विज्ञापन

CM सम्राट के सामने मंत्री निशांत को सुरक्षाकर्मी ने हटाया, वीडियो वायरल; जदयू ने पूछा- क्या जानबूझकर किया गया?

बिहार में मंत्री निशांत को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास से सुरक्षाकर्मी ने हटाया, वीडियो वायरल होने पर जदयू ने कार्रवाई की मांग की है.

पीएम मोदी के दौरे की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे सम्राट
  • बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत को CM सम्राट के पास से एक सुरक्षाकर्मी ने धक्का देकर हटाया, वीडियो वायरल हुआ
  • जनता दल यूनाइटेड ने इस घटना को दुखद बताया और जानबूझकर किए गए ड्रामे का संदेह जताया है
  • जदयू ने सुरक्षाकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और पुलिस मुख्यालय से मामले में हस्तक्षेप की अपील की है
हाजीपुर:

बिहार की सियासत में एक वीडियो ने नया विवाद खड़ा कर दिया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मंत्री निशांत को मुख्यमंत्री के पास से एक सुरक्षाकर्मी द्वारा 'लगभग धक्‍का देकर' हटाए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है. पार्टी ने न केवल इस घटना को दुखद बताया, बल्कि साथ ही यह भी सवाल उठा दिया कि क्‍या ये पूरा ड्रामा जानबूझकर किसी के इशारे पर किया गया?

जदयू ने निशांत के साथ ऐसा व्‍यवहार करने वाले सुरक्षाकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी कर दी है. इस पूरे घटनाक्रम ने बिहार की राजनीति में कई सवाल खड़े कर दिए हैं. जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने सवाल उठाया है, उन्‍होंने कहा, "क्या मंत्री निशांत को मुख्यमंत्री के पास से जानबूझकर हटाया गया? आखिर एक मंत्री के साथ सार्वजनिक कार्यक्रम में इस तरह का व्यवहार क्यों किया गया? अब पार्टी ने पुलिस मुख्यालय से मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है."

वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद

दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित वैशाली दौरे की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे. इस दौरान उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री निशांत समेत कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे. निरीक्षण के दौरान एक सुरक्षाकर्मी ने मंत्री निशांत को मुख्यमंत्री के पास से हटने का इशारा किया और उन्हें वहां से अलग कर दिया. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई. जदयू ने इस व्यवहार पर सवाल उठाते हुए इसे गंभीर मामला बताया है. पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, "वीडियो देखकर दुख और पीड़ा होती है. उन्होंने कहा कि निशांत वैशाली के प्रभारी मंत्री हैं और उन्हें सरकार की ओर से सुरक्षा भी उपलब्ध है. वह मुख्यमंत्री के साथ आधिकारिक दौरे पर गए थे. ऐसे में उनके साथ इस तरह का व्यवहार समझ से परे है."

नीरज कुमार ने सवाल किया, "क्या जानबूझकर ऐसा किया गया है?" उन्होंने पुलिस मुख्यालय से मामले को गंभीरता से लेने और संबंधित सुरक्षाकर्मी पर कार्रवाई करने की मांग की. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि सुरक्षाकर्मी ने किस निर्देश या परिस्थिति में मंत्री को हटाया था.

पीएम मोदी के दौरे की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे सम्राट

विवाद के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का वैशाली दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भी अहम रहा. प्रधानमंत्री 21 नवंबर को बिहार के वैशाली पहुंचेंगे. इस दौरान वह छह लेन वाले कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का उद्घाटन करेंगे. इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में 'नीतीश सेतु' रखा गया है. मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान पुल के अलावा राघोपुर के रुस्तमपुर में बनाए गए हेलीपैड और हाजीपुर के जंदाहा-राजापाकर औद्योगिक क्षेत्र स्थित जफरपट्टी में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों की स्थिति की जानकारी भी ली. पत्रकारों से बातचीत में सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री इस पुल को जनता को समर्पित करेंगे. इसके साथ ही बिहार में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे.

ये भी पढ़ें:- बिहार से यूपी तक निशांत का मिशन, क्या नीतीश के बाद जेडीयू में नई पीढ़ी की एंट्री?

नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया पुल 

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार के विकास में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से इस पुल का नाम उनके नाम पर रखा गया है. इस परियोजना की डीपीआर साल 2012 में तैयार की गई थी और 2015 में निर्माण कार्य शुरू हुआ था. करीब एक दशक से अधिक समय बाद 2026 में यह परियोजना पूरी हुई छह लेन वाला यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

ये भी पढ़ें:-नीरज कुमार की नाराजगी, पोस्टर से गायब ललन सिंह और 5 नवंबर की बैठक; क्या जेडीयू में होने वाला है बड़ा बदलाव?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nishant, Samrat Choudhary, Neeraj Kumar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com