3 मिनट और चलाएं.
- आखिर में गैस बंद कर दें और मिक्सचर को किसी दूसरे बर्तन में निकाल लें.
- अब इसमें ताजी कुटी इलायची डालें जब मिक्सचर हल्का गुनगुना रह जाए, तब इसमें चीनी भूरा मिलाएं.
- अब हाथों में थोड़ा सा मिक्सचर लेकर गोल-गोल लड्डू बांध लें.
- आपके सेहतमंद और स्वादिष्ट लड्डू तैयार हैं.
कुकिंग टिप्स-
- हमेशा छिलके वाले भुने चने ही खरीदें, क्योंकि बिना छिलके वाले चने जल्दी खराब होते हैं और मशीन से साफ होने के कारण उनके जरूरी पोषक तत्व कम हो जाते हैं.
- चने को कभी भी बहुत बारीक न पीसें, अगर पाउडर बहुत महीन होगा, तो लड्डू खाते समय मुंह के तालू में चिपकेगा.
- लड्डू में नॉर्मल पिसी चीनी की जगह तगार या भूरा का ही इस्तेमाल करें. इससे लड्डू हलवाई जैसे दानेदार बनते हैं.
- अगर घर में कोई शुगर का मरीज है तो आप चीनी की जगह 'स्टीविया पाउडर' या गुड़ का इस्तेमाल कर सकते हैं.
- अगर चीनी मिलाने के बाद मिक्सचर सूखा लगे और लड्डू न बंध रहे हों, तो ऊपर से 1-2 चम्मच हल्का गर्म देसी घी मिला लें.
ये भी पढ़ें- किचन से खुशबू आएगी ऐसी कि पड़ोसी भी खिंचे चले आएंगे, नोट करें शेफ हरपाल की सीक्रेट पालक पनीर पूड़ी रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं