विज्ञापन

खेत में पड़ी थी लाश, कुत्ते नोच रहे थे शरीर... CCTV ने खोली दिल्ली में लड़की के गैंगरेप और हत्या की गुत्थी

दिल्ली के स्वरूप नगर में 17 वर्षीय लड़की से कथित गैंगरेप और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. खेत में मिला शव इतना सड़ चुका था कि पहचान मुश्किल हो गई थी. पुलिस ने 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच के बाद 3 नाबालिग समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

खेत में पड़ी थी लाश, कुत्ते नोच रहे थे शरीर... CCTV ने खोली दिल्ली में लड़की के गैंगरेप और हत्या की गुत्थी
सांकेतिक तस्वीर


खेत में पड़ी एक लावारिस लाश को आवारा कुत्ते नोच रहे थे. शव इतना सड़ चुका था कि शुरु में पुलिस यह तक नहीं पहचान सकी कि वह किसी पुरुष का है या महिला का. लेकिन जब जांच आगे बढ़ी तो सामने आई एक ऐसी खौफनाक कहानी, जो किसी को झकझोर सकता है. हम बात कर रहे हैं कि देश की राजधानी दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी जिले के स्वरूप नगर इलाके में हुई गैंगरेप और हत्या की वारदात की. यहां 17 साल की लड़की के साथ कथित गैंगरेप, फिर चाकुओं से हमला कर हत्या और शव को सुनसान खेत में फेंकने का आरोप है. 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच के बाद पुलिस ने तीन नाबालिगों समेत चार आरोपियों को दबोच लिया है.

सुबह खेत में दिखा डरावना मंजर

दरअसल 13 सितंबर की सुबह दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले के स्वरूप नगर इलाके में रहने वाले लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि पास के एक खेत में कुत्ते किसी शव को नोच रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. मौके पर पहुंचकर पुलिस भी सन्न रह गई. खेत में पड़ा शव बुरी तरह सड़ चुका था. शरीर का एक हाथ धड़ से अलग मिला और उसके कुछ हिस्सों को कुत्ते खा चुके थे. शव की हालत इतनी खराब थी कि शुरुआती जांच में पुलिस यह भी तय नहीं कर सकी कि वह किसी पुरुष का है या महिला का.

चेहरा पहचान से परे था, शरीर पर मिले चाकू के कई निशान

जांचकर्ताओं के मुताबिक, मृतका का चेहरा पूरी तरह क्षत-विक्षत था. शरीर पर कई जगह चाकू के गहरे घाव मिले. हालात ऐसे थे कि पहचान करना लगभग नामुमकिन हो गया था. इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम और मेडिकल जांच के लिए भेजा गया. जांच में पुष्टि हुई कि लड़की के साथ यौन उत्पीड़न किया गया था. पुलिस के अनुसार, उसके साथ कथित तौर पर गैंगरेप के बाद हत्या की गई.

दो दिन पहले हुई थी वारदात

पुलिस को शक है कि यह वारदात 11 सितंबर को हुई थी. हत्या के बाद शव को कुशक रोड स्थित खेत में लाकर फेंक दिया गया. दो दिन तक शव वहीं पड़ा रहा. इसी दौरान उसमें सड़न बढ़ती गई और आवारा जानवरों ने शरीर को नोचना शुरू कर दिया. यही वजह थी कि 13 सितंबर को जब स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी तो मामला पुलिस तक पहुंचा.

जांच के दौरान जब शव की पहचान हुई तो पता चला कि मृतका 17 साल की किशोरी थी. हैरानी की बात यह रही कि उसके परिजनों ने गुमशुदगी की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी.

पुलिस के मुताबिक, परिवार ने बताया कि लड़की अक्सर घर से बाहर चली जाती थी और कुछ दिनों बाद वापस लौट आती थी. इसी कारण उसके घर नहीं लौटने पर शुरू में किसी ने ज्यादा चिंता नहीं जताई.

आरोपियों को पहले से जानती थी लड़की

जांच में एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई. पुलिस के अनुसार, लड़की चारों आरोपियों को पहले से जानती थी. वारदात वाले दिन वह उनके साथ एक टेम्पो में गई थी. इसी दौरान उसके साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया. इसके बाद चाकुओं से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई और शव को खेत में फेंक दिया गया ताकि सबूत मिटाए जा सकें. मामले की शुरुआत में पुलिस के पास न कोई प्रत्यक्षदर्शी था और न ही आरोपियों की पहचान. शव की हालत भी ऐसी नहीं थी कि उससे कोई सीधा सुराग मिल सके. ऐसे में जांच टीमों ने इलाके और आसपास के रास्तों पर लगे 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. घंटों की पड़ताल के दौरान एक टेम्पो पुलिस के रडार पर आया, जो वारदात के आसपास के समय में घटनास्थल के पास देखा गया था.

अंधेरे में नहीं दिखा नंबर, फिर भी नहीं छोड़ा पीछा

पुलिस को CCTV फुटेज में टेम्पो तो दिखाई दिया, लेकिन अंधेरे की वजह से उसका रजिस्ट्रेशन नंबर साफ नजर नहीं आ रहा था. इसके बावजूद पुलिस टीम ने अपनी जांच जारी रखी. अलग-अलग जगहों के CCTV फुटेज को जोड़कर टेम्पो की आवाजाही का पूरा रूट तैयार किया गया. पुलिस ने वाहन की मूवमेंट को ट्रैक किया और संदिग्ध टेम्पो तक पहुंचने की कोशिश शुरू कर दी. 15 और 16 सितंबर की दरम्यानी रात पुलिस ने विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया. पूरी रात की तलाश के बाद पुलिस संदिग्ध टेम्पो तक पहुंच गई. इसके बाद वाहन चालक की पहचान की गई और उससे पूछताछ शुरू हुई. पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की दिशा साफ होती गई और पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई.

तीन नाबालिग समेत चार आरोपी गिरफ्तार

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया. इनमें एक वयस्क और तीन नाबालिग शामिल हैं. वयस्क आरोपी की पहचान शिवम उर्फ सुदामा उर्फ चुचू के रूप में हुई है, जो खड्डा कॉलोनी का रहने वाला बताया गया है. बाकी तीन आरोपी नाबालिग हैं, जिनकी उम्र 16 से 17 साल के बीच बताई गई है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए दो चाकू भी बरामद किए हैं. इसके अलावा वारदात के समय पहने गए कपड़े और वह टेम्पो भी जब्त कर लिया गया है, जिसमें पीड़िता आरोपियों के साथ गई थी. पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट (POCSO) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. फिलहाल सभी आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की आगे जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: गुरुग्राम के बाद अब दिल्ली में 'हिट एंड ड्रैग'! कार से टक्कर के बाद कई मीटर तक घिसटती रही बाइक, VIDEO वायरल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Crime News, Delhi Gangrape Case, Delhi Rape Murder Case, Delhi Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com