विज्ञापन

चाकू मारते वक्त क्या कह रहा था नबील... जामा मस्जिद थाने में पुलिस वालों पर हमले की इनसाइड स्टोरी

पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में पूछताछ के लिए बुलाए गए एक शख्स ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे 9 पुलिसकर्मी घायल हो गए. आरोपी नबील को उसकी मां और बहन की शिकायत पर थाने बुलाया गया था.

चाकू मारते वक्त क्या कह रहा था नबील... जामा मस्जिद थाने में पुलिस वालों पर हमले की इनसाइड स्टोरी
जामा मस्जिद थाने में पुलिसकर्मियों पर हमला
NDTV
  • पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में आरोपी नबील ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला किया
  • हमले में 5 पुलिसकर्मी घायल हुए जिनमें से 3की हालत गंभीर बताई गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया
  • आरोपी नबील ने थाने से भागते वक्त एक स्कूटी छीन ली और चितली क़बार इलाके में पुलिस से मुठभेड़ में फिर हमला किया

पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में सोमवार दोपहर पारिवारिक विवाद के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाए गए एक शख्स ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए. बाद में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उसे पकड़ लिया. इस दौरान भी आरोपी ने हमला करके चार अन्य पुलिसकर्मियों को जख्मी कर दिया. बताया जा रहा है कि आरोपी सनकी स्वभाव का है. हमला करते वक्त वो कह रहा था, 'मुझे यहां किसने बुलाया?'

थाने में पुलिसवालों पर कर दिया अटैक

मध्य दिल्ली के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि आरोपी नबील को उसकी मां और बहन से जुड़े पारिवारिक विवाद की शिकायत पर पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था. लेकिन पूछताछ के दौरान उसने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया. घटना मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, नबील अपने साथ चाकू लेकर थाने पहुंचा था. पूछताछ के दौरान उसने अचानक वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया. हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए. कई पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन पर चोटें आई हैं.

डीसीपी ने बताया कि आरोपी की मां और बहन सब इंस्पेक्टर अजय से मिलने आए थे. एसआई अजय ने नबील को भी थाने बुलाया. दो बार फोन करने के बाद नबील थाने आया. उसने गुस्से में आकर SI अजय के सीधे गले और चेहरे पर हमला कर दिया और बोल रहा था कि किसने बुलाया. उसके बाद सभी पुलिस वालों को हमला किया जिसमें 5 पुलिस वाले घायल हुए.

तीन पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर

घायल पुलिसकर्मियों को पहले संजीवनी अस्पताल ले जाया गया. बाद में तीन गंभीर रूप से घायल कर्मियों को सर गंगा राम अस्पताल रेफर किया गया. दो अन्य पुलिसकर्मियों का इलाज भी चल रहा है.

हमला कर थाने से भागा आरोपी

वारदात के बाद नबील थाने से फरार हो गया. पुलिस के मुताबिक भागने के दौरान उसने एक स्कूटी भी छीन ली और मौके से निकल गया. इसके बाद सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की स्पेशल टीम और ऑपरेशंस यूनिट उसकी तलाश में जुट गई. पुलिस ने आरोपी को चितली क़बार इलाके में ट्रैक कर लिया. अधिकारियों के अनुसार, जब पुलिस टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने दोबारा चाकू से हमला करने का प्रयास किया. इसके बाद पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी और आरोपी को काबू में कर लिया गया.

डीसीपी ने बताया कि नबील का पीछा करने में कई टीमें लगी थीं. चितली कबर इलाके में नबील ने पुलिस वालों पर हमला किया जिसमें 4 पुलिस वाले घायल हुए. पुलिस ने सेल्फ डिंफेस में 8 राउंड फायर किए. आरोपी के कमर के नीचे 6 गोली लगी. इस मामले में कुल तीन FIR दर्ज की गई हैं. आरोपी नबील मेंटली बिल्कुल ठीक है. घटना के समय नबील की मां -बहन थाने में थी. आरोपी के पास छोटा चाकू था. वो इसे जेब में लेकर आया था.  नबील मां- बहन दोनों को काफी प्रताड़ित करता था

पहले भी दर्ज हो चुका है मामला

पुलिस सूत्रों के मुताबिक नबील के खिलाफ साल 2022 में भी चाकूबाजी का मामला दर्ज हो चुका है. शुरुआती जांच में उसे मानसिक रूप से अस्थिर या सनकी प्रवृत्ति का बताया जा रहा था. लेकिन डीसीपी ने स्पष्ट कर दिया है कि आरोपी मानसिक रूप से बिल्कुल ठीक है. पुलिस का कहना है कि अब तक जांच में कोई आतंकी एंगल सामने नहीं आया है.

यह भी पढ़ें | दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में शख्स ने किया चाकू से हमला, 9 पुलिसकर्मी घायल, 3 की हालत गंभीर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jama Masjid, Jama Masjid Area, Delhi Police, Delhi Crime, Delhi Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com