FIFA 2026: क्या कोई खेल किसी देश की अर्थव्यवस्था को अरबों रुपये का नुकसान पहुंचा सकता है? फीफा वर्ल्ड कप के दौरान अमेरिका में कुछ ऐसा ही देखने को मिला.. फीफा वर्ल्ड कप का क्रेज लोगों के सिर ऐसा चढ़ा कि मैच देखने के लिए लाखों की संख्या में कर्मचारियों ने सिक लीव का बहाना बनाकर धड़ाधड़ छुट्टी लेनी शुरू कर दी. इतना ही नहीं, कई लोग देर से ऑफिस पहुंचे तो कुछ काम खत्म होने से पहले बीच में ही निकल गए. इसका नतीजा यह हुआ कि अमेरिका की अर्थव्यवस्था को करीब ₹98,000 करोड़ का झटका लगा.
फुटबॉल मैच की वजह से US को $11.7 Billion का फटका!
ह्यूमन रिसोर्स सॉफ्टवेयर कंपनी UKG के अनुमान के मुताबिक, FIFA World Cup की वजह से अमेरिकी कंपनियों की प्रोडक्टिविटी में इतनी गिरावट आई कि अर्थव्यवस्था को करीब 11.7 अरब डॉलर यानी करीब ₹98,000 करोड़ का नुकसान हुआ.रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अगर पूरी दुनिया की बात करें तो यह नुकसान 17 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है.
कर्मचारियों ने ली छुट्टियां, कई पहुंचे देर से ऑफिस
वर्ल्ड कप के दौरान कई कंपनियों में अटेंडेंस घट गई.कई कर्मचारी छुट्टी पर रहे, कई देर से ऑफिस पहुंचे और कुछ लोग काम खत्म होने से पहले ही निकल गए ताकि वे मैच देख सकें. इसका सीधा असर कंपनियों की रोजमर्रा की कार्यप्रणाली और उत्पादकता पर पड़ा.
किस दिन सबसे ज्यादा खाली रहे ऑफिस?
ऑफिस मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म Envoy के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे बड़ा असर फाइनल या सेमीफाइनल के दिन नहीं, बल्कि अमेरिकी पुरुष फुटबॉल टीम के बेल्जियम से हारकर Round of 16 से बाहर होने के अगले दिन देखने को मिला.7 जुलाई को ऑफिस अटेंडेंस में 26% की गिरावट दर्ज की गई. कंपनी ने इस दिन को 'Knockout Tuesday' नाम दिया.
Envoy के मुताबिक, यह गिरावट इस साल Super Bowl के अगले दिन दर्ज हुई गिरावट से करीब 10 गुना ज्यादा थी.
सिर्फ कर्मचारी ही नहीं, क्लाइंट मीटिंग भी कम हुईं
रिपोर्ट के मुताबिक, केवल कर्मचारी ही कम नहीं पहुंचे.ऑफिस में कर्मचारियों की एंट्री 11.5% घटी, जबकि क्लाइंट मीटिंग, इंटरव्यू और वेंडर विजिट जैसी विजिटर एंट्री 32% तक कम हो गई.इससे साफ है कि कई कंपनियों ने मीटिंग्स को आगे बढ़ाना बेहतर समझा, बजाय इसके कि ऑफिस पूरी तरह बंद किए जाएं.
US टीम के बाहर होते ही ऑफिस अटेंडेंस हुआ नॉर्मल
रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे देशों के मैचों का अमेरिका में ऑफिस अटेंडेंस पर ज्यादा असर नहीं पड़ा.लेकिन जब अमेरिकी टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई, उसके बाद धीरे-धीरे ऑफिस अटेंडेंस सामान्य होने लगी, जबकि World Cup क्वार्टर फाइनल तक पहुंच चुका था.
होस्ट शहरों में क्या रहा असर?
जिन शहरों में वर्ल्ड कप के मुकाबले खेले गए, वहां उम्मीद के उलट ऑफिस अटेंडेंस काफी हद तक सामान्य रही.हालांकि सिएटल में US-बेल्जियम मैच की मेजबानी के अगले दिन ऑफिस अटेंडेंस में तेज गिरावट दर्ज की गई. Envoy ने इसे मैच के बाद का Hangover Effect बताया.
फाइनल के बाद नहीं दिखेगा इतना बड़ा असर
जानकारों का मानना है कि वर्ल्ड कर फाइनल के अगले दिन ऑफिस अटेंडेंस पर 'Knockout Tuesday' जैसा बड़ा असर देखने को नहीं मिलेगा.इसकी वजह यह है कि अमेरिकी टीम अब टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है, इसलिए कर्मचारियों की अनुपस्थिति पहले जैसी रहने की संभावना कम है.
ये भी पढ़ें- Business Ideas: गांव में ही कम खर्च में शुरू करें ये 10 सुपरहिट बिजनेस, हर महीने हो सकती है बंपर कमाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं