विज्ञापन

आखिरी बड़ा मंगल 2026: पंडित जी ने बताया आज किन चीजों का दान करना शुभ माना जाता है, कैसे करें हनुमान जी की पूजा

बड़े मंगल के दिन हनुमान जी की पूजा और दान करने का विशेष महत्व माना जाता है. आइए पंडित कौशल पाण्डेय से जानते हैं, आज के दिन किन चीजों का दान करना शुभ माना जाता है.

आखिरी बड़ा मंगल 2026: पंडित जी ने बताया आज किन चीजों का दान करना शुभ माना जाता है, कैसे करें हनुमान जी की पूजा
आखिरी बड़ा मंगल आज: आज के दिन क्या दान करें?
(P.C- NDTV)

ज्येष्ठ माह में पड़ने वाले मंगलवार को बड़ा मंगल कहा जाता है. इस दिन भगवान हनुमान की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है. इस वर्ष अधिकमास के कारण ज्येष्ठ महीने में आठ बड़े मंगल पड़े हैं और 23 जून 2026 को इस श्रृंखला का आखिरी बड़ा मंगल है. मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा और विधि-विधान से हनुमान जी की पूजा करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है. साथ ही बड़े मंगल पर दान-पुण्य करने का भी विशेष महत्व बताया गया है.

बड़ा मंगल का महत्व

पंडित कौशल पाण्डेय बताते हैं, ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, मंगल ग्रह व्यक्ति के साहस, आत्मविश्वास, ऊर्जा और भूमि-संपत्ति का कारक माना जाता है. यदि कुंडली में मंगल बली एवं शुभ प्रभाव में हो, तो यह शक्ति, सामर्थ्य, भूसंपत्ति एवं वैभव देता है और व्यक्ति को तेजस्वी, बलवान, निपुण, आत्मनिर्भर, स्वाभिमानी, स्पष्ट व्यवहारवादी, पराक्रमी और नायक बनाता है. वहीं, मंगल कमजोर होने पर क्रोध, विवाद और कई तरह की परेशानियां बढ़ सकती हैं. इसलिए बड़ा मंगल के दिन हनुमान जी की पूजा और दान करने का विशेष महत्व माना जाता है. ऐसी मान्यता है कि श्री हनुमान जी की पूजा करने से व्यक्ति को मंगल दोष से मुक्ति मिल जाती है. 

आज के दिन क्या दान करें?
  • पंडित कौशल पाण्डेय बताते हैं, बड़े मंगल पर भुने हुए चने और गुड़ का दान करना बहुत शुभ माना जाता है. 
  • इसके अलावा मंदिर में घी और कपूर का दान भी किया जा सकता है. 
  • मंगलवार के दिन लाल कपड़े में लाल मसूर की दाल, आठ लाल मिर्च और गुड़ बांधकर दान करने से मंगल ग्रह का शुभ प्रभाव प्राप्त होता है.
हनुमान जी को लगाएं भोग

पंडित जी आगे बताते हैं, बड़े मंगल के दिन हनुमान जी को बूंदी, बेसन के लड्डू, गुड़-चना, जलेबी, चूरमा और मीठे पान का भोग लगाया जा सकता है. माना जाता है कि इससे बजरंगबली प्रसन्न होते हैं और भक्तों पर अपनी कृपा बनाए रखते हैं.

चोला चढ़ाना माना जाता है शुभ

आखिरी बड़े मंगल के अवसर पर हनुमान जी को सिंदूर और चमेली के तेल का लेप लगाकर चोला चढ़ाना भी शुभ माना जाता है. इसके साथ जनेऊ अर्पित करने की भी परंपरा है. मान्यता है कि ऐसा करने से हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त होता है और जीवन की बाधाएं दूर होती हैं.

इस मंत्र का करें जाप 

पंडित कौशल पाण्डेय कहते हैं, हनुमान जी की पूजा के दौरान शुद्ध घी का दीपक जलाएं. इसके बाद हनुमान चालीसा या सुंदरकांड का पाठ करें. साथ ही श्रद्धा के साथ 'ॐ क्रां क्रीं क्रौं सः भौमाय नमः' मंत्र का जाप जरूर करें. ये हिंदू ज्योतिष में मंगल ग्रह को समर्पित सबसे शक्तिशाली बीज मंत्र है.

मान्यता है कि सच्चे मन से की गई पूजा, दान और सेवा से हनुमान जी प्रसन्न होते हैं और भक्तों के सभी संकट दूर करते हैं.

यह भी पढ़ें- Bada Mangal 2026: ज्येष्ठ माह का आखिरी बड़ा मंगल आज, जानें हनुमान पूजा का शुभ मुहूर्त और पूजन विधि
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bada Mangal, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com