- गुरुग्राम में एक युवक से गुरु नानक देव जी पर टिप्पणी के आरोप में संगत के सामने माफी मंगवाई गई
- युवक को निहंगों ने उसके घर से पकड़कर गुरुद्वारे ले जाकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगवाई
- युवक के माता-पिता ने भी उसकी हरकत को गलत बताते हुए गुरुद्वारे में उसे थप्पड़ जड़े
गुरुग्राम में गुरु नानक देव जी पर टिप्पणी विवाद मामले में एक युवक से गुरुद्वारे में संगत के सामने माफी मंगवाई गई. युवक का वीडियो वायरल होने के बाद निहंगों उसे पकड़कर संगत के सामने ले गए. लड़के के माता-पिता ने भी उसकी इस हरकत को गलत बताते हुए गुरुद्वारे में ही बेटे को थप्पड़ जड़ दिए. वहीं निहंगों ने उसे चेतावनी देते हुए कहा कि इस बार तो माफ कर दिया, लेकिन अगली बार बख्शा नहीं जाएगा.
लड़के ने गुरुद्वारे में संगत के सामने मांगी माफी
बता दें कि ये लड़का पहले भी गाय को चिकन मोमोज खिलाने को लेकर काफी चर्चा में रहा था. अब मामला सिख गुरु के अपमान से जुड़ा है. लड़के ने पुलिस की मौजूदगी में गुरुद्वारे में सार्वजनिक रूप से माफी मांगी. गुरुग्राम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक युवक को गुरुद्वारे में संगत के सामने माफी मांगते हुए देखा जा सकता है. दावा किया जा रहा है कि उसने श्री गुरु नानक देव जी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद सिख संगत और निहंगों में नाराजगी फैल गई. हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

गुरु नानक देव जी को लेकर टिप्पणी का आरोप
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक लाइव स्ट्रीम का वीडियो वायरल हुआ था. वीडियो में एक युवती के पीछे श्री गुरु नानक देव जी की तस्वीर लगी दिखाई दी थी. लाइव के दौरान जुड़े एक युवक ने तस्वीर को लेकर सवाल किए, जिसके बाद हुई बातचीत को लेकर विवाद खड़ा हो गया. वीडियो वायरल होने के बाद निहंगों ने वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले एक युवक को गुरुग्राम स्थित उसके घर से पकड़ लिया.

निहंग घर से पकड़कर गुरुद्वारे ले गए, लगाई फटकार
सोशल मीडिया पर जारी वीडियो के मुताबिक, पुलिस भी मौके पर पहुंची. इसके बाद युवक को गुरुद्वारे ले जाया गया, जहां संगत के सामने उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और कहा कि वह भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करेगा.वीडियो में युवक के माता-पिता भी नजर आए, जिन्होंने बेटे की हरकत पर नाराजगी जताई और सार्वजनिक रूप से उसे फटकार लगाई. निहंगों ने भी युवक को चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी हरकत दोहराई गई तो गंभीर परिणाम हो सकते हैं.

गाय को चिकन मोमोज खिलाने को लेकर भी हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि यह युवक पहले भी गुरुग्राम में गाय को चिकन मोमोज खिलाने के मामले में विवादों में रह चुका है. उस मामले में हिंदू संगठनों के विरोध के बाद उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई थी.

ये भी पढे़ं-असम CRPF कैंप में जवान ने अपने ही दो साथियों को मारी गोली, खुद भी आत्महत्या कर ली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं