अगर आप भी उन लोगों में शामिल हैं जिन्हें सेहतमंद खाना तो पसंद है, लेकिन बाजरे या ज्वार की रोटियां बनाते वक्त आने वाली परेशानियों से डर लगता है, तो यह लेख आपके लिए ही है. अक्सर ऐसा होता है कि सर्दियों के मौसम में या सेहत के लिहाज से जब हम गेंहू छोड़कर ग्लूटन-फ्री विकल्पों की तरफ बढ़ते हैं, तो सबसे बड़ी चुनौती ज्वार की रोटी बनाने में आती है, बेलते वक्त किनारे फटने लगते हैं, तवे पर डालते ही रोटी बिखर जाती है या फिर वह कड़क हो जाती है जिसे खाना मुश्किल होता है।
लेकिन अब आपको परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है, यहां हम आपको एक ऐसी ट्रिक बताने वाले हैं, जिससे आपकी हर एक ज्वार की रोटी एकदम गोल, नरम और फूली हुई बनकर तैयार होगी.
ज्वार की रोटी बनाने का सही तरीका
सामग्री:
ज्वार का आटा (1 कप)
खोलता हुआ गर्म पानी (1 कप)
सूखा ज्वार का आटा (जरूरत के अनुसार)
घी या मक्खन (परोसने के लिए)
ज्वार की रोटी बनाने की विधि:
- सबसे पहले एक गहरे बर्तन में एक कप ज्वार का आटा लीजिए.
- अब जिस कप से आपने आटा नापा था, ठीक उसी माप से एक कप पानी को अच्छी तरह खौला लें यानी तेज उबलता हुआ पानी तैयार करें.
- इस गर्म पानी को थोड़ा-थोड़ा करके ज्वार के आटे में मिलाते जाएं.
- पानी एक साथ पूरा न डालें, वरना आटे की नमी बिगड़ सकती है.
- चम्मच या स्पैचुला की मदद से इसे आपस में मिला लें और फिर ढक्कन लगाकर कुछ मिनट के लिए छोड़ दें ताकि आटा भाप में अच्छी तरह से सेट हो जाए.
- जब आटा थोड़ा ठंडा हो जाए और छूने लायक बचे, तब इसे हाथों से समेटते हुए एक जगह इकट्ठा कर लें.
- अब अपनी हथेलियों के पिछले हिस्से से इसे कम से कम 3 से 4 मिनट तक मसल-मसलकर चिकना करें.
- आप जितना बढ़िया ढंग से आटे को गूंथेंगे, रोटियां उतनी ही नरम और बिना क्रैक्स वाली बनेंगी. जब आटा एकदम सॉफ्ट हो जाए, तो इसे एक चौड़े बर्तन में शिफ्ट करके हल्का सा और मल लें.
- गुंथे हुए आटे में से एक छोटी लोई या पोर्शन तोड़कर अलग कर लें.
- अब इस लोई को हाथों के बीच गोल घुमाते हुए चिकना करें और हल्का सा चपटा कर लें.
- इसके बाद इसे सूखे ज्वार के आटे में अच्छी तरह लपेट लें.
- किचन प्लेटफॉर्म या चकले पर भी थोड़ा सा सूखा आटा छिड़कें.
- अब लोई को पहले उंगलियों से किनारों की तरफ से थोड़ा बढ़ा लें ताकि बेलते वक्त किनारे न फटें.
- अब हल्के हाथों से बेलन चलाते हुए इसे गोल आकार में बेल लें.
- रोटी सेकने के लिए गैस पर तवे को बहुत अच्छी तरह गर्म कर लें.
- जब तवा तेज गर्म हो जाए, तब बेली हुई रोटी को उसपर डाल दें.
- रोटी की ऊपरी सतह पर एक साफ सूच या गीले कपड़े की मदद से हल्का-हल्का पानी फेर दें.
- ऐसा करने से रोटी में ऊपरी हिस्से पर क्रैक्स नहीं पड़ते.
- लगभग 5 से 6 सेकंड के बाद रोटी को पलट दें.
- आप देखेंगे कि नीचे की तरफ हल्के सुनहरे धब्बे आ गए हैं.
- अब कलछी या सूती कपड़े की मदद से हल्के हाथों से किनारों पर दबाव डालते हुए सेकें.
- धीरे-धीरे रोटी गुब्बारे की तरह फूलने लगेगी.
इसे भी पढ़ें: यूपी स्टाइल मटर का निमोना बनाने की आसान विधि, देखें रेसिपी वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं