लंबे बाल आपकी खूबसूरती में चार-चांद लगाते हैं, इस बात में कोई दो-राय नहीं है. इसलिए कई महिलाएं अपने बालों को लंबा और घना बनाए रखने के लिए तरह-तरह के केमिकल्स ट्रीटमेंट और घरेलू नुस्खों का प्रयोग करती हैं. दरअसल, आज के समय में खराब लाइफस्टाइल और दूषित वातावरण की वजह से बाल झड़ना और बालों की धीमी ग्रोथ होने लगी है. ऐसे में महंगे-महंगे प्रोडक्ट्स और घरेलू नुस्खे आपके बालों की ग्रोथ पर असर नहीं डालेंगे, बल्कि बालों की असली मजबूती अंदर से आती है. अगर शरीर को सही पोषक तत्व नहीं मिलेंगे, तो कोई भी शैंपू, सीरम या तेल लंबे समय तक असर नहीं दिखा पाएगा.
गुरुग्राम स्थित सीके बिड़ला हॉस्पिटल की डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. रूबेन भसीन पासी कहती हैं कि बालों की ग्रोथ मुख्य रूप से केराटिन नामक प्रोटीन से बने होते हैं. इसलिए ऐसी डाइट लेना जरूरी है, जो बालों की जड़ों को पोषण दे और नए बालों की ग्रोथ को सपोर्ट करे.
यहां हम आपको ऐसे ही डाइट के बारे में बताएंगे, जिससे आपके बालों की ग्रोथ बेहतर हो सकती है. आइए जानते हैं-
बालों के लिए सुपरफूड है अंडे
डॉक्टर बताती हैं कि अगर आप चाहते हैं कि आपके बालों की ग्रोथ अच्छी हो, तो इसके लिए अपने डाइट में अंडों को शामिल करें. अंडों में प्रोटीन और बायोटिन की काफी अच्छी मात्रा होती है. बायोटिन बालों को मजबूत बनाए रखने में असरदार होता है, इससे बालों की ग्रोथ को बढ़ाने में मदद मिल सकती है. अगर आप नियमित रूप से अंडों का सेवन करते हैं, तो इससे बालों का टूटना काफी हद तक कम किया जा सकता है.
बालों के लिए बेस्ट है आंवला और विटामिन सी युक्त चीजें
डॉ. पासी का कहना है कि बालों की ग्रोथ और मजबूती के लिए आंवला और विटामिन सी युक्त आहार बेस्ट साबित हो सकते हैं. मुख्य रूप से आंवला, कीवी, संतरा और अमरूद विटामिन सी का अच्छा सोर्स होते हैं, जो कोलेजन के प्रोडक्शन को बढ़ावा देते हैं. इससे आपके बालों की मजबूती बढ़ती है. साथ ही यह आयरन के अवशोषण को बढ़ावा देता है, जिससे झड़ते बालों की परेशानी कम हो सकती है.
बालों के लिए बेस्ट है हरी पत्तेदार सब्जियां
डॉ. भसीन कहती हैं कि अगर आप चाहते हैं कि आपके बालों की ग्रोथ अच्छी हो, तो इसके लिए आप हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन कर सकते हैं. इसमें आप पालक, मेथी, सरसों का साग जैसी चीजों को शामिल कर सकते हैं. ये सब्जियां विटामिन ए, आयरन, फोलेट जैसे पोषक तत्वों का भंडार होते हैं, जिससे बालों की ग्रोथ बेहतर हो सकती है.
सिर्फ खाना ही नहीं, पानी भी जरूरी
डॉक्टर बताती हैं कि सिर्फ खाना खाने से ही बालों की ग्रोथ अच्छी नहीं होती है, इसके लिए शरीर में पानी की कमी को भी पूरा करना जरूरी है. अगर शरीर में पानी की कमी को पूरा नहीं किया गया, तो इससे आपके बाल रूखे और बेजान हो सकते हैं. इसलिए दिनभर पर्याप्त पानी पीना भी जरूरी होता है.
ये भी पढ़ें - बालों की ग्रोथ के लिए मार्केट के महंगे हेयर स्प्रे जाएंगे भूल, अगर एक बार घर पर बने इस Hair Spray को कर लिया ट्राई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं