Bada Mangal: ज्येष्ठ महीने के मंगलवार को सनातन धर्म में बेहद पवित्र माना जाता है. इस महीने में पड़ने वाले सभी मंगलवार को 'बड़ा मंगल' या 'बुढ़वा मंगल' कहा जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ज्येष्ठ महीने में ही हनुमान जी की प्रभु श्रीराम से पहली भेंट हुई थी, साथ ही ज्येष्ठ माह के मंगलवार को ही अंजनी पुत्र हनुमान जी को अमरता का वरदान मिला था. यही वजह है कि ज्येष्ठ के मंगलवारों पर बजरंगबली की पूजा का विशेष महत्व बताया गया है. आज ज्येष्ठ मास का तीसरा बड़ा मंगल है और इस दिन भक्त पूरे श्रद्धा भाव से हनुमान जी की आराधना कर रहे हैं.
माना जाता है कि बड़े मंगल के दिन सच्चे मन से पूजा, दान और सेवा करने से जीवन के दुख-दर्द दूर होते हैं और हनुमान जी की कृपा प्राप्त होती है. ऐसे में आइए जानते हैं आज बड़े मंगल पर पूजा का शुभ समय क्या रहेगा, साथ ही जानेंगे हनुमान जी को प्रसन्न करने के लिए आज किन चीजों का दान करना शुभ माना जाता है.
पूजा का शुभ समय
आज हनुमान पूजा के लिए कई शुभ योग बन रहे हैं. सुबह 5:30 बजे से 9 बजे तक पूजा करना उत्तम रहेगा. वहीं, अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11:50 बजे से 12:45 बजे तक रहेगा. शाम को सूर्यास्त के बाद 6:45 बजे से 8:30 बजे तक हनुमान चालीसा और आरती करना बेहद फलदायी माना गया है.
बड़े मंगल पर हनुमान जी की पूजा कैसे करें?
- बड़े मंगल के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ-सुथरे कपड़े पहनें.
- आज के दिन लाल या नारंगी रंग के वस्त्र पहनना शुभ माना जाता है.
- इसके बाद व्रत और पूजा का संकल्प लें.
- हनुमान जी के सामने चौमुखी आटे का दीपक जलाएं.
- भगवान को बूंदी, लड्डू, गुड़-चना, केला या नारियल का भोग लगाएं.
- फिर हनुमान चालीसा, बजरंग बाण या हनुमान अष्टक का पाठ करें और हनुमान जी की आरती गाएं.
- शाम को इसी विधि से फिर पूजा और आरती करें और भक्तों में प्रसाद बाटें.
ज्योतिषाचार्य डॉक्टर गौरव कुमार दीक्षित बताते हैं, बड़े मंगल पर लाल मसूर की दाल, लाल कपड़े, लाल चंदन और लाल रंग के फल दान करना शुभ माना जाता है. माना जाता है कि इससे मंगल दोष शांत होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है.
इसके अलावा चना और गुड़ का दान बहुत लाभकारी माना गया है. कर्ज और आर्थिक परेशानियों से राहत पाने के लिए बंदरों को चना-गुड़ खिलाना शुभ बताया गया है. आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए गेहूं के दलिये का दान भी किया जा सकता है.
हनुमान जी को प्रसन्न करने के आसान उपायज्योतिषाचार्य कहते हैं, अगर आप बजरंगबली की विशेष कृपा पाना चाहते हैं तो उन्हें बूंदी या बेसन से बनी मिठाई का भोग जरूर लगाएं. जरूरतमंद लोगों को पानी, शरबत और भोजन कराना भी बहुत पुण्यदायी माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि बड़े मंगल पर सेवा और दान करने से हनुमान जी प्रसन्न होते हैं और भक्तों के सभी संकट दूर करते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं