विज्ञापन

12 अगस्त को लगेगा साल का सबसे बड़ा सूर्य ग्रहण, जानें कब, कहां और कैसे देख पाएंगे यह अद्भुत नजारा

12 अगस्त 2026 को इस दशक का सबसे बड़ा पूर्ण सूर्य ग्रहण लगने जा रहा है. जानिए यह सूर्य ग्रहण क्या होता है. इस बार कब, कहां और कैसे दिखेगा. यह भारत में नजर आएगा या नहीं. सूर्यग्रहण देखते समय क्या-क्या सावधानियां बरतें.

12 अगस्त को लगेगा साल का सबसे बड़ा सूर्य ग्रहण, जानें कब, कहां और कैसे देख पाएंगे यह अद्भुत नजारा
सूर्य ग्रहण 2026

अगर आपको भी खगोलीय घटनाएं अट्रैक्ट करती हैं, सूरज-चांद, तारों और आसमान से प्यार है, तो कैलेंडर पर 12 अगस्त 2026 की तारीख को अभी से मार्क कर लीजिए. इस दिन ब्रह्मांड में एक ऐसी अनोखी घटना होने जा रही है. चमकता हुआ सूरज अचानक गायब हो जाएगा, भरी दुपहरी में शाम सा नजारा होगा और दिन के उजाले में अंधेरा छाने लगेगा. इस दिन साल 2026 का पूर्ण सूर्य ग्रहण (Total Solar Eclipse) लग रहा है, जो इस दशक का सबसे अनोखा और भव्य खगोलीय नजारा होने वाला है. अगर आप भी इस अद्भुत 'कॉस्मिक शो' के गवाह बनना चाहते हैं, तो यहां जानिए साल का सबसे बड़ा सूर्यग्रहण कब, कहां और कैसे देख सकते हैं.

पूर्ण सूर्य ग्रहण क्या होता है

जब चांद, धरती और सूरज के बीच में इस तरह आ जाता है कि वह सूरज की रोशनी को पूरी तरह से ढक लेता है, तो उसे पूर्ण सूर्य ग्रहण कहते हैं. जब चांद सूरज को पूरी तरह छुपा देता है, जिसे 'टोटैलिटी' कहते हैं, तब कुछ मिनटों के लिए दिन में ही शाम या रात जैसा नजारा हो जाता है. चिड़ियां अपने घोंसलों में लौटने लगती हैं और मौसम सुहाना हो जाता है.

सूर्य ग्रहण 2026 कब लगेगा?

यह ग्रहण 12 अगस्त 2026 को लगने वाला है. सूर्य ग्रहण दोपहर के समय शुरू होगा और शाम तक अलग-अलग क्षेत्रों में दिखाई देगा. हालांकि, हर देश में इसका समय अलग-अलग होगा, क्योंकि ग्रहण का रास्ता पृथ्वी के अलग-अलग हिस्सों से होकर गुजरेगा.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: File Photo

यह सूर्य ग्रहण कहां-कहां दिखाई देगा

यह खूबसूरत नजारा दुनिया के कुछ खास हिस्सों में ही पूरी तरह दिखाई देगा. इसकी शुरुआत दोपहर के वक्त रूस से होगी. इसके बाद ग्रीनलैंड के बर्फीले तटों से होते हुए आइसलैंड पहुंचेगा. आइसलैंड की राजधानी रेक्याविक (Reykjavík) में यह करीब 1 मिनट तक दिखेगा. आइसलैंड में ऐसा नजारा साल 1954 के बाद अब दिखने जा रहा है. शाम के वक्त (स्थानीय समय अनुसार रात 8:30 बजे के करीब) यह ग्रहण स्पेन और पुर्तगाल के कुछ हिस्सों में दिखाई देगा. स्पेन के खूबसूरत द्वीपों पर सूर्यास्त के साथ ही यह ग्रहण खत्म हो जाएगा.

भारत में सूर्यग्रहण दिखाई देगा या नहीं

अगर आप इन देशों में नहीं हैं, तब भी निराश होने की जरूरत नहीं है. पूरे ब्रिटेन (UK), कनाडा, अमेरिका के उत्तरी हिस्सों और अफ्रीका के कुछ देशों में आंशिक सूर्य ग्रहण दिखेगा, यानी वहां ऐसा लगेगा जैसे चांद ने सूरज का एक छोटा सा टुकड़ा 'काट' लिया हो. भारत में यह सूर्य ग्रहण दिखाई नहीं देगा, लेकिन आप इसे घर बैठे लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए देख सकते हैं.

कब और कितनी देर के लिए दिखेगा सूर्यग्रहण?

सबसे लंबा पूर्ण सूर्य ग्रहण समुद्र के बीच में 2 मिनट और 18 सेकंड तक रहेगा. अलग-अलग शहरों में इसका समय वहां के लोकल टाइम के हिसाब से अलग होगा. जैसे आइसलैंड में शाम 5:48 बजे और स्पेन में रात 8:30 बजे से ठीक पहले दिखाई देगा. वहीं, आंशिक सूर्य ग्रहण लगभग एक घंटे से ज्यादा समय तक चलेगा.

सूर्यग्रहण कैसे सुरक्षित तरीके से देखें?

1. सूरज को सीधे नंगी आंखों से देखना आपकी आंखों को हमेशा के लिए नुकसान पहुंचा सकता है. इसलिए खास चश्मे (Eclipse Glasses) का इस्तेमाल करें.

2. आम धूप के चश्मे (Sunglasses) लगाकर इसे बिल्कुल न देखें. इसके लिए सर्टिफाइड सोलर फिल्टर वाले चश्मों का ही इस्तेमाल करें.

3. अगर आपके पास चश्मा नहीं है, तो आप पिनहोल कैमरा (Pinhole Camera) यूज कर सकते हैं. यानी एक गत्ते में छोटा सा छेद करके सफेद कागज पर सूरज की परछाई बनाकर उसे देख सकते हैं.

4. आंशिक ग्रहण के दौरान पेड़ों की पत्तियों के बीच से छनकर आने वाली रोशनी जमीन पर सूरज का खूबसूरत आकार बनाती है, जो देखने में बहुत मजेदार लगती है.

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.

यह भी पढ़ें: रविवार को सूर्यदेव को जल अर्पित करना क्यों होता है शुभ? पंडित जी ने बताया किस मंत्र का करें जाप

यह भी पढ़ें: 29 जून से शुरू होगा जगन्नाथ रथयात्रा अनुष्ठान, जानिए स्नान पूर्णिमा का महत्व और कैसी हैं तैयारियां

    पूरी स्टोरी पढ़ें

    NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

    फॉलो करे:
    Surya Grahan 2026, Solar Eclipse, Faith News
    Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com