Bathue Ki Roti Recipe: सर्दियों का मौसम शुरू हो गया है और बाजार-ठेलों पर बथुआ दिखना शुरू हो गया है. ये स्वाद और सेहत का बेहतरीन खजाना माना जाता है. ज्यादातर लोग इसका साग और पराठे बनाकर खाते हैं, लेकिन अगर आप रोज की गेहूं वाली रोटी से कुछ अलग और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं, तो बथुए की रोटी एक शानदार ऑप्शन हो सकती है. बथुए, लहसुन और मसालों से तैयार ये रोटी न सिर्फ बेहद मुलायम और स्वादिष्ट बनती है, बल्कि पोषण से भी भरपूर होती है. इसका स्वाद चखकर आपको नान और पूरियां भी फीकी लगेंगे. इसी कड़ी में आइए जानते हैं बथुए की रोटी बनाने का आसान तरीका. इसकी जानकारी @PritiKiRasoi नाम के यूट्यूब चैनल से दी गई है.
बथुए की रोटी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- 200 ग्राम बथुआ
- 300 ग्राम गेहूं का आटा
- 5-6 लहसुन की कलियां
- 2-3 हरी मिर्च
- आधा इंच अदरक
- ½ चम्मच अजवाइन
- ½ चम्मच धनिया पाउडर
- ½ चम्मच जीरा पाउडर
- ½ चम्मच चिली फ्लेक्स या लाल मिर्च पाउडर
- नमक
- 2 चम्मच तेल
- जरूरत अनुसार पानी
यह भी पढ़ें: ठेले जैसा गोलगप्पे का पानी घर पर कैसे बनाएं? खट्टा-मीठा तीखा पानी बनाने की आसान रेसिपी
कैसे बनाएं बथुए की रोटी का आटा?
सबसे पहले बथुए को अच्छी तरह धो लें. अब एक बर्तन में पानी उबालें और बथुए को लगभग 2 मिनट तक ब्लांच कर लें. इसके बाद तुरंत ठंडे पानी में डाल दें ताकि उसका रंग और स्वाद बना रहे.
अब बथुए का अतिरिक्त पानी निचोड़ लें और मिक्सर में डाल दें. इसमें लहसुन, अदरक और हरी मिर्च मिलाकर बारीक पीस लें. तैयार प्यूरी में से 3-4 चम्मच अलग निकाल लें, जिसका इस्तेमाल बाद में रायता बनाने के लिए किया जा सकता है.
एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें. इसमें अजवाइन, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, चिली फ्लेक्स, नमक और तेल डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब बथुए की प्यूरी डालें और जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए नरम आटा गूंथ लें. फिर आटे को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें.
ऐसे बनाएं बथुए की रोटी
रोटी बनाने के लिए सबसे पहले आटे की लोई बनाकर उसे बेल लें. गर्म तवे पर दोनों तरफ से हल्का सेंकें और फिर सीधे गैस की आंच पर फुला लें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा घी लगा सकते हैं. इसी आटे से पराठे या पूड़ियां भी बनाई जा सकती हैं.
परोसने का तरीका
गरमागरम बथुए की रोटी को दाल, आलू की सब्जी, मिक्स वेज या बथुए के रायते के साथ परोसें. सर्दियों में ये देसी स्वाद आपकी थाली का मजा दोगुना कर देगा.
यह भी पढ़ें: एप्पल का हलवा कैसे बनाएं? सेब का हलवा बनाने की आसान विधि
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं