Nag Panchami Par Kya Na Karein: आज यानी 17 अगस्त को नाग पंचमी का पर्व मनाया जा रहा है. पंचांग के अनुसार हर साल सावन महीने के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को नाग पंचमी का त्योहार मनाया जाता है. इस दिन भगवान शिव के आभूषण और शक्ति के प्रतीक नाग देवता की पूजा करने का विधान है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आज के दिन विधि-विधान से नाग देवता की पूजा करने से जीवन की समस्याएं कम होती है और कष्ट-रोग से भी मुक्ति मिलती है. इसके अलावा कालसर्प समेत अन्य कई दोषों से भी छुटकारा मिलता है. शास्त्रों में ऐसे कुछ कार्य बताए गए हैं जिन्हें नाग पंचमी पर भूलकर भी नहीं करना चाहिए. माना जाता है कि इन कार्यों को करने से जीवन में परेशानियां बढ़ सकती हैं. आइए जानते हैं नाग पंचमी पर क्या न करें...
1. जमीन की खुदाई न करें
आज नाग पंचमी पर जमीन की खुदाई करने से बचना चाहिए. दरअसल, जमीन में सांप समेत अन्य कई जीवों का घर या कहें बिल होता है. ऐसे में खुदाई करने से उनके निवास स्थान को क्षति पहुंच सकती है. इसके चलते नाग पंचमी पर खुदाई या मिट्टी से जुड़ा काम न करें.
2. तवे का इस्तेमाल न करें
नाग पंचमी पर लोहे से जुड़े कार्यों को करने से बचना चाहिए. साथ ही इस दिन चूल्हे पर लोहे का तवा चढ़ाना भी अशुभ माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आज नाग पंचमी पर लोहे के बर्तन इस्तेमाल करने से नाग देवता अप्रसन्न हो सकते हैं.
3. सांप को नुकसान न पहुंचाएं
नाग पंचमी पर नाग की पूजा करने का विधान है. ऐसे में आज के पावन अवसर पर सांपों को भूलकर भी किसी तरह का नुकसान न पहुंचाएं और न ही परेशान करें. अगर आपको कहीं सांप दिखता भी है, तो दूर से हाथ जोड़ लें.
4. नुकीली चीजों का इस्तेमाल न करें
नाग पंचमी पर कैंची, चाकू समेत बाकी धारदार-नुकीली चीजों का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए. साथ ही इस दिन सिलाई-बुनाई भी भूलकर न करें. धार्मिक मान्यता है कि इन कार्यों को करने से आपके जीवन में समस्याएं आ सकती हैं.
5. तामसिक भोजन न खाएं
नाग पंचमी पर सात्विकता का पालन विशेष रूप से करना चाहिए. इस दिन किसी भी तरह का तामसिक भोजन या मास-मदिरा का सेवन न करें.
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.
यह भी पढ़ें: Nag Panchami Puja Vidhi: नाग पंचमी की पूजा कैसे करें, जानिए सही विधि और मुहूर्त
यह भी पढ़ें: Sawan Somwar: सावन के तीसरे सोमवार पर 9 शुभ संयोग, जानिए भगवान शिव को क्या अर्पित करना माना जाता है शुभ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं