Viral News: दिवाली बंपर लॉटरी से मोहाली के एक ड्राइवर की रातों-रात किस्मत बदल गई. ड्राइवर ने लॉटरी में 12 करोड़ रुपये जीता है. बठिंडा की रतन लॉटरी एजेंसी के मुताबिक, उनकी जीरकपुर शाखा से बिके टिकट पर 12 करोड़ रुपये का पहला इनाम निकला है. इतना ही नहीं, एजेंसी के जरिए बिके टिकटों पर 1 करोड़ और 10 लाख रुपये के अन्य बड़े इनाम भी निकले हैं, जिससे कुल इनामी राशि 13.10 करोड़ रुपये पहुंच गई है. बठिंडा की रतन लॉटरी एजेंसी के माध्यम से बिके टिकटों पर तीन बड़े इनाम निकलने से एजेंसी में खुशी का माहौल है.
एजेंसी संचालक ने बताया इनामों की हैट्रिक
एजेंसी संचालक के अनुसार, 12 करोड़ रुपये का पहला इनाम उनकी जीरकपुर शाखा से बिके टिकट पर निकला है. यह टिकट जिला मोहाली के रहने वाले एक व्यक्ति ने खरीदा था, जो पेशे से ड्राइवर है. वहीं, 1 करोड़ रुपये का दूसरा इनाम संगरूर में उनके एजेंट के माध्यम से बिके टिकट पर और 10 लाख रुपये का तीसरा इनाम लहरागागा से बिके टिकट पर निकला है.
एजेंसी संचालक ने इसे दिवाली बंपर में अपनी एजेंसी की इनामों की हैट्रिक बताया है. इस सफलता के बाद बठिंडा स्थित रतन लॉटरी के मुख्य कार्यालय के बाहर जश्न मनाया गया. कार्यालय को गुब्बारों से सजाया गया. ढोल की थाप पर लोगों ने खुशी मनाई और एक-दूसरे को लड्डू बांटकर बधाई दी.

Diwali Bumper lottery Mohali Driver Wins 12 Crore Ratan Lottery Agency
Photo Credit: NDTV
एजेंसी संचालक ने बताया कि 12 करोड़ रुपये के विजेता के जीरकपुर कार्यालय पहुंचने पर उनका क्लेम फॉर्म भरवाया जाएगा और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे पंजाब स्टेट लॉटरी कार्यालय में जमा करवाया जाएगा. फिलहाल विजेता का नाम और टिकट नंबर सार्वजनिक नहीं किया गया है.
करीब 25 लाख टिकटों की हुई बिक्री
संचालक के मुताबिक, दिवाली बंपर में उनकी एजेंसी के माध्यम से करीब 25 लाख टिकटों की बिक्री हुई. हालांकि, बठिंडा शहर के काउंटरों से बिके टिकटों पर इस बार अधिकतम 9 हजार रुपये तक के छोटे इनाम ही निकले हैं.
उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले 7 नवंबर को निकले पंजाब सरकार के मासिक ड्रॉ में 1.5 करोड़ रुपये का पहला इनाम भी उनकी एजेंसी से बिके टिकट पर लगा था. उनके अनुसार, यह इनाम बरेटा मंडी निवासी कारपेंटर युद्धवीर ने जीता था. फिलहाल दिवाली बंपर के 12 करोड़ रुपये के विजेता की पहचान और इनाम के आधिकारिक क्लेम की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है.
(बठिंडा से मनीष चौहान की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें | ऑफिस बॉय की नौकरी कर रहे भारतीय की UAE में चमकी किस्मत, बिग टिकट ड्रॉ में जीता 200 ग्राम गोल्ड बार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं