यूपी के कन्नौज में डबल मर्डर केस में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपी पहले चोरी के इरादे से घर में घुसा था. विरोध करने के बाद उसने पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी ने महिला के शव के साथ रेप किया था. इस घटना के दौरान दंपती की दो साल की बेटी भी भी घायल हो गई थी. अब पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है. उसके पास से अवैध तमंजा और कारतूस बरामद किए गए हैं.
चोरी के इरादे से घर में घुसा
पुलिस ने बताया कि 4 और 5 नवंबर की दरम्यानी रात में योगेश राजपूत उर्फ पंगा गुरसहायगंज के पुराने पीएचसी स्थितर सरकारी आवास में रेलवे टिकट बिक्री का काम करने वाले संजीव कठेरिया के घर में चोरी के इरादे से घुसा था. इसी दौरान चोरी का विरोध करने पर आरोपी पंगा ने कठेरिया और उनकी पत्नी शिखा की हत्या कर दी. जबकि उसकी दो साल की बेटी तान्या घायल मिली थी. घटना के खुलासे के लिए एसजीओ और सर्विलांस समेत पांच पुलिस टीमों को लगाया गया था. सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पंगा की पहचान की.
पुलिस पर आरोपी ने की फायरिंग
रविवार को कसारी जंगल में पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी के इरादे से घर में घुसने, संजीव और उनकी पत्नी शिखा की हत्या करने तथा उनकी मासूम बेटी को घायल करने की बात स्वीकार की है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म करने की बात भी कबूल की है. फिलहाल पुलिस आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल डंडा, खून से सने कपड़े, चोरी की नकदी और एटीएम कार्ड बरामद करने में जुटी है.
5 हजार रुपये लेकर हुआ था फरार
कन्नौज पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कन्नौज के गुरसहायगंज में 4 और 5 नवंबर की रात हुए पति-पत्नी के डबल मर्डर का पुलिस ने खुलासा कर दिया गया है. पुलिस ने योगेश राजपूत उर्फ पंगा को कसारी जंगल में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घेराबंदी के दौरान तीन राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की गोली लगने से उसके दोनों पैर घायल हो गए. पूछताछ में आरोपी ने चोरी के इरादे से घर में घुसकर संजीव और उनकी पत्नी शिखा की हत्या करने की बात कबूल की है. घर के दरवाजे अंदर से बंद होने पर आरोपी आंगन में लगी तिरपाल फाड़कर अंदर दाखिल हुआ था. वारदात के बाद वह करीब पांच हजार रुपये नकद और एटीएम कार्ड लेकर फरार हो गया था. घटना में घायल दो वर्षीय बच्ची अब सुरक्षित घर लौट आई है. महिला के साथ हुए अन्य अपराध की पुष्टि के लिए फॉरेंसिक और डीएनए जांच की प्रक्रिया भी कराई जा रही है.
(कन्नौज से इसराइल खान की रिपोर्ट )
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं