विज्ञापन

बैंकॉक से दिल्ली आए शख्स के पास मिले करोड़ों के कीमती पत्थर, एयरपोर्ट पर कस्टम्स ने ऐसे दबोचा

कस्टम्स के मुताबिक, शुरुआती बरामदगी और बाद की तलाशी में मिले कीमती पत्थरों और ज्वेलरी की कुल कीमत करीब 2 करोड़ 2 लाख 54 हजार 400 रुपये आंकी गई है.

बैंकॉक से दिल्ली आए शख्स के पास मिले करोड़ों के कीमती पत्थर, एयरपोर्ट पर कस्टम्स ने ऐसे दबोचा
नई दिल्ली:

दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर कस्टम्स ने कीमती पत्थरों और ज्वेलरी की तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है. कस्टम्स की टीम ने बैंकॉक से दिल्ली पहुंचे एक भारतीय यात्री को पकड़ा है. उसके सामान और निजी तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में कीमती पत्थर और ज्वेलरी बरामद हुई है.

कस्टम्स के मुताबिक, 3 अक्टूबर 2026 को बैंकॉक से AI2303 फ्लाइट के जरिए एक भारतीय यात्री दिल्ली के IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पहुंचा था. यात्रियों की प्रोफाइलिंग के दौरान कस्टम्स अधिकारियों को उस पर शक हुआ. इसके बाद उसके सामान की बारीकी से जांच और उसकी व्यक्तिगत तलाशी ली गई.

जांच के दौरान यात्री के पास से करीब 3,200 पीस कीमती पत्थर और ज्वेलरी आइटम बरामद किए गए. इनकी शुरुआती कीमत करीब 1 करोड़ 1 लाख 54 हजार 600 रुपये आंकी गई. कस्टम्स के मुताबिक, पूछताछ में यात्री ने माना कि वह इन कीमती पत्थरों और ज्वेलरी को बैंकॉक से दिल्ली लेकर आया था.

इसके बाद कस्टम्स ने मामले को आगे बढ़ाते हुए यात्री से जुड़े एक ठिकाने की तलाशी ली. 4 अक्टूबर को कस्टम्स एक्ट की धारा 105 के तहत सर्च की अनुमति ली गई. इस तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में और कीमती पत्थर बरामद हुए.

तलाशी में करीब 196.676 किलोग्राम काले-हरे रंग के कच्चे पत्थर, जिन्हें रफ एमराल्ड बताया गया है, बरामद हुए. इसके अलावा 221 कैरेट कट और पॉलिश किए हुए रूबी और 45 कैरेट कट एवं पॉलिश किए हुए एमराल्ड भी मिले. तलाशी के दौरान कुछ संबंधित दस्तावेज और दूसरी चीजें भी बरामद की गईं.

कस्टम्स के मुताबिक, शुरुआती बरामदगी और बाद की तलाशी में मिले कीमती पत्थरों और ज्वेलरी की कुल कीमत करीब 2 करोड़ 2 लाख 54 हजार 400 रुपये आंकी गई है.

कस्टम्स ने बरामद सामान को सीज कर लिया है. यह कार्रवाई कस्टम्स एक्ट, 1962 की धारा 110 के तहत की गई है. वहीं, बैंकॉक से आए इस यात्री को कस्टम्स एक्ट की धारा 104 के तहत गिरफ्तार भी कर लिया गया है.

कस्टम्स अब यह पता लगाने में जुटा है कि इतनी बड़ी मात्रा में कीमती पत्थर और ज्वेलरी बैंकॉक से भारत क्यों लाई गई थी, इसके पीछे कौन लोग हैं और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. मामले में बरामद दस्तावेजों और अन्य सामान की भी जांच की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: नोएडा के DLF मॉल में चोरी करती पकड़ी गई महिला, घी और रिफाइंड के साथ रंगे हाथों धराई

इसे भी पढ़ें: Instagram पर दोस्ती, कपड़े उतारकर वीडियो कॉल और फिर ब्लैकमेलिंग... 'सेक्सटॉर्शन' का शिकार बिजनेसमैन पहुंचा थाने

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bangkok Flight, Smuggling, Delhi Airport
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com