विज्ञापन

पार्क‍िंग माफ‍िया सीरीज 7: द‍िल्‍ली के द्वारका में साइकिल ट्रैक पर कारों का कब्जा,, जाम और अव्यवस्था से लोग परेशान

स्थानीय लोगों के लिए तैयार किया गया यह ट्रैक अब कारों, टैक्सियों और अन्य वाहनों की अवैध पार्किंग का अड्डा बन गया है.

दिल्ली के द्वारका में अवैध पार्क‍िंग.
  • साइक‍िल ट्रैक अब कारों, टैक्सियों और अन्य वाहनों की अवैध पार्किंग का अड्डा बन गया है.
  • सेक्टर-21 की ओर जाने वाली सड़क पर अक्सर बनी रहती है जाम की स्थिति.
  • निजी वाहनों के बाद ई-रिक्शा चालकों ने भी ट्रैक के किनारे स्थायी ठिकाना बना लिया है.

NCR में अवैध पार्किंग पर हमारी ग्राउंड रिपोर्ट सीरीज के सातवें भाग में हम पहुंचे हैं दिल्ली के द्वारका सेक्टर-12, जहां मेट्रो स्टेशन और सिटी सेंटर मॉल के सामने बना साइकिल ट्रैक अपने मकसद से भटक चुका है. स्थानीय लोगों के लिए तैयार किया गया यह ट्रैक अब कारों, टैक्सियों और अन्य वाहनों की अवैध पार्किंग का अड्डा बन गया है. जिस जगह पर साइकिल और पैदल चलने वालों को प्राथमिकता मिलनी थी, वहां वाहन कतारबद्ध खड़े दिखाई देते हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

रोड डिजाइन और कमर्शियल गतिविधियों का दबाव

स्थानीय निवासियों का कहना है कि समस्या केवल अवैध पार्किंग तक सीमित नहीं है. सेक्टर-14 से आने वाला ट्रैफिक सेक्टर-12 मेट्रो स्टेशन के पास एक संकरी लेन में समेट दिया जाता है, जबकि यहां ट्रैफिक सिग्नल की व्यवस्था भी नहीं है. मेट्रो स्टेशन, मॉल और मल्टीप्लेक्स आने वाले कई लोग निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने के बजाय सीधे साइकिल ट्रैक पर वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे सेक्टर-21 की ओर जाने वाली सड़क पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है.

Latest and Breaking News on NDTV

यह भी पढ़ें- पार्किंग माफिया सीरीज 6: फरीदाबाद म‍िनी सचिवालय के बाहर सड़क पर अवैध पार्किंग वसूली, अधिकारियों की नाक के नीचे चल रहा खेल?

ई-रिक्शा और अव्यवस्था ने बढ़ाई मुश्किल

निजी वाहनों के बाद ई-रिक्शा चालकों ने भी ट्रैक के किनारे स्थायी ठिकाना बना लिया है. बड़ी संख्या में ई-रिक्शा यहां खड़े दिखाई देते हैं और कुछ को खुले में चार्जिंग करते हुए भी देखा जा सकता है. नतीजतन, साइकिल और पैदल यात्रियों के लिए बनाया गया यह ट्रैक लगातार अतिक्रमण की चपेट में है.

Latest and Breaking News on NDTV

महिलाओं और यात्रियों ने जताई चिंता

स्थानीय लोगों के मुताबिक मेट्रो स्टेशन के नीचे मौजूद शराब के ठेके के कारण शाम के समय स्थिति और ज्यादा अव्यवस्थित हो जाती है. कई वाहन सड़क और ट्रैक के किनारे खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे भीड़भाड़ बढ़ती है. महिलाओं, बुजुर्गों और मेट्रो यात्रियों का कहना है कि इस वजह से उन्हें असहज माहौल और यातायात बाधाओं का सामना करना पड़ता है.

यह भी पढ़ें- पार्किंग माफिया सीरीज 5: गुरुग्राम में पार्किंग की सुविधा मौजूद, फिर भी सड़कों पर खड़े वाहन बन रहे जाम की वजह

वेंडर्स ने लगाए वसूली के आरोप

रिपोर्टिंग के दौरान कुछ स्ट्रीट वेंडर्स और फूड कार्ट संचालकों ने आरोप लगाया कि इलाके में अवैध पार्किंग और अतिक्रमण लंबे समय से जारी है. उनका दावा है कि कार्रवाई न होने के पीछे स्थानीय स्तर पर संरक्षण और कथित वसूली की व्यवस्था काम करती है. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.

Latest and Breaking News on NDTV

यह भी पढ़ें- पार्किंग माफिया सीरीज 4: पूर्वी दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल, अवैध पार्किंग पर NDTV की मुहिम जारी

कार्रवाई की मांग

स्थानीय निवासियों का कहना है कि स्वास्थ्य और पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया साइकिल ट्रैक अब अपने मूल उद्देश्य से पूरी तरह दूर जा चुका है. लोगों की मांग है कि ट्रैफिक पुलिस, डीडीए और संबंधित एजेंसियां संयुक्त अभियान चलाकर अवैध पार्किंग हटाएं, नियमित चालान और टोइंग की कार्रवाई करें तथा ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार करें. उनका कहना है कि जब तक सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक द्वारका अवैध पार्किंग और जाम के दुष्चक्र से बाहर नहीं निकल पाएगा.

यह भी पढ़ें- पार्किंग माफिया सीरीज-3: गाजियाबाद में कलेक्ट्रेट के बाहर तक टूट रहे नियम, सिकुड़ती सड़कें ला रही जाम का झाम


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Parking Mafia News, Parking Mafia In Delhi-NCR, Delhi Dwarka News, Parking Mafia Delhi, Delhi News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com