- फायर ब्रिगेड को मिली 6 फायर कॉल
- रातभर दुकानों में तोड़फोड़-लूटपाट
- टायर मार्केट की 20 दुकानें जलकर राख
बीते सोमवार राजधानी दिल्ली (Delhi CAA Clash) दहल उठी. भजनपुरा, गोकुलपुरी, चांदबाग, मौजपुर, जाफराबाद इलाके में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के विरोधी और समर्थक आमने-सामने आ गए. हिंसा में जमकर पथराव और गोलीबारी हुई. पेट्रोल बम का इस्तेमाल किया गया. हिंसा में एक पुलिस कांस्टेबल समेत 5 लोगों की मौत हो गई. भजनपुरा के पास चांदबाग में रतनलाल नाम के हेड कांस्टेबल की मौत हो गई है. वहीं, मोहम्मद फुकरान की भी गोली लगने से जान चली गई. हिंसा में शाहदरा के डीसीपी अमित शर्मा समेत दर्जनों पुलिसकर्मी भी घायल हो गए. गोकलपुरी टायर मार्केट की 20 दुकानें जलकर राख हो गईं. इन इलाकों में हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं. दिल्ली के करावल नगर गोंडा चौक में आज (मंगलवार) सुबह 6 फायर कॉल हुई हैं. सूचना है कि वाहनों और दुकानों में आग लगी है.
दमकल विभाग ने इस बारे में बताया कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली में 6 जगहों पर अभी भी आग की कॉल है. बीती शाम से जो आग लगने की कॉल आईं, वह अब तक नहीं थमी हैं. गोकलपुरी टायर मार्केट की 20 दुकानें जलकर राख हो गई हैं. सोमवार को हुई हिंसा में इस मार्केट में आग लगा दी गई थी. उपद्रवियों ने फायर ब्रिगेड की भी एक गाड़ी को आग के हवाले कर दिया. दो गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई है. घटना में तीन दमकलकर्मी घायल हुए हैं. उन्हें पत्थरबाजी से चोट लगी है. सोमवार से अभी तक आग लगने की कुल 45 कॉल मिली हैं. वहीं, मौजपुर में अब भी स्थिति बेहद खराब है. यहां रातभर दुकानों में तोड़फोड़ और लूटपाट हुई है. अब भी मारपीट हो रही है. राहगीरों को पीटा जा रहा है. बाबरपुर में पथराव भी हो रहा है.
दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष का दिल्ली पुलिस पर आरोप, कहा- दंगाइयों को दी जा रही खुली छूट
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय (Gopal Rai) ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली में कानून-व्यवस्था पर चर्चा करने के लिए सोमवार देर रात उपराज्यपाल अनिल बैजल (Anil Baijal) के आवास के बाहर डेरा डाला. राय ने कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र बाबरपुर में हालात तनावपूर्ण हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में पुलिस बल तैनात नहीं है. राय ने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट करके कहा, 'मैं बिगड़ती कानून-व्यवस्था के हालात पर चर्चा के लिए उपराज्यपाल के आवास के बाहर पहुंचा हूं. हिंसा में शामिल लोग गोलीबारी कर रहे हैं.'
गौरतलब है कि बीते रविवार दिल्ली के जाफराबाद इलाके में CAA विरोधी और समर्थकों के बीच भिड़ंत हुई थी. दोनों ओर से पथराव हुआ लेकिन पुलिस ने किसी तरह उन्हें शांत करवा दिया. जिसके बाद सोमवार को एक बार फिर भजनपुरा, चांदबाग, गोकुलपुरी और सीलमपुर से सटे इलाकों में CAA विरोधी और समर्थक आमने-सामने आ गए और बवाल बढ़ता चला गया. भजनपुरा के पास चांदबाग में रतनलाल नाम के हेड कांस्टेबल समेत पांच लोगों की मौत हो गई. संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है. इन जगहों पर धारा 144 लगाई गई है. जाफराबाद और आसपास के कई मेट्रो स्टेशनों को भी बंद कर दिया गया है. दंगे के दौरान के कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. सोशल मीडिया यूजर्स व AAP नेता बीजेपी नेता कपिल मिश्रा (Kapil Mishra) के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. उनका आरोप है कि कपिल मिश्रा के विवादित बयान के बाद ही राजधानी में तनाव बढ़ा है.
VIDEO: अपने ही शहर में इतना डर कभी नहीं लगा : मनीष सिसोदिया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं