विज्ञापन
This Article is From Jun 28, 2025

दिल्ली में गरीबों की झुग्गियां बचाने को लेकर AAP का रविवार को जंतर-मंतर पर विशाल प्रदर्शन

दिल्ली में गरीब लोगों की झुग्गियों को बचाने के लिए आम आदमी पार्टी रविवार को जंतर-मंतर पर विशाल प्रदर्शन कर अपनी आवाज को बुलंद करेगी. इस प्रदर्शन में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया के साथ-साथ पार्टी के अन्य नेता भी शामिल होंगे.

दिल्ली में गरीबों की झुग्गियां बचाने को लेकर AAP का रविवार को जंतर-मंतर पर विशाल प्रदर्शन
दिल्ली में बुलडोजर एक्शन के खिलाफ आप का प्रदर्शन.
  • दिल्ली में आम आदमी पार्टी रविवार को गरीबों की झुग्गियों के बचाव के लिए प्रदर्शन करेगी.
  • प्रदर्शन का आयोजन जंतर मंतर पर सुबह 10 बजे होगा, जिसमें पार्टी के शीर्ष नेता शामिल होंगे.
  • पार्टी का दावा है कि झुग्गी संवाद अभियान के तहत झुग्गीवालों का आम आदमी पार्टी का समर्थन बढ़ा है.
  • आम आदमी पार्टी ने गरीबों के खिलाफ भाजपा के रवैये की निंदा करते हुए एकजुटता की अपील की.

दिल्ली में गरीबों की झुग्गियां तोड़ने के खिलाफ आम आदमी पार्टी रविवार को विशाल प्रदर्शन करेगी. दिल्ली के जंतर मंतर पर सुबह 10 बजे होने वाले इस प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, वरिष्ठ नेता व पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत तमाम बड़े नेता शामिल होंगे और गरीबों की झुग्गियां बचाने के लिए उनकी आवाज बुलंद करेंगे. आम आदमी पार्टी का कहना है कि इससे पहले पार्टी ने झुग्गी संवाद अभियान चलाया था. अब रविवार को पूरी दिल्ली से बड़ी तादात में झुग्गीवाले प्रदर्शन में शामिल होंगे और 'जहां झुग्गी वहां मकान' देने का वादा पूरा होने के बाद ही झुग्गियां तोड़ने की पुरजोर मांग उठाएंगे.

मकान बनाने का वादा करने वाली भाजपा घर तोड़ रही 

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली चुनाव के दौरान बीजेपी के नेताओं ने गरीब झुग्गीवालों से वादा किया था कि जहां झुग्गी है, वहां मकान बनाकर देंगे. बीजेपी के झांसे में आकर गरीबों ने वोट देकर उनकी सरकार बनवा दी. सरकार बनने के चंद दिनों बाद ही बीजेपी इन गरीबों की झुग्गियां उजड़ना शुरू कर दिया है.

जिन लोगों को घर दिया वो काफी दूर, इसमें भी कई अपात्र

उन्होंने आगे कहा कि अब तक करीब 10 हजार झुग्गियां तोड़ी जा चुकी हैं और एक लाख से अधिक गरीब झुग्गीवाले बेघर हो चुके हैं. इनके पास रहने का कोई ठिकाना नहीं है. बीजेपी ने जिन लोगों को मकान दिया भी तो वह काफी दूर दिया है, जहां कोई बुनियादी सुविधा नहीं है. जबकि काफी लोगों को अपात्र बताकर मकान नहीं दिया गया है और ये लोग सड़क पर रहने क लिए मजबूर हैं.

आने वाले दिनों में ही कई झुग्गियों पर चलेगा बुलडोजर

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बीजेपी दिल्ली से गरीबों को बाहर निकालना चाहती है. इसलिए वह एक-एक झुग्गियों को उजाड़ रही है. आने वाले दिनों में दिल्ली की कई और झुग्गियों पर बुलडोजर एक्शन होने वाला है. ऐसे में सभी झुग्गीवालों को एकजुट होकर अपनी आवाज उठानी जरूरी है.

आम आदमी पार्टी हमेशा इन गरीब झुग्गीवालों के साथ खड़ी रही है. अरविंद केजरीवाल ने झुग्गी बस्तियों में सारी बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराकर उन्हें सम्मान की जिंदगी दी थी, लेकिन बीजेपी की सरकार उन्हें उजाड़ने पर तुली हुई है.

जंतर-मंतर पर विशाल प्रदर्शन का आवाहन

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बीजेपी के इस रवैए को लेकर पूरी दिल्ली के गरीबों में भारी आक्रोश है और ये लोग अपनी आवाज बुलंद करने के लिए तैयार हैं. "आप" द्वारा चलाए गए झुग्गी संवाद को जिस तरह झुग्गीवालों का जबरदस्त समर्थन मिला है, इससे साफ है कि रविवार को होने वाले आम आदमी पार्टी के विशाल प्रदर्शन को भारी समर्थन मिलेगा.

प्रदर्शन में पूरी दिल्ली की जनता शामिल होंगी. आम आदमी पार्टी सबसे अपील करती है कि गरीबों पर हो रहे बुलडोज़र एक्शन के ख़िलाफ़ एकजुट होकर आवाज़ उठाएं और ग़रीब विरोधी बीजेपी सरकार को होश में लाएं. ग़रीबों को बचाने के लिए जनता और आम आदमी पार्टी के आंदोलन में हिस्सा लें और अपनी आवाज़ को बुलंद करें.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi, Delhi Bulldozer, Delhi Bulldozer Action, Aam Aadami Party, AAP Protest Delhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com