रोज थोड़े बहुत बाल झड़ना आम बात है. लेकिन अगर सुबह सोकर उठने के बाद तकिए पर बाल नजर आएं, कंघी करते समय बाल बहुत ज्यादा टूटने लगें या हेयर वॉश के बाद बाल ज्यादा गिरते दिखें, तो अक्सर लोगों को टेंशन होने लगती है. ऐसे में दिमाग में सबसे पहला सवाल यही आता है कि क्या इतने बाल झड़ना नॉर्मल है? या कहीं हमें पैटर्न हेयर लॉस तो नहीं हो रहा है? अगर आप भी इस तरह की बातें सोच रहे हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. बोर्ड सर्टिफाइड सेलिब्रिटी डर्मेटोलॉजिस्ट एस. कृष्ण बब्बर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने एक आसान टेस्ट बताया है. डर्मेटोलॉजिस्ट कहते हैं, इस टेस्ट की मदद से आप 30 सेकंड के अंदर पता कर सकते हैं कि आपके बालों का झड़ना नॉर्मल है या नहीं. आइए जानते हैं कैसे-
हेयर वॉश के बाद करें 30 सेकंड का टेस्ट
डर्मेटोलॉजिस्ट कहते हैं, अगली बार जब आप बाल धोएं, तो जो बाल अपने आप गिरें, उन्हें इकट्ठा कर लें. इन बालों को किसी सफेद टिश्यू, सफेद कागज या सफेद जगह पर रखें. अब सभी बालों को ध्यान से देखें.
अगर सभी बाल एक जैसे मोटे दिखाई दें, तो ये नॉर्मल हेयर फॉल हो सकता है. लेकिन अगर 5 बालों में से करीब 1 बाल बाकी बालों से साफ तौर पर ज्यादा पतला दिखाई दे, यानी करीब 20 प्रतिशत बाल पतले नजर आएं, तो यह पैटर्न हेयर लॉस का शुरुआती संकेत हो सकता है. हेल्दी स्कैल्प पर ज्यादातर बालों की मोटाई एक जैसी होती है.
बाल पतले क्यों होने लगते हैं?डर्मेटोलॉजिस्ट कहते हैं, जब नए बाल पहले से पतले निकलते हैं, तो इसका मतलब है कि फॉलिकल धीरे-धीरे छोटे हो रहे हैं. शुरुआत में यह बदलाव बहुत कम होता है, इसलिए आसानी से पता नहीं चलता. लेकिन समय के साथ बालों की मोटाई और वॉल्यूम कम होने लगती है, जिससे स्कैल्प ज्यादा दिखाई देने लगती है.
इन साइन पर भी दें ध्यान- अगर बाल पतले होने के साथ आपकी हेयरलाइन धीरे-धीरे पीछे जा रही है
- बालों की पार्टिशन पहले से ज्यादा चौड़ी दिखाई दे रही है
- सिर के ऊपर या क्राउन पर बाल कम हो रहे हैं
- बालों का वॉल्यूम कम हो रहा है या
- सिर की त्वचा ज्यादा दिखाई दे रही है, तो इसे बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें.
डर्मेटोलॉजिस्ट बताते हैं, 30 सेकंड वाला ये तरीका कोई मेडिकल टेस्ट या पक्की बीमारी की पहचान नहीं है. लेकिन अगर इस तरह के साइन नजर आएं, तो एक बार एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें. समय पर सही कदम उठाने से समस्या को ज्यादा बढ़ने से रोका जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं