विज्ञापन

गला घोंटा, चेहरे पर जख्म, नाक भी टूटी... दहला देगी IRS अधिकारी की बेटी के रेप‑मर्डर केस की पोस्टमार्टम रिपोर्ट

IRS अधिकारी की बेटी के रेप‑मर्डर मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने गला घोंटकर हत्या की पुष्टि की है. शरीर पर संघर्ष और हमले के कई निशान मिले हैं, जबकि फॉरेंसिक जांच के लिए सैंपल सुरक्षित रखे गए हैं.

गला घोंटा, चेहरे पर जख्म, नाक भी टूटी... दहला देगी IRS अधिकारी की बेटी के रेप‑मर्डर केस की पोस्टमार्टम रिपोर्ट
आईआरएस अधिकारी की बेटी के बलात्कार-हत्या मामले में पोस्टमॉर्टम से मारपीट और गला घोंटने की पुष्टि
  • दिल्ली के पॉश इलाके में सीनियर IRS अधिकारी की बेटी की मौत गला घोंटने से हुई, शरीर पर संघर्ष के निशान मिले
  • पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पीड़िता के हाथों, पैरों और नाक की हड्डी पर चोटों के साथ गले की अंदरूनी ब्लीडिंग पाई गई
  • फॉरेंसिक जांच के लिए नाखूनों की स्क्रैपिंग, स्वैब और चार्जिंग केबल से जुड़े सैंपल सुरक्षित रखे गए हैं
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

दक्षिण‑पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके में सीनियर IRS अधिकारी की बेटी के रेप‑मर्डर मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आ गई है. इस रिपोर्ट में जो कुछ पता चला है उसके बारे में सुनकर ही किसी की भी रूह कांप जाएगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता की मौत गला घोंटने से हुई है और उसके शरीर पर संघर्ष व हमले के गहरे निशान पाए गए हैं. डॉक्टरों के अनुसार, दोनों हाथों, पैरों और हथेलियों पर कई खरोंचें और चोट के निशान थे, जबकि नाक की हड्डी भी टूटी हुई मिली. AIIMS के फॉरेंसिक डिपार्टमेंट के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने बताया कि पीड़िता को फोर्टिस एस्कॉर्ट्स अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.

शरीर पर संघर्ष और जबरदस्त हमले के निशान

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का विवरण साझा करते हुए डॉ. सुधीर गुप्ता ने कहा कि जांच में ऐसे कई जख्म मिले हैं, जो पीड़िता द्वारा विरोध किए जाने की ओर इशारा करते हैं. चेहरे पर कई कटे हुए घाव और खरोंचें पाई गईं, वहीं नाक की हड्डी में फ्रैक्चर मिला, जिससे भारी वस्तु से हमले की आशंका जताई गई है. गर्दन की अंदरूनी जांच में स्टर्नोक्लीडोमैस्टॉइड, स्टर्नोथायरॉयड और स्टर्नोहायॉयड मांसपेशियों में अंदरूनी ब्लीडिंग मिली. थायरॉयड कार्टिलेज के दोनों हॉर्न टूटे मिले, जबकि हायॉयड हड्डी सुरक्षित पाई गई. सभी आंतरिक अंगों में अत्यधिक जमाव पाया गया, जो गला घोंटने से दम घुटने की पुष्टि करता है.

ये भी पढ़ें : IRS Daughter Murder: 'बस गेम खेलता था, और कोई ऐब नहीं था' आरोपी की मां ने बताया क्या हुआ था अलवर में

फॉरेंसिक जांच के लिए सैंपल सुरक्षित

डॉ. गुप्ता ने बताया कि जांच के लिए कई सैंपल सुरक्षित रखे गए हैं, जिनमें विसरा, लिगेचर मटेरियल (चार्जिंग केबल से जुड़े नमूने), नाखूनों की स्क्रैपिंग, खून से सनी गॉज और प्राइवेट पार्ट्स से लिए गए स्वैब शामिल हैं. उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम से साफ है कि पीड़िता की मौत हमले के बाद गला घोंटने से हुई है. सुरक्षित रखे गए स्वैब और नाखूनों के नमूनों की जांच से यह स्पष्ट किया जाएगा कि दुष्कर्म हुआ या नहीं.

घर में घुसकर किया गया हमला: पुलिस जांच में खुलासे

फॉरेंसिक जानकारी दक्षिण‑पूर्वी दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में हुए जघन्य अपराध की पुलिस जांच के बीच सामने आई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, 19 वर्षीय आरोपी राहुल मीणा ने एक अतिरिक्त चाबी का इस्तेमाल कर घर में दाखिल हुआ और सीधे 22 वर्षीय पीड़िता के रूफटॉप स्टडी रूम में गया, जहां वह सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थी. आरोप है कि उसने पहले पीड़िता पर हमला किया, फिर मोबाइल फोन की चार्जिंग केबल से उसका गला घोंट दिया और भारी चीज से वार किया.

ये भी पढ़ें : तुझे नौकरी से निकाल दिया फिर यहां क्यों आया? IRS की बेटी का आखिरी सवाल, अमर कॉलोनी के उस घर में 15 मिनट तक क्या हुआ?

जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपी ने पीड़िता के बेहोश होने के बाद उसके साथ रेप किया और फिर उसे नीचे घसीट कर ले गया. इसके बाद उसने फिंगरप्रिंट के जरिए लॉकर खोलने की कोशिश की, असफल होने पर स्क्रूड्राइवर से लॉकर तोड़ा और नकदी व जेवरात चुरा लिए.

CCTV फुटेज और आरोपी की गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खून से सने कपड़े और चप्पल बदलने के बाद फरार होने की कोशिश की. CCTV फुटेज में वह सुबह करीब 6:30 बजे कॉलोनी में दाखिल होता और 7:20 बजे निकलता दिख रहा है. यह सब माता‑पिता के घर लौटने से करीब 30 मिनट पहले हुआ. आरोपी राहुल मीणा, जो पहले पीड़िता के घर में घरेलू काम करता था, को वारदात के कुछ घंटों बाद द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार किया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वह राजस्थान के अलवर में दर्ज एक अन्य रेप मामले में भी संदिग्ध है.

अदालत ने आरोपी को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा

अदालत ने पॉश इलाके कैलाश हिल्स स्थित आवास में एक आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या के आरोपी घरेलू सहायक राहुल मीणा को बृहस्पतिवार को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया. मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपिका ठाकरान ने दिल्ली पुलिस की उस याचिका को स्वीकार कर लिया, जिसमें मीणा (19) को पूछताछ के लिए चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का अनुरोध किया गया था. दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके कैलाश हिल्स में आईआरएस के वरिष्ठ अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की बुधवार सुबह कथित तौर पर बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी. आरोपी ने इस घटना को अंजाम देने से कुछ घंटे पहले राजस्थान के अलवर में भी एक महिला का यौन उत्पीड़न किया था.

ये भी पढ़ें : लॉकर थंब इंप्रेशन से खुलता था तो रेप के बाद की ऐसी दरिंदगी... अमर कालोनी केस में आरोपी का बयान दिल दहलाने वाला

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com