अखरोट का नाम सुनते ही दिमाग में सर्दियों की धूप और सेहत का ख्याल आता है, लेकिन क्या आपने कभी अखरोट के हलवे का स्वाद चखा है? विंटर सीजन आते ही कुछ मीठा खाने का मन तो हर किसी का होता है, और अगर वो हलवा बिल्कुल हलवाई स्टाइल में घर पर ही तैयार हो जाए, तो क्या कहना. अक्सर लोग घर पर अखरोट का हलवा बनाते हैं तो वो बात नहीं आ पाती जो शादियों या भंडारों में मिलती है. कभी टेक्सचर रबर जैसा हो जाता है, तो कभी घी ज्यादा अलग तैरने लगता है.
क्या आपके साथ भी ऐसा होता है? अगर हां, तो इस स्टोरी को पूरा पढ़ें. इसमें न तो ज्यादा झंझट है और न ही बहुत ज्यादा सामान की जरूरत. तो चलिए, बिना किसी देरी के जानते हैं रिच अखरोट के हलवे को बनाने का आसान तरीका क्या है?
सामग्री:
- अखरोट का चूरा (डेढ़ कप)
- देसी घी (1/4 कप)
- मिल्क पाउडर (1 कप)
- दूध (आवश्यकतानुसार)
- चीनी (स्वादानुसार)
- काजू का पाउडर (1 से 2 चम्मच)
बनाने की आसान विधि:
- सबसे पहले एक बड़ा बर्तन लें और उसमें एक कप मिल्क पाउडर डालें.
- अब इसमें दूध मिलाते हुए एक चिकना घोल तैयार कर लें.
- हलवाई जैसा टेक्सचर लाने के लिए यह पेस्ट पहले से तैयार करना बहुत जरूरी है.
- अब एक कढ़ाई में करीब 1/4 कप देसी घी डालकर मध्यम आंच पर गरम करें.
- हलवे में घी थोड़ा ज्यादा ही अच्छा लगता है, क्योंकि इससे कड़ाही में हलवा चिपकता नहीं और शाइन बढ़ जाती है.
- डेढ़ कप अखरोट को चिल्ली कटर या मिक्सी के पल्स मोड पर दरदरा पीस लें ताकि इसका नेचुरल ऑयल बाहर न आए और दानेदार चूरा बने.
- अब इसे गरम घी में डालें। इसमें एक सीक्रेट टिप के तौर पर थोड़ा सा काजू का पाउडर भी मिला लें, जिससे स्वाद दोगुना हो जाएगा.
- अगर आपको घी कम लगे, तो इस स्टेज पर 1 चम्मच घी और मिला सकते हैं.
- धीमी आंच पर इसे लगातार चलाते हुए भूनें.
- जब अखरोट अच्छे से भुन जाएं, तब इसमें तैयार किया गया मिल्क पाउडर और दूध वाला घोल मिला दें.
- ध्यान रहे, इस मिश्रण को लगातार चलाते रहना है वरना मिल्क पाउडर नीचे तली में चिपक सकता है.
- जब सारा मिश्रण एकसार हो जाए और घी साइड्स से रिलीज होने लगे, तब अपने स्वाद के अनुसार चीनी मिला लें.
- चीनी घुलने के बाद हलवे को तब तक पकाएं जब तक वह पूरी तरह से कड़ाही छोड़ने न लगे.
- बस, आपका बेहद स्वादिष्ट, दानेदार और रिच अखरोट का हलवा बनकर बिल्कुल तैयार है.
इसे भी पढ़ें: बिना टूटे ज्वार रोटी कैसे बनाएं? फूली फूली ज्वार की रोटी बनाने का सही तरीका क्या है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं