विज्ञापन

चीन के स्पेस स्टेशन पर पहुंचेगा पाकिस्तानी एस्ट्रोनॉट, 42 साल बाद अंतरिक्ष दौड़ में नया पड़ाव

पाकिस्तान अपने पहले मानव अंतरिक्ष मिशन की तैयारी में जुटा है. चीन के सहयोग से एक पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री को तियांगोंग स्पेस स्टेशन भेजे जाने की योजना है.

चीन के स्पेस स्टेशन पर पहुंचेगा पाकिस्तानी एस्ट्रोनॉट, 42 साल बाद अंतरिक्ष दौड़ में नया पड़ाव
पाकिस्तान का पहला ऑर्बिटल मानव अंतरिक्ष मिशन (फोटो- चाइनीज एंबेसी)
NDTV
  • पाकिस्तान अपने पहले एस्ट्रोनॉट को चीन के स्पेस स्टेशन पर ऑर्बिटल मिशन के लिए भेजने की तैयारी कर रहा है
  • मिशन गोबी रेगिस्तान के जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से लॉन्ग मार्च रॉकेट के जरिए लॉन्च होगा
  • यह मिशन पाकिस्तान के लिए सरकारी स्पेस प्रोग्राम में सक्रिय भागीदारी की दिशा में बड़ा कदम होगा

पाकिस्तान जल्द ही अंतरिक्ष के क्षेत्र में नया अध्याय लिख सकता है. भारत जहां चंद्रयान-4 और गगनयान जैसे मिशनों की तैयारी कर रहा है वहीं पाकिस्तान चीन की वैशाखी के दम पर अंतरिक्ष का सफर तय करने की तैयारी कर रहा है. पाकिस्तान पहला सरकारी अंतरिक्ष मानव मिशन लॉन्च करने जा रहा है. इस मिशन के लिए पाकिस्तानी सेना से ट्रेन एस्ट्रोनॉट को स्पेस में भेजा जाएगा. यह एस्ट्रोनॉट चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर जाएगा. यह मिशन 25 नवंबर 2026 से पहले चीन के जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से लॉन्च होने की संभावना है।

इस मिशन के लिए पाकिस्तान की सेना से जुड़े दो उम्मीदवारों मुहम्मद जीशान अली और खुर्रम दाऊद का चयन किया गया है. अंतिम नाम की घोषणा लॉन्च से एक दिन पहले की जाएगी. दोनों उम्मीदवारों का चयन करीब 200 आवेदकों में से किया गया है.

पाकिस्तान के लिए क्यों खास है मिशन?

अगर मिशन सफल रहता है, तो यह पाकिस्तान का पहला पूर्ण ऑर्बिटल मानव अंतरिक्ष मिशन होगा. इससे पहले अक्टूबर 2023 में पाकिस्तानी मूल की बिजनेसमैन नमीरा सलीम वर्जिन गैलेक्टिक की सब-ऑर्बिटल उड़ान के जरिए अंतरिक्ष की सीमा तक पहुंचने वाली पहली पाकिस्तानी बनी थीं.

हालांकि वह कुछ मिनटों की अंतरिक्ष यात्रा थी, जबकि तियांगोंग मिशन में अंतरिक्ष यात्री को पृथ्वी की कक्षा में पहुंचकर स्पेस स्टेशन पर रहना और काम करना होगा.

चीन के तियांगोंग स्टेशन पर होगा मिशन

पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री को चीन के शेनझोउ स्पेस क्राफ्ट के जरिए लॉन्ग मार्च-2F रॉकेट पर सवार होकर भेजा जाएगा. तियांगोंग स्पेस स्टेशन लो अर्थ ऑर्बिट में स्थित चीन का स्थायी अंतरिक्ष स्टेशन है. यह पहली बार होगा जब चीन अपने स्पेस स्टेशन पर किसी गैर-चीनी अंतरिक्ष यात्री को लेकर जाएगा.

एक सप्ताह तक करेंगे प्रयोग

रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री तियांगोंग स्टेशन पर करीब एक सप्ताह तक रह सकता है. इस दौरान वह माइक्रोग्रैविटी प्रयोग करेगा, वैज्ञानिक रिसर्च में भाग लेगा, छात्रों और युवाओं से संवाद करेगा और शैक्षणिक और तकनीकी कार्यक्रमों में हिस्सा लेगा. उम्मीदवारों को 2025 से अंतरिक्ष क्राफ्ट संचालन, आपातकालीन प्रक्रियाओं, वैज्ञानिक प्रयोगों और फिजिकल ट्रेनिंग दी जा रही है.

भारत-पाकिस्तान तुलना भी चर्चा में

दक्षिण एशिया में इससे पहले भारत ने 1984 में मानव अंतरिक्ष उड़ान का इतिहास रचा था, जब विंग कमांडर राकेश शर्मा सोवियत संघ के सोयुज T-11 मिशन के तहत अंतरिक्ष गए थे.

अगर पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री का यह मिशन सफल रहता है, तो पाकिस्तान का पहला ऑर्बिटल मानव अंतरिक्ष मिशन भारत की पहली मानव अंतरिक्ष उड़ान के लगभग 42 साल बाद होगा.

चीन-पाकिस्तान स्पेस साझेदारी मजबूत

पिछले कुछ सालों में चीन और पाकिस्तान के बीच सैटेलाइट निर्माण, रिमोट सेंसिंग, संचार तकनीक और स्पेस रिसर्च के क्षेत्र में सहयोग लगातार बढ़ा है.

यह मिशन ऐसे समय में हो रहा है जब एशिया दुनिया भर की अंतरिक्ष गतिविधियों का एक बड़ा केंद्र बनता जा रहा है. चीन का अपना अंतरिक्ष स्टेशन है और वह चांद की खोज से जुड़े अपने लक्ष्यों पर काम कर रहा है. भारत 'गगनयान' कार्यक्रम के ज़रिए मानव अंतरिक्ष उड़ान की तैयारी कर रहा है, और साथ ही चाँद व दूसरे ग्रहों की खोज के अपने दायरे को भी बढ़ा रहा है. इस क्षेत्र के दूसरे देश भी अंतरिक्ष तकनीक और उसके इस्तेमाल में अपना निवेश बढ़ा रहे हैं.

यह भी पढ़ें | जहां हम अभी बैठे हैं...पाकिस्तान के मंत्री ने SCO समिट में सुनाई दिल्ली के पुराने किले की कहानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan Space Mission, Pakistan Space Mission Trolling, Space Mission, Pakistan News, Pakistan News India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com