Chaitra Navratri Puja Ke Niyam: आज चैत्र मास के शुक्लपक्ष की प्रतिपदा तिथि से नवरात्रि का महापर्व प्रारंभ हो गया है. शक्ति के साधना करने वाले प्रत्येक साधक का प्रयास होता है कि वह नवरात्रि के 09 दिनों में देवी दुर्गा की विधि-विधान से जप-तप-व्रत करते उन्हें प्रसन्न करे, ताकि देवी कृपा से उसे सुख-सौभाग्य की प्राप्ति हो. यदि आप भी इस नवरात्रि कष्टों को दूर करके अपनी मनोकामना को पूरा करना चाहते हैं तो आपको मां भगवती की पूजा करते समय कुछेक नियमों की अनदेखी भूलकर भी नहीं करनी चाहिए, अन्यथा आपको पुण्य की जगह दोष लग सकता है. शक्ति की साधना में भूल से भी कोई भूल न हो, इसके लिए आइए नवरात्रि के जरूरी नियमों को विस्तार से जानते हैं.

- चैत्र नवरात्रि की पूजा के लिए लाल रंग का ऊनी आसन प्रयोग में लाएं और भूलकर भी पूजा में बैठने के लिए दूसरे का आसन या जप के लिए अन्य व्यक्ति की माला का प्रयोग न करें.
- नवरात्रि में देवी दुर्गा की पूजा एवं व्रत करने वाले साधक को पूरे 09 दिनों तक ब्रह्मचर्य का पालन करना चाहिए.
- यदि आप चैत्र नवरात्रि का व्रत रख रहे हैं तो भूलकर भी नवरात्रि में तामसिक चीजें जैसे लहसुन, प्याज, मांस, मदिरा आदि का प्रयोग न करें.
- नवरात्रि का व्रत और देवी का पूजन करने वाले साधक को किसी के प्रति बुरा भाव अपने मन में नहीं लाना चाहिए.
- नवरात्रि व्रत की पूजा या फिर इसका व्रत अधूरा नहीं छोड़ना चाहिए. यदि किसी कारणवश पूजा या देवी का पाठ छूट जाए तो दूसरे दिन दो बार करके उसे पूरा करने का प्रयास करना चाहिए.

- चैत्र नवरात्रि में यदि आपने घट स्थापना करके अखंड दीप जला रखा है तो भूलकर भी घर को पूरी तरह से लॉक करके न जाएं. कहने का तात्पर्य यह है कि अखंड दीप वाले पूजा स्थल को अकेला नहीं छोड़ना चाहिए.
- चैत्र नवरात्रि का व्रत और पूजन करने वाले साधक को अष्टमी-नवमी पर कन्या पूजन जरूर करना चाहिए और इन 09 दिनों में किसी भी कन्या का दिल नहीं दुखाना चाहिए.
- चैत्र नवरात्रि के 09 दिनों तक व्रत रखने वाले साधक को भूलकर भी अपने नाखून, बाल, दाढ़ी आदि नहीं कटवाना चाहिए.
- चैत्र नवरात्रि पर यदि आप किसी कन्या या फिर जरूरतमंद व्यक्ति को दान करना चाह रहे हैं तो उसे निस्वार्थ भाव से करें और भूलकर भी उसका दिखावा या महिमामंडन न करें, अन्यथा उसका आपको कोई पुण्यफल नहीं प्राप्त होगा. यदि संभव हो तो गुप्त दान करें.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं