बदलता लाइफस्टाइल, बढ़ता स्ट्रेस, गलत खान-पान की आदतों का असर सबसे पहले बालों पर दिखाई देता है. अगर आप बाल झड़ने, रूखेपन की समस्या और चमक कम होने की वजह से परेशान हैं, तो यह स्टोरी आपके लिए ही है. अब महंगे हेयर प्रोडक्ट्स और ट्रीटमेंट्स नहीं, बल्कि रसोई में मौजूद कुछ साधारण चीजें बालों को फिर से हेल्दी बना सकती हैं.
फिल्म निर्माता, कॉस्मेटोलॉजिस्ट और एस्थेटिक एक्सपर्ट डॉ. मधु अखौरी चोपड़ा ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर हेयर केयर रूटीन शेयर किया है, जिसमें उन्होंने एक स्पेशल हेयर मास्क के बारे में बताया है कि कैसे 73 साल की उम्र में भी उनके बाल घने और स्वस्थ नजर आते हैं.
क्या है इस हेयर मास्क में?
डॉ. मधु चोपड़ा ने बताया, इस हेयर मास्क को घर पर बनाने के लिए आपको बस नारियल तेल, मेथी दाना, रोजमेरी, पके हुए चावल का पानी और चिया सीड्स की जरूरत होगी.
कैसे बनेगा ये हेयर मास्क?
इन सभी चीजों को मिलाकर एक मिश्रण तैयार करना होगा. अब आप सोच रहे होंगे इसे बालों में कैसे लगाना है. दरअसल भीगे हुए चिया सीड्स इस मास्क को जेल जैसी बनावट देते हैं, जिससे इसे बालों पर लगाना आसान हो जाता है.
कैसे करें इस्तेमाल?
डॉ. मधु चोपड़ा बताती हैं कि वह इस मिश्रण को बालों और स्कैल्प पर अच्छी तरह लगाती हैं. इसके बाद इसे लगभग एक घंटे तक बालों में लगा रहने देती हैं. फिर सामान्य तरीके से बाल धो लेती हैं. उन्होंने आगे ये भी बताया कि यह उनके महीने के पहले हफ्ते के हेयर केयर रूटीन का हिस्सा है. वह हर हफ्ते बालों की जरूरत के अनुसार अलग-अलग देखभाल करती हैं.
नियमित देखभाल है जरूरी
डॉ. मधु चोपड़ा का मानना है कि सिर्फ महंगे प्रोडक्ट्स ही नहीं, बल्कि नियमित देखभाल भी स्वस्थ बालों के लिए जरूरी है. उनका कहना है कि हफ्ते में एक बार बालों को समय देना, सही तरीके से सफाई करना और पौष्टिक चीजों का इस्तेमाल करना बालों की सेहत में बड़ा फर्क ला सकता है.
इसे भी पढ़ें: डायबिटीज मरीजों के लिए राहत! देशभर में खुलेंगे Wound Care Center, अब एक ही जगह मिलेगा पूरा इलाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं