Breaking News & LIVE Updates: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक अयोध्या में शुरू होने वाली है. बैठक में शामिल होने के लिए ट्रस्ट के सदस्य और पदाधिकारी अयोध्या के मणिराम दास जी की छावनी पहुंचना शुरू हो गए हैं और गतिविधियां गतिविधियां तेज हो गई हैं. माना जा रहा है कि आज इस बैठक में राम मंदिर से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है. मंदिर की व्यवस्थाओं, भविष्य की योजनाओं और ट्रस्ट के प्रशासनिक फैसलों को लेकर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है. सबसे प्रमुख मुद्दा राममंदिर में CEO और एक प्रवक्ता की नियुक्ति का मामला है.
बैठक से पहले अयोध्या में ट्रस्ट के सदस्यों की आवाजाही बढ़ गई है. देश के अलग-अलग हिस्सों से सदस्य अयोध्या पहुंच रहे हैं. बैठक को लेकर रामनगरी में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है. राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की यह बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि राम मंदिर के निर्माण कार्य और मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसलों पर चर्चा हो सकती है. बैठक में होने वाले फैसलों पर अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं.
फिलहाल, अयोध्या में ट्रस्ट की बैठक से पहले तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सदस्य लगातार पहुंच रहे हैं. बैठक शुरू होने के साथ ही राम मंदिर से जुड़े कई अहम मुद्दों पर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है.
LIVE UPDATES
LIVE: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में न्यास के तीन नए सदस्यों का ऐलान
सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्टी के लिए मदन पांडे, एम भागचंदका और निर्मला यादव के नाम का ऐलान हुआ है. राम मंदिर सीईओ के लिए करीब 5585 आवेदन आए थे, जिसमें से कई चरणों के साक्षात्कार के बाद तीन नाम छांटे गए थे. नए सीईओ की नियुक्ति से जुड़ी बैठक में डीएम शशांक त्रिपाठी भी शामिल हुए. कुछ सदस्य ऑनलाइन भी मीटिंग में शामिल हुए. कोषाध्यक्ष देव गिरि भी बैठक में उपस्थित थे. मदन मोहन पांडेय उत्तर प्रदेश सरकार में अपर महाधिवक्ता रह चुके हैं.
मुंबई: सुप्रिया सुले का महंगाई के खिलाफ में प्रदर्शन
NCP(SP) सांसद सुप्रिया सुले ने मुंबई के CST स्टेशन के बाहर बढ़ती महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा कि आम आदमी महंगाई से बुरी तरह झुलस रहा है. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने जल्द कोई कदम नहीं उठाया, तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगी.
(इनपुट- प्राजक्ता पोल)
LIVE: श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन बैठक के लिए मणि रामदास की छावनी पहुंचे
श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण बैठक के सिलसिले में ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन आज मणि रामदास की छावनी पहुंचे. बताया जा रहा है कि बैठक में राम मंदिर निर्माण के अगले चरण और ट्रस्ट से जुड़े आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होनी है.
LIVE: देश के टॉप फाइव-स्टार होटलों के साथ FSSAI ने की मीटिंग
सूत्रों के मुताबिक, FSSAI ने कल यानी 1 सितंबर को देश के प्रमुख 5-स्टार होटलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. बैठक में होटलों में खाने की गुणवत्ता, साफ-सफाई, किचन की सुरक्षा और फूड सेफ्टी नियमों के पालन की समीक्षा की गई. सभी प्रमुख 5-स्टार होटलों ने बताया कि वे फूड सेफ्टी और हाइजीन के नियमों का पालन कर रहे हैं.
होटलों ने अपने मौजूदा फूड सेफ्टी सिस्टम और नियमों के पालन से जुड़ी जानकारी भी साझा की. FSSAI ने साफ कहा कि फूड सेफ्टी नियमों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. FSSAI ने 5-स्टार होटलों में अचानक और रैंडम जांच बढ़ा दी है, जिससे साफ-सफाई और खाने की सुरक्षा के मानकों को सुनिश्चित किया जा सके. इसका मकसद है कि होटलों में हाइजीन और फूड सेफ्टी के नियमों का पूरी तरह पालन हो.
LIVE: लखनऊ में जूनियर असिस्टेंट अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, डिप्टी CM ने दिया आश्वासन
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 3284 जूनियर असिस्टेंट अभ्यर्थियों ने बड़ा प्रदर्शन किया. जूनियर अस्सिटेंट सैकड़ों अभ्यर्थियों ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के आवास का घेराव किया. PET-2023 की भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. छात्रों के द्वारा हाथों में पोस्टर लेकर भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी कराने और परिणाम जारी करने की मांग की जा रही है.
बृजेश पाठक ने प्रदर्शन कर रहे सभी अभ्यर्थियों से मुलाकात करके आश्वासन दिया है. डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने आयोग के अध्यक्ष से अभ्यर्थियों की बात कराई. अभ्यर्थियों ने जल्द से जल्द रिजल्ट जारी करने और टाइपिंग कराने की मांग की है. जूनियर अस्सिटेंट अभ्यर्थियों ने चुनाव से पहले भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है.
LIVE: दिशा सालियन केस में होगी CBI जांच, हाईकोर्ट का आदेश
दिशा सालियन की मौत मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट ने CBI को FIR दर्ज करने का आदेश दिया है. हाई कोर्ट का कहना है कि इस मामले की CBI जांच होनी चाहिए.
Rahul Gandhi Nasik Visit: आज नासिक में राहुल गांधी का दौरा, बीजेपी कर रही विरोध
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज महाराष्ट्र के नासिक पहुंच रहे हैं. ऐसे में बीजेपी ने काले कपड़े पहन, काली पट्टी बांधकर राहुल गांधी के नासिक दौरे का विरोध किया है. “नारी वंदन विधेयक” का कांग्रेस द्वारा विरोध किए जाने के खिलाफ नासिक बीजेपी प्रदर्शन कर रही है. जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर हो रहे इस विरोध प्रदर्शन में बीजेपी के स्थानीय नेता शामिल हो रहे हैं.
(इनपुट- प्रांजल कुलकर्णी)
LIVE: राम मंदिर CEO बनने की रेस में कौन लोग?
राम मंदिर सीईओ बनने की दौड़ में तीन नाम आगे चल रहे हैं. प्रयागराज के पूर्व IPS राजेश पांडे और गोंडा के पूर्व IAS योगेश्वर मिश्रा दौड़ में सबसे आगे हैं. मूल रूप यूपी के प्रयागराज के रहने वाले राजेश पांडे उत्तर प्रदेश कैडर के 2003 बैच के IPS अधिकारी थे. वे प्रमोट होकर आईपीएस अधिकारी बने थे. 21 फरवरी 1989 को उन्हें यूपी पुलिस में डीएसपी के पद पर तैनात किया गया था. साल 2003 में वे आईपीएस बने.
राजेश पांडे 30 जून 2021 को उत्तर प्रदेश पुलिस के आईजी-इलेक्शन सेल के पद से रिटायर हुए थे. उन्हें एनकाउंटर स्पेशलिस्ट भी कहा जाता है. वे यूपी एसटीएफ और यूपी एटीएस के संस्थापक सदस्य रहे हैं.
कौन हैं पूर्व IAS योगेश्वर मिश्रा?
योगेश्वर राम मिश्रा उत्तर प्रदेश कैडर के 2005 बैच के सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं. उनका जन्म 8 मई 1964 को हुआ था. अपने पूरे करियर में उन्होंने जूनियर स्केल अधिकारी, जिला मजिस्ट्रेट, विशेष सचिव और संभागीय आयुक्त सहित विभिन्न पदों पर कार्य किया. उनकी सबसे हालिया नियुक्ति 18 मई 2023 से उत्तर प्रदेश के गोंडा में संभागीय आयुक्त के रूप में थी. उन्होंने भू-राजस्व विभाग में जनगणना संचालन निदेशक के रूप में भी कार्य किया है. योगेश्वर मिश्रा को उत्तर प्रदेश सरकार के भीतर विभिन्न प्रशासनिक भूमिकाओं का व्यापक अनुभव है.