विज्ञापन

2400 का डस्टबिन 14 हजार में खरीदा! महराजगंज में लाखों का घोटाला, चेयरमैन सहित 12 पर शिकंजा

महराजगंज में डस्टबिन खरीद घोटाले में EOW ने 12 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है. 2400 रुपये वाला डस्टबिन 14,160 में खरीदा गया. 28 अक्टूबर 2026 को वाराणसी सेक्टर में भ्रष्टाचार और जालसाजी की धाराओं में केस दर्ज किया गया.

2400 का डस्टबिन 14 हजार में खरीदा! महराजगंज में लाखों का घोटाला, चेयरमैन सहित 12 पर शिकंजा
महराजगंज के घुघली नगर पंचायत में बड़ा घोटाला.
Photo: NDTV
महराजगंज:

उत्तर प्रदेश के महराजगंज में डस्टबिन खरीद में 27.36 लाख रुपये की गड़बड़ी का मामला सामने आया है. आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन ने करीब आठ साल पुराने इस घोटाले में वर्तमान चेयरमैन, पूर्व चेयरमैन और नगर पंचायत के अधिकारियों सहित 12 लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार, जालसाजी और सरकारी धन के दुरुपयोग का मुकदमा दर्ज किया है. मेदनीपुर नारायणपुर टोला निवासी अजीत सिंह की शिकायत के बाद शासन ने मामले की जांच ईओडब्ल्यू को सौंपी थी. जांच पूरी होने के बाद शासन से अभियोजन की मंजूरी मिली और इसके बाद वाराणसी सेक्टर में मुकदमा दर्ज किया गया.

क्या है पूरा मामला?

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की नगर पंचायत घुघली में डस्टबिन खरीद से जुड़े घोटाले में आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन ने बड़ी कार्रवाई की है. करीब आठ साल पुराने इस मामले में मौजूदा चेयरमैन, पूर्व चेयरमैन और नगर पंचायत के अधिकारियों सहित 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है. आरोपियों पर भ्रष्टाचार, सरकारी धन के दुरुपयोग, जालसाजी, कूटरचना और आपराधिक साजिश के भी आरोप लगाए गए हैं.

ईओडब्ल्यू के वाराणसी सेक्टर में 28 अक्टूबर 2026 को मुकदमा दर्ज होने के बाद नगर पंचायत से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है. जांच में सामने आया है कि वर्ष 2018 में 100 लीटर क्षमता वाले 200 डस्टबिन खरीदे गए थे. इन डस्टबिन की स्थानीय बाजार में कीमत करीब 2,400 से 3,400 रुपये के बीच थी, उन्हें निविदा प्रक्रिया के जरिए 14,160 रुपये प्रति डस्टबिन की दर से खरीदा गया. 

इतना ही नहीं, इस खरीद के बदले में कुल 27 लाख 36 हजार रुपये का भुगतान भी किया गया. जांच एजेंसी ने बाजार मूल्य और खरीद दर के बीच बड़े अंतर को वित्तीय अनियमितता माना है.

चार दिन में पूरी हुई टेंडर प्रक्रिया...

24 अगस्त 2018 को डस्टबिन खरीद के लिए टेंडर जारी किया गया और एक सितंबर 2018 को इसे खोल दिया गया. इतने कम वक्त में पूरा हुआ टेंडर प्रोसेस और शासन आदेशों के अनुपालन को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं. टेंडर में शामिल तीन फर्मों- सौरभ एग्रो केमिकल्स, नारायण एग्रो केमिकल्स & फर्टिलाइजर्स और सिंह एग्रो केमिकल्स के डॉक्यूमेंट्स, उनके आपसी संबंधों की जांच में भी कथित अनियमितताओं की बात सामने आई है.

पांच साल बाद दो किस्तों में 27.36 लाख का पेमेंट

इस मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू पेमेंट को लेकर है. साल 2018 में हुई खरीदारी का पेमेंट करीब पांच साल बाद 2023 में किया गया. सौरभ एग्रो केमिकल्स को 20 मई 2023 और 21 अगस्त 2023 को 13.68-13.68 लाख रुपये की दो किस्तों में कुल 27 लाख 36 हजार रुपये का भुगतान किया गया.

भ्रष्टाचार और जालसाजी की धाराओं में मुकदमा

मामले में उपनिरीक्षक सुधा सिंह की तहरीर पर आरोपी उर्मिला देवी तत्कालीन नगर पंचायत अध्यक्ष घुघली, नगर पंचायत घुघली के तत्कालीन अधिशासी अधिकारी लव कुमार मिश्रा निवासी अवसानपुर जिला अम्बेडकर नगर, तत्कालीन लिपिक हीरा प्रसाद निवासी कोटवा थाना घुघली, संतोष जायसवाल नगर पंचायत अध्यक्ष घुघली, सत्य प्रकाश मिश्र तत्कालीन प्रभारी प्रशासक नगर पंचायत घुघली, इंद्र भूषण वर्मा निवासी विक्रांत खंड गोमती नगर लखनऊ, बृजेश कुमार गुप्ता निवासी घोषी जिला मऊ, उमा शंकर तत्कालीन सीनियर फोरमैन परिवहन निगम निचलौल, संजय सिंह प्रोपराइटर सौरभ एग्रो केमिकल, सीमा सिंह प्रोपराइटर मेसर्स नारायण एग्रो केमिकल्स, लक्ष्मी शंकर सिंह अधिकृत प्रतिनिधि मेसर्स सौरभ एग्रो केमिकल्स के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) के अलावा 409, 467, 468, 471 और 120-B के तहत मुकदमा दर्ज किया है.

यह भी पढ़ें | महराजगंज BJP कार्यालय में हंगामा: नेताजी का कॉलर पकड़ महिला ने जड़ा तमाचा, चप्पल भी तानी

यह भी पढ़ें | थार की छत पर स्टंटबाज... रील के चक्कर में मौत को दावत दे रहे महराजगंज के युवा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttar Pradesh, Mahrajganj, Scam News, UP Crime, Uttar Pradesh News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com