Yuzvendra Chahal Reaction on Shashank Singh Catch Drop, IPL 2026: सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ बुधवार को मिली 33 रनों की हार ने पंजाब किंग्स (PBKS) के खेमे में भूचाल ला दिया है. पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर काबिज हैदराबाद ने 235 रनों का जो पहाड़ खड़ा किया, उसमें पंजाब की खराब फील्डिंग का बड़ा हाथ रहा. मैच के बाद कोच रिकी पोंटिंग और कप्तान श्रेयस अय्यर ने फील्डरों की जमकर क्लास लगाई. इस पूरे ड्रामे के केंद्र में रहे शशांक सिंह, जिन्होंने एक बार फिर बेहद आसान कैच टपकाकर मैच पंजाब के हाथों से फिसलने दिया. मैच का सबसे टर्निंग पॉइंट वह पल था जब हैदराबाद के विस्फोटक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन क्रीज पर आग उगल रहे थे.
युजवेंद्र चहल का 'गुस्से वाला वीडियो' हुआ वायरल
युजवेंद्र चहल ने अपनी जादुई गेंद पर क्लासेन को चकमा दिया और एक आसान सा कैच खड़ा करवा दिया. गेंद सीधे फील्डर शशांक सिंह की ओर गई, लेकिन शशांक ने उसे टपका दिया. पिछले दो मैचों में पहले ही 3-4 कैच छोड़ चुके शशांक की इस गलती को देख चहल अपना आपा खो बैठे. सोशल मीडिया पर चहल के गुस्से वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनके चेहरे के हाव-भाव साफ बता रहे हैं कि वह अपनी मेहनत पर पानी फिरता देख कितने निराश थे.
Well well well, it's that man again! 🙊👀
— Star Sports (@StarSportsIndia) May 6, 2026
Shashank Singh has dropped yet another catch down, and #PBKS camp is in utter disbelief! 🥲#TATAIPL Revenge Week 2026 ➡️ #SRHvPBKS | LIVE NOW 👉https://t.co/4Te1XilHXg pic.twitter.com/lSVDGKfiBg
कोच पोंटिंग ने लगाई क्लास
"हेड कोच रिकी पोंटिंग हार के बाद काफी गुस्से में नजर आए. उन्होंने सीधे तौर पर फील्डिंग की आलोचना करते हुए कहा, "सच तो यह है कि हमारी फील्डिंग बहुत खराब है. लगातार कैच छोड़े जा रहे हैं. अगर आप ऐसी गलतियां करेंगे, तो मैच जीतना नामुमकिन है." पोंटिंग का गुस्सा इस बात पर था कि फील्डिंग की वजह से गेंदबाजों का मनोबल टूट रहा है.

कप्तान श्रेयस अय्यर भी बोले- "बर्दाश्त के बाहर है यह हार"
केवल कोच ही नहीं, कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी टीम की फील्डिंग को हार का सबसे बड़ा विलेन बताया. अय्यर ने कहा, "इस तरह की हार को पचाना मुश्किल है. हैदराबाद जैसी बड़ी टीम के खिलाफ खेल रहे हों और आप दो-तीन कैच छोड़ दें, तो यह टी20 क्रिकेट में अस्वीकार्य (Unacceptable) है. गेंदबाजों ने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन हमने फील्डिंग में उनका साथ नहीं दिया.
साफ है कि उन छूटे हुए मौकों की वजह से ही हमें हार का मुंह देखना पड़ा."सनराइजर्स हैदराबाद ने इस जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 का स्थान हासिल कर लिया है, जबकि पंजाब किंग्स के लिए अपनी फील्डिंग में सुधार करना अब 'करो या मरो' जैसा सवाल बन गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं