गुजरात के राजकोट शहर के थोराळा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई करोड़ों की लूट और हत्या के सनसनीखेज मामले को पुलिस ने मात्र 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है. पुलिस ने राजस्थान से आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरा लूटा गया माल भी बरामद कर लिया है.
राजकोट क्राइम ब्रांच के अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, बीते शाम थोराळा थाना क्षेत्र स्थित 'तन्वी गोल्ड रिफाइनरी' के बाहर एक कार में सवार होकर आए बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था.
बदमाशों ने रिफाइनरी में काम करने वाले कर्मचारी लालजीभाई पर अंधाधुंध फायरिंग की और उनसे लगभग 1.53 करोड़ मूल्य के सोने-चांदी के गहने लूटकर फरार हो गए थे. गंभीर रूप से घायल लालजीभाई ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.
12 घंटे में राजस्थान पुलिस के सहयोग से कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च पुलिस अधिकारियों (डीजी, सीपी और एडिशनल सीपी) के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की टीमों का गठन किया गया. तकनीकी और खुफिया सूचना के आधार पर राजकोट क्राइम ब्रांच ने राजस्थान पुलिस के समन्वय से तत्काल कार्रवाई शुरू की. 12 घंटे से भी कम समय में पुलिस ने राजस्थान के सिरोही जिले के पिंडवाड़ा और उदयपुर जिले से सभी आरोपियों को धर दबोचा है.
यूपी के रहने वाले हैं आरोपी, पूरा माल बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी हैं. पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया शत-प्रतिशत मुद्दामाल (1.53 करोड़ के गहने) और वारदात में इस्तेमाल किए गए दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है. आरोपियों को राजकोट लाया जा रहा है, जहां आगे की गहन कानूनी जांच की जाएगी.
यह भी पढ़ें: 'पति के दूसरी महिलाओं से संबंध, विरोध किया तो मारपीट की', उत्तराखंड की मंत्री ने रोते हुए FB पर डाला वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं