विज्ञापन

गिरिडीह: दुकान में बंधक बनाकर महिला से गैंग रेप, फुफेरे भाई और उसके दोस्तों पर आरोप

गिरिडीह जिले में एक विवाहिता ने अपने फुफेरे भाई और उसके साथियों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है.

गिरिडीह: दुकान में बंधक बनाकर महिला से गैंग रेप, फुफेरे भाई और उसके दोस्तों पर आरोप
फाइल फोटो

झारखंड के गिरिडीह में एक विवाहिता ने अपने फुफेरे भाई पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है. महिला का आरोप है कि उसके फुफेरे भाई ने अपने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. घटना के करीब पांच दिन बाद पीड़िता अपने परिजनों के साथ पुलिस के पास पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता के बयान के आधार पर धनवार थाना में 7 अक्टूबर को सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया. पुलिस के अनुसार, घटना 1 अक्टूबर की बताई जा रही है. मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी, जो पीड़िता का फुफेरा भाई है, को गिरफ्तार कर लिया गया है. फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है.

प्राथमिकी में महिला ने बताया कि उसका मायका गिरिडीह जिले के एक थाना क्षेत्र के गांव में है, जबकि उसकी ससुराल देवघर जिले में स्थित है. महिला के अनुसार, 1 अक्टूबर को वह अपनी चार साल की बेटी को देवघर के एक स्कूल छोड़ने गई थी. इसी दौरान रास्ते में उसका फुफेरा भाई मिला, जिसने उसे अपनी गाड़ी में बैठा लिया. आरोप है कि वह उसे गिरिडीह ले गया और अपनी मीट की दुकान में बने एक कमरे में रखकर उसके साथ जबरदस्ती की.

महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि इस दौरान आरोपी ने उससे कहा कि उसे कुछ अन्य लड़कों के साथ भी संबंध बनाने होंगे. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई. पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद तीन-चार युवक वहां पहुंचे और उसे खाने के लिए कुछ दिया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई. महिला का कहना है कि उसे अगले दिन शाम करीब चार बजे होश आया. घटना के बाद वह काफी डरी हुई थी. बाद में उसने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई और 7 अक्टूबर को पुलिस के पास जाने का फैसला किया.

उधर, 7 अक्टूबर को महिला थाना प्रभारी के समक्ष फर्द बयान दर्ज होने के बाद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार ने जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया. टीम में खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार, सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, महिला थाना प्रभारी दीपमाला कुमारी, बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार, हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्र, धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार सिंह समेत कई अधिकारियों को शामिल किया गया. इसके बाद विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई.

एक गिरफ्तार, जांच जारी

खोरीमहुआ के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि महिला ने अपने फुफेरे भाई समेत कुछ अन्य लोगों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है. मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मुख्य आरोपी, जो पीड़िता का फुफेरा भाई है, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढें : कल का मौसम : दिल्ली-NCR समेत 15 राज्यों में बारिश की चेतावनी, जानें ठंड पर क्या है मौसम विभाग का अपडेट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gangrape Case, Jharkhand Crime News, Gangrape Case Action
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com