मीठा खाने का मन हो, तो गाजर या सूजी के हलवे से आगे बढ़कर इस बार कुछ नया ट्राई करना बनता है. सर्दियों के मौसम में ताजी-ताजी हरी मटर बाजार में आसानी से मिल जाती है और इसी मटर से बनने वाला यह हलवा स्वाद में एकदम लाजवाब है. इसे बनाना जितना आसान है, खाने में यह उतना ही शाही और स्वादिष्ट लगता है.आप इसे किसी भी छोटी-मोटी पार्टी, खास त्योहार या वीकेंड पर झटपट तैयार कर सकते हैं. इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि एक बार बनाकर आप इसे फ्रिज में पांच से छह दिन तक स्टोर करके आराम से खा सकते हैं, तो चलिए, बिना देर किए जानते हैं खुशबूदार हरे मटर के हलवे को बनाने की आसान रेसिपी क्या है.
सामग्री:
- हरी मटर (1 कप)
- खोया (¾ कप)
- चीनी (150 ग्राम)
- घी (आवश्यकतानुसार)
- काजू और बादाम (बारीक कटे हुए)
- इलायची पाउडर (½ छोटी चम्मच)
बनाने की विधि:
- सबसे पहले ताजे हरे मटर के दानों को मिक्सी के जार में डालें.
- इन्हें बहुत बारीक नहीं पीसना है, बल्कि हल्का दरदरा पीसकर तैयार करना है, ताकि हलवे में मटर का बढ़िया टेक्सचर आए.
- अब गैस पर कढ़ाई रखें और उसमें क्रम्बल किया हुआ मावा डाल दें.
- आंच मीडियम रखकर मावे को लगातार चलाते हुए भूनें, जब तक कि इसका हल्का सा रंग न बदल जाए और सोंधी-सोंधी खुशबू न आने लगे.
- खोया भूनने के बाद इसे एक अलग प्याले में निकाल कर रख लें.
- अब उसी कढ़ाई में घी गर्म करें और पिसी हुई हरी मटर को डालें.
- मटर को मीडियम आंच पर लगातार चलाते हुए तब तक भूनें जब तक इसका कच्चापन खत्म न हो जाए, रंग थोड़ा गहरा हो जाए और कढ़ाई से घी अलग होने लगे.
- जब मटर अच्छे से भून जाए, तब इसमें लगभग आधा कप पानी और 150 ग्राम चीनी मिला दें. अब हलवे को गाढ़ा होने तक पकने दें.
- इसी स्टेज पर इसमें कटे हुए काजू और बादाम भी मिला दें.
- जब हलवा गाढ़ा होने लगे, तब इसमें भुना हुआ मावा डालकर धीमी आंच पर अच्छी तरह मिला लें.
- लास्ट में आधा छोटी चम्मच इलायची पाउडर डालकर मिक्स करें.
- जब मिश्रण हलवे की परफेक्ट कंसिस्टेंसी में आ जाए, तब गैस बंद कर दें.
- ऊपर से बचे हुए काजू और बादाम के टुकड़े डालकर इसकी गार्निशिंग करें, बस हलवा खाने के लिए बिल्कुल तैयार है.
इसे भी पढ़ें: मूली की पूरी कैसे बनाते हैं? कुरकुरी मूली की पूरी बनाने की विधि
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं