हर गली-नुक्कड़ पर मिलने वाला बेल का शर्बत गर्मियों में राहत देने वाला एक बेहतरीन देसी ड्रिंक है. यह शरीर को ठंडा रखता है और हाइड्रेशन बनाए रखने में भी मदद करता है. अगर आप इस स्वादिष्ट ड्रिंक को घर पर बनाना चाहते हैं, तो मशहूर शेफ संजीव कपूर की रेसिपी आपके लिए एकदम सही है. यह न सिर्फ स्वाद में लाजवाब है, बल्कि इसे बनाना भी बेहद आसान है. आइए जानते हैं, इसे घर पर कैसे तैयार किया जा सकता है.
घर पर बेल का जूस कैसे बनाएं
सामग्री
- पका हुआ बेल (1)
- चीनी (स्वादानुसार)
- भुना जीरा पाउडर (½ छोटा चम्मच)
- काला नमक (स्वादानुसार)
- ठंडा पानी (2 से 3 कप)
- बर्फ के टुकड़े
बेल का शरबत बनाने की पूरी विधि
बेल का गूदा निकालें
सबसे पहले बेल को किसी भारी चीज की मदद से तोड़ लें, इसके बाद चम्मच से उसका सारा गूदा निकालकर एक बड़े बर्तन में रख लें.
पानी मिलाकर मैश करें
बेल के गूदे में लगभग 2 कप ठंडा पानी डालें. अब हाथों या चम्मच की मदद से इसे अच्छी तरह मसलें, ताकि गूदा पानी में घुल जाए और रेशे अलग होने लगें.
मिश्रण को छान लें
अब इस मिश्रण को छन्नी से छान लें, इससे बीज और मोटे रेशे अलग हो जाएंगे और आपको मुलायम बेल का रस मिल जाएगा.
स्वाद बढ़ाने वाली चीजें मिलाएं
छने हुए रस में चीनी, भुना जीरा पाउडर और काला नमक डालें. इसे अच्छी तरह चलाएं, ताकि सारी सामग्री आपस में मिल जाए और चीनी पूरी तरह घुल जाए.
ठंडा-ठंडा सर्व करें
अब गिलास में बर्फ के टुकड़े डालें और ऊपर से तैयार बेल का शरबत भर दें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा भुना जीरा भी छिड़क सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: 73 की उम्र में भी घने हैं बाल, प्रियंका चोपड़ा की मां ने बताया अपना हेयर केयर सीक्रेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं