विज्ञापन

दिल्ली पुलिस ने रोहित गोदारा-लिपिन नेहरा गैंग के नेटवर्क का किया भंडाफोड़, पांच बदमाश गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी गैंगस्टर स्क्वॉड (AGS) ने रोहित गोदारा-लिपिन नेहरा गैंग के नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से पांच अवैध हथियार, जिंदा और खाली कारतूस, दो लग्जरी गाड़ियां और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं.

दिल्ली पुलिस ने रोहित गोदारा-लिपिन नेहरा गैंग के नेटवर्क का किया भंडाफोड़, पांच बदमाश गिरफ्तार
NDTV

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की AGS (एंटी गैंगस्टर स्क्वॉड) ने रोहित गोदारा-लिपिन नेहरा गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश उर्फ दीनू, प्रदीप, राजेश उर्फ छोटा, निखिल उर्फ सत्ती और नवीन उर्फ छोटू के रूप में हुई है. आरोपियों के पास से पांच अवैध और अत्याधुनिक हथियार, छह जिंदा कारतूस और पांच खाली कारतूस बरामद किए गए हैं. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल होने वाली एक टोयोटा फॉर्च्यूनर और एक महिंद्रा थार गाड़ी भी बरामद की है.

आरोपियों के पांच मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं. पुलिस के मुताबिक, आरोपी विदेश में बैठे रोहित गोदारा और लिपिन नेहरा के इशारे पर दिल्ली-NCR और आसपास के राज्यों में गैंग के लिए काम कर रहे थे.

गैंग के लिए अवैध हथियारों का इंतजाम करने, उन्हें दूसरे सदस्यों तक पहुंचाने और रंगदारी की रकम एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने में आरोपियों की अहम भूमिका थी. प्रदीप से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके साथी दिनेश उर्फ दीनू को बिजवासन-छावला रोड के पास फॉर्च्यूनर गाड़ी से पकड़ा. गाड़ी के डैशबोर्ड से एक पिस्टल, दो जिंदा और पांच खाली कारतूस बरामद हुए.

कौन कहां से गिरफ्तार हुआ?

दिनेश की निशानदेही पर 9 नवंबर को झज्जर के बादली से राजेश उर्फ छोटा को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से एक रिवॉल्वर बरामद हुई. राजेश उर्फ छोटा पहले दो हत्या के मामलों में उम्रकैद की सजा काट चुका है. करीब तीन महीने पहले ही जेल से बाहर आया था. वह हरियाणा के कुख्यात बदमाश मनपाल बादली से भी जुड़ा बताया जा रहा है.

अवैध हथियारों के सप्लायर निखिल उर्फ सत्ती को 22 अक्टूबर को तिहाड़ जेल से इस मामले में गिरफ्तार किया गया. वहीं, नवीन उर्फ छोटू को 22 नवंबर को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर दो सिंगल शॉट पिस्टल बरामद की गईं.

आपस में कैसे कर थे बातचीत

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सिग्नल जैसे एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के जरिए विदेश में बैठे गैंग के सदस्यों के संपर्क में थे और उनके निर्देश पर दिल्ली में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे.

आरोपियों के खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में आर्म्स एक्ट की धाराओं में FIR दर्ज की गई है. जांच के दौरान आर्म्स एक्ट की धारा 25(7) भी जोड़ी गई है. पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और गैंग के दूसरे सदस्यों से उनके संपर्कों की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: 'विदेशी टूरिस्ट अब पूरे भारत को देखना चाहते हैं', NDTV क्रिएटर्स मंच में बोले पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Police, Crime Branch, Rohit Godara Gang
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com