FIFA World Cup Final 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले से पहले पूरी दुनिया की नजरें अर्जेंटीना और उसके कप्तान लियोनेल मेसी (Lionel Messi) पर टिकी हैं. इसी बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फुटबॉल प्रेमियों के उत्साह को देखते हुए एक विशेष सोशल मीडिया पोस्ट साझा किया है. उन्होंने कहा कि इतिहास बनाने वाले मेसी को देखने का यह एक और यादगार मौका है और इस "फुटबॉल की सबसे बड़ी रात" का आनंद लेने के लिए दिल्ली तैयार है. मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार के 24x7 बिजनेस फ्रेंडली ऑपरेटिंग फ्रेमवर्क के तहत रेस्तरां, कैफे और अन्य पात्र प्रतिष्ठान इस सप्ताहांत सुबह 4 बजे तक खुले रह सकेंगे, ताकि फुटबॉल प्रशंसक एक साथ फाइनल का आनंद ले सकें.
सीएम रेखा गुप्ता ने फुटबॉल प्रेमियों को दी सौगात
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर कहा कि दुनिया ने लियोनेल मेसी को इतिहास रचते हुए देखा है और अब इतिहास एक नई कहानी लिखने को तैयार है. उन्होंने फाइनल मुकाबले को "ऐसी रात" बताया जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी. इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने राजधानी में रेस्तरां, कैफे और अन्य पात्र व्यापारिक प्रतिष्ठानों को सप्ताहांत में तड़के 4 बजे तक संचालन की सुविधा देने की बात कही है.
Every football fan has watched Lionel Messi make history. Now, history has one more story to tell.
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) July 18, 2026
A legend.
A teenage prodigy.
One trophy.
One night that generations will remember.
Delhi is ready for that night.
With the city's 24x7 business-friendly operating framework…
अर्जेंटीना और स्पेन के बीच होगा महामुकाबला
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा. टूर्नामेंट में अर्जेंटीना का प्रदर्शन शानदार रहा है और टीम फाइनल तक अजेय पहुंची है. सभी की नजरें कप्तान लियोनेल मेसी पर होंगी, जो अपने करियर के सबसे यादगार फाइनल में से एक खेलने उतरेंगे.
मेसी के सामने 5 बड़े रिकॉर्ड
विश्व कप में अब तक 8 गोल कर चुके मेसी के पास फाइनल में कई रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है. यदि मेसी स्पेन के खिलाफ गोल करते हैं तो:
- विश्व कप फाइनल में गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन सकते हैं.
- अर्जेंटीना की ओर से एक विश्व कप संस्करण में सर्वाधिक गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं.
- चैंपियन टीम की ओर से सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं.
- दो अलग-अलग विश्व कप फाइनल में गोल करने वाले दुनिया के चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो सकते हैं.
- विश्व कप फाइनल खेलने वाले सबसे उम्रदराज आउटफील्ड खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज होगा.
विश्व कप इतिहास में नया अध्याय लिखने का मौका
39 वर्ष और 25 दिन की उम्र में मैदान पर उतरने वाले मेसी पहले ही फुटबॉल इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में शामिल हैं. 2022 विश्व कप जीतने के बाद अब उनके पास अपना दूसरा लगातार विश्व कप खिताब जीतने का मौका है. अगर अर्जेंटीना खिताब बचाने में सफल रहती है तो यह उपलब्धि मेसी की विरासत को और भी मजबूत करेगी.
फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर नजरें मेसी पर
दिल्ली से लेकर दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसक इस ऐतिहासिक मुकाबले का इंतजार कर रहे हैं. एक तरफ स्पेन की मजबूत चुनौती होगी, तो दूसरी तरफ लियोनेल मेसी का अनुभव और अर्जेंटीना की जीत की चाह. फाइनल मुकाबला सिर्फ विश्व कप ट्रॉफी के लिए नहीं, बल्कि कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड और फुटबॉल इतिहास के एक और सुनहरे अध्याय के लिए भी याद किया जाएगा.
यह भी पढ़ें : एक टिकट के लिए 27 लाख रुपये! FIFA वर्ल्ड कप 2026 फाइनल ने तोड़े कमाई के सारे रिकॉर्ड
यह भी पढ़ें : FIFA वर्ल्ड कप फाइनल में मेसी-यमाल नहीं, सिमोन और मार्टिनेज के बीच भी होगी असली जंग, कौन पड़ेगा भारी?
यह भी पढ़ें : पिता चलाते हैं छोटी किराना दुकान, कोटा नहीं जा पाए तो सहरसा में ही 3 भाई-बहनों ने एक साथ क्रैक किया NEET
यह भी पढ़ें : 2027 में शुरू होगा मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का पहला सेक्शन; MEA ने ये भी बताया जापान से कब आएगी E20 ट्रेन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं