सर्दियां शुरू हो चुकी हैं. इस सीजन में तरह-तरह की चटपटी चटनी खाना कई लोगों को पसंद होता है. आंवले की चटनी भी लोग इस सीजन में खाना बहुत पसंद करते हैं, लेकिन अक्सर लोग आंवले की सिंपल सी चटनी तैयार करते हैं. वहीं, कुछ लोग आंवले से सिर्फ मुरब्बा, कैंडी जैसी चीजें ही तैयार करते हैं. अगर आप आंवले के एक जैसा स्वाद वाली रेसिपी खाकर बोर हो गए हैं, तो एक बार आंवले की खट्टी-मीठी चटनी ट्राई करें. यूट्यूब चैनल FoodzLife की ये रेसिपी न सिर्फ खाने में आपको जबरदस्त लगेगी, बल्कि आप इसे कई महीनों तक स्टोर करके भी रख सकते हैं. वहीं, इसका पोषण भी बरकरार रहता है. यहां जानते हैं आंवले की खट्टी-मीठी चटनी बनाने की रेसिपी-
वीडियो में आप पूरी रेसिपी देखें...
आंवले की खट्टी-मीठी चटन कैसे बनाए?
बड़े और फ्रेश आंवले की बनाएं चटनी
चटनी बनाने के लिए करीब आधा किलो बड़े आकार के ताजे आंवले लें. बड़े आंवले छोटे आंवलों की तुलना में कम कसैले होते हैं, जिससे चटनी का स्वाद बेहतर होता है. आंवलों को अच्छी तरह धोकर उबलते पानी में 8 से 10 मिनट तक पकाएं. जब उनकी कलियां खुलने लगें तो उन्हें निकालकर ठंडा कर लें और बीज अलग कर दें.
अब बनाएं अदरक और आंवले का पेस्ट, जिससे स्वाद होगा दोगुना
उबले हुए आंवलों का लगभग चौथाई हिस्सा अलग निकालकर अदरक और थोड़ी-सी हल्दी के साथ पीस लें. ध्यान रखें कि पेस्ट बनाते समय पानी का इस्तेमाल न करें. यही पेस्ट चटनी की ग्रेवी को गाढ़ा और स्वादिष्ट बनाएगा.
पंचफोरन का तड़का लगाना है जरूरी
अब एक पैन में 1 से 2 बड़े चम्मच सरसों का तेल गर्म करें. इसमें एक बड़ा चम्मच पंचफोरन मसाला डालें. मसाले चटकने लगें, तो आंवले डालकर हल्का सा भून लें. इसके बाद हल्दी, धनिया पाउडर, कुटी लाल मिर्च, गरम मसाला, नमक और काला नमक डालकर मसालों को अच्छी तरह भूनें.
गुड़ से आएगा खट्टा-मीठा स्वाद
अब तैयार किया गया आंवला-अदरक का पेस्ट पैन में डाल दें और कुछ मिनट तक पकाएं. इसके बाद आंवले की मात्रा के बराबर गुड़ डालें. स्वाद संतुलित करने के लिए थोड़ी चीनी भी मिलाई जा सकती है. धीमी आंच पर तब तक पकाएं, जब तक गुड़ पूरी तरह घुल न जाए और चटनी का रंग गहरा न हो जाए.
लास्ट में डालें सौंफ, जीरा और नींबू का रस
जब चटनी तैयार हो जाए, तो इसमें दरदरी पिसी हुई सौंफ और भुना जीरा पाउडर डालें. एक-दो मिनट उबालने के बाद दो बड़े नींबू का रस मिलाएं. इससे चटनी का स्वाद और भी बढ़ जाएगा. पूरी तरह ठंडी होने के बाद इसे साफ और सूखे कांच के जार में भरकर फ्रिज में रख दें.
इस तरह महीनों तक कर सकते हैं स्टोर
अचार और मुरब्बे की तुलना में यह चटनी कम समय में तैयार हो जाती है. इसे फ्रिज में स्टोर करके लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है. पराठे, पूरी, दाल-चावल या स्नैक्स के साथ इसका खट्टा-मीठा स्वाद खाने का मजा कई गुना बढ़ा देता है.
ये भी पढ़ें - भुने आंवले से ऐसे बनाएं चटनी, स्वाद में बेमिसाल और इम्यूनिटी का पावर पैक, हर निवाले में सेहत का तड़का
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं