- उत्तर प्रदेश में अगले साल के शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है
- राज्य सरकार चुनावों से पहले युवाओं को बड़े पैमाने पर नौकरी देने पर जोर दे रही है
- सरकार के नौकरी अभियान की निगरानी खुद मुख्य सचिव ने संभाल रखा है
उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार विधानसभा चुनाव से पहले नौकरियों को लेकर बड़ा ऐलान करने वाली है. राज्य सरकार करीब 70 हजार नई भर्तियां निकालने की तैयारी कर रही है. भर्तियों के विज्ञापन जल्द जारी किए जा सकते हैं. सीएम आदित्यनाथ ने कहा था कि 4 महीनों में 1 लाख से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य है.
मुख्य सचिव एक्शन में
राज्य सरकार की इस तैयारी की देखरेख खुद मुख्य सचिव एसपी गोयल संभाल रहे हैं. वो पूरे भर्ती अभियान की निगरानी कर रहे हैं. विभागों को खाली पदों की जानकारी जल्द संबंधित चयन आयोगों को भेजने के निर्देश दिया गया है. खबरों के मुताबिक जिन पदों की जानकारी आयोगों को मिल चुकी है, उन पर जल्द वैकेंसी जारी होगी. संबंधित भर्तियों के लिए परीक्षा की तारीख भी जल्द घोषित किए जाने की तैयारी की जा रही है.
सूत्रों ने बताया कि सरकार का फोकस भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाकर युवाओं को रोजगार देने पर है. यूपी के 3.5 लाख कर्मचारियों की सैलरी 7 हजार बढ़ी है. सीएम आदित्यनाथ ने आउटसोर्स सेवा निगम की शुरुआत की है.
सीएम योगी ने पिछले महीने किया था ऐलान
पिछले महीने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 3,446 प्राविधिक सहायकों और 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति-पत्र वितरित करते हुए सीएम योगी ने कहा था कि भर्ती प्रक्रिया में बिना भेदभाव, आरक्षण के नियमों का पालन और मेरिट के आधार पर चयन अपने आप में बड़ी चुनौती है, लेकिन उनकी सरकार ने इसे संभव कर दिखाया है. उन्होंने ऐलान किया था कि अगले छह महीने में एक लाख और युवाओं को सरकारी नियुक्ति-पत्र दिए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले करीब साढ़े 9 वर्षों में प्रदेश में 9.30 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है. उन्होंने दावा किया था कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में हुई भर्तियों पर कोई सवाल नहीं उठा सकता.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं