विज्ञापन
This Article is From Feb 08, 2026

निजामुद्दीन में गीजर फटा, ब्लास्ट से घर में लगी आग, एक की मौत एक घायल

हजरत निजामुद्दीन में इलेक्ट्रिक गीजर फटने से घर में भीषण आग लग गई, जिससे घर के मालिक की दम घुटने से मौत हो गई और उनकी पत्नी घायल हो गईं. पुलिस ने दरवाज़ा तोड़कर रेस्क्यू किया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

निजामुद्दीन में गीजर फटा, ब्लास्ट से घर में लगी आग, एक की मौत एक घायल
  • दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके में इलेक्ट्रिक गीजर फटने से घर में आग लग गई और धुआं भर गया
  • हादसे में घर के मालिक मोहम्मद सैयद निजामी की दम घुटने से मौत हो गई और उनकी पत्नी अस्पताल में भर्ती हैं
  • पुलिस को शाम लगभग पांच बजे आग लगने की सूचना मिली और मौके पर पहुंचकर घर का दरवाजा तोड़ा गया
नई दिल्ली:

दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया. अलवी चौक स्थित एक घर में इलेक्ट्रिक गीजर अचानक फट गया, जिससे आग लग गई और पूरा घर घने धुएं से भर गया. इस हादसे में घर के मालिक मोहम्मद सैयद निजामी (50) की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी फिदा निजामी (45) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.

पुलिस को शाम करीब 5 बजे पीसीआर कॉल के जरिए आग लगने की सूचना मिली. कॉल में बताया गया कि हाउस नंबर 134–135, अलवी चौक, बस्ती हजरत निजामुद्दीन में बड़ी आग लगी है. पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची तो पाया कि घर अंदर से बंद था और गीजर फटने के बाद उठे धुएं ने पूरे घर को घेर लिया था.

हालत गंभीर थी, इसलिए पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए घर का दरवाज़ा तोड़कर अंदर प्रवेश किया. जैसे‑जैसे टीम घर में आगे बढ़ी, धुआं इतना ज्यादा था कि कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था. बाथरूम के पास उन्हें घर के मालिक मोहम्मद सैयद निजामी और उनकी पत्नी फिदा निजामी बेहोश हालत में मिले.

दोनों को तुरंत एंबुलेंस से मूलचंद अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि मोहम्मद सैयद निजामी की दम घुटने से मौत हो चुकी थी. उनकी पत्नी होश में आ चुकी हैं और उनका इलाज चल रहा है. हादसे के बाद फायर टेंडर भी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया गया. पुलिस ने घर की जांच शुरू कर दी है और गीजर फटने की सटीक वजह पता लगाने की कोशिश की जा रही है.

ये भी पढ़ें-:  नोएडा सेक्टर 144 में हादसा, निर्माणाधीन इमारत की शटरिंग गिरी, दो की मौत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nizamuddin Incident, Delhi Geyser Blast
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com