विज्ञापन
This Article is From Dec 27, 2025

थावे दुर्गा मंदिर चोरी कांड: पुलिस के साथ मुठभेड़ में चोर घायल, चोरी हुए मुकुट के टुकड़े भी बरामद

गोपालगंज में थावे दुर्गा मंदिर चोरी कांड के आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़, एक अपराधी गोली लगने से घायल हुआ है, उसके पास से चोरी किए गए मुकुट के टुकड़े और मोबाइल बरामद हुए है.

थावे दुर्गा मंदिर चोरी कांड: पुलिस के साथ मुठभेड़ में चोर घायल, चोरी हुए मुकुट के टुकड़े भी बरामद
  • गोपालगंज के थावे दुर्गा मंदिर में हुई चोरी के बाद पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में एक अपराधी घायल
  • घायल अपराधी इजमामुल आलम को मॉडल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, उसके पास से चोरी का मुकुट का टुकड़ा मिला
  • पुलिस ने पहले मुख्य आरोपी दीपक राय को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद दूसरे आरोपी की लोकेशन का पता चला
गोपालगंज:

बिहार के गोपालगंज में थावे दुर्गा मंदिर में हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस और अपराधियों के बीच आज तड़के मुठभेड़ हुई, इस मुठभेड़ में एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, पुलिस ने उसे तुरंत मॉडल हॉस्पिटल, गोपालगंज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया है. पुलिस के मुताबिक जवाबी फायरिंग में घायल अपराधी के पास से थावे दुर्गा मंदिर से चोरी किए गए मुकुट के कुछ टुकड़े भी बरामद हुए हैं, इसके अलावा उसके पास से एक मोबाइल भी मिला है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है.

चोरी की वारदात

गोपालगंज एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि 17 और 18 दिसंबर की रात को थावे दुर्गा मंदिर के गर्भगृह का ताला तोड़कर बेशकीमती सामान चोरी कर लिया गया था. इस दौरान चोरों ने सोने का हार, सोने का मुकुट, चांदी की छतरी और दान पेटी तक उड़ा ली थी. दो चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे, जो मास्क पहने हुए थे.

ये भी पढ़ें : 'टोंटी खोलकर नहीं ले जाइएगा', रात के अंधेरे में खाली हो रहा राबड़ी आवास, BJP ने ली चुटकी

पहली गिरफ्तारी और खुलासा

पुलिस ने कुछ दिन पहले सीसीटीवी फुटेज में दिखे मुख्य आरोपी दीपक राय को गाजीपुर के जमानिया से गिरफ्तार किया था, उसके पास से चोरी में इस्तेमाल कटर और अन्य सामान बरामद हुआ था. दीपक राय को तीन दिन तक रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में चोरी में शामिल दूसरे सदस्य के बारे में जानकारी मिली.

मुठभेड़ कैसे हुई?

पुलिस को सूचना मिली कि दूसरा आरोपी गोपालगंज के थावे के रिखई टोला में छिपा हुआ था. जानकारी मिलते ही एसआईटी ने शनिवार तड़के छापेमारी की तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में उसे पैर में गोली लगी. घायल आरोपी का नाम इजमामुल आलम है. जो कि मोतिहारी का रहने वाला है और वर्तमान में भोजपुरी के शाहपुर थाना क्षेत्र में रह रहा था.

ये भी पढ़ें : कुछ तो इंसानियत दिखाइये! बेटे के पोस्टमॉर्टम के लिए इंतजार करते रहे परिजन, डॉक्टर साहब ने DM का भी नहीं माना

पूछताछ में बड़ा खुलासा

एसपी के मुताबिक इजमामुल आलम ने चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली है. उसने यह भी बताया कि चोरी किए गए सोने का हार और मुकुट कहां बेचा गया है. साथ ही उसने गैंग के अन्य सदस्यों की पहचान भी कराई है. पुलिस अब इनकी गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है.

पुलिस पर दबाव और लोगों की उम्मीद

थावे दुर्गा मंदिर से चोरी हुए सामान की बरामदगी को लेकर पुलिस पर भारी दबाव था. सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे थे कि अब तक चोरी का सामान क्यों नहीं मिला. मुकुट के टुकड़े बरामद होने के बाद पुलिस पर भरोसा बढ़ा है. अब देखना होगा कि गोपालगंज पुलिस कब तक इस चोरी का पूरा खुलासा करती है और मां के बेशकीमती आभूषण वापस लाती है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gopalganj Police Encounter, Thave Durga Temple Robbery, Accused Injured, Stolen Crown Recovered, Temple Theft Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com