भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह को IPL 2027 सीज़न के लिए दिल्ली कैपिटल्स का असिस्टेंट कोच और बैटिंग कोच नियुक्त किया गया है. सिक्सर किंग युवराज सिंह ने हाल के सालों में भिषेक शर्मा और प्रभसिमरन सिंह जैसे कई भारतीय क्रिकेटरों को मेंटर किया है, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के साथ उनकी यह पारी औपचारिक तौर पर उनके कोचिंग करियर की शुरुआत होगी.
दिल्ली कैपिटल्स के साथ यह युवराज की दूसरी पारी होगी. इससे पहले युवराज 2015 सीजन में टीम की अगुवाई कर चुके हैं. तब नीलामी में उन्हें दिल्ली ने 16 करोड़ रुपये में खरीदा था और वे उस समय आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे. इस नियुक्ति से वे भारत के अपने पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के साथ भी फिर से जुड़ेंगे, जिन्हें हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स का हेड कोच बनाया गया है.
He's done it all, won it all 🔥 Yuvi Paa is coming to Dilli 💙❤️ https://t.co/VVhjYwgEOs
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) October 13, 2026
वहीं दिल्ली कैपिटल्स में नई भूमिका मिलने पर युवराज सिंह ने कहा,"इस फ्रेंचाइजी के साथ मेरा पुराना नाता है और मैं मालिकों को अच्छी तरह जानता हूं, इसलिए यह मेरे लिए एक खास मौका है. मैं दादा के साथ मिलकर काम करने का भी बेसब्री से इंतज़ार कर रहा हूं, इस बार कोच के तौर पर." उन्होंने आगे कहा,"कोचिंग मेरा जुनून है और मैं इस बेहद टैलेंटेड टीम के साथ काम शुरू करने के लिए बहुत उत्साहित हूं."
दिल्ली को अभी भी अपने पहले आईपीएल खिताब की तलाश है. ऐसे में युवराज फ्रेंचाइजी में अपने साथ बहुत सारा अनुभव लेकर आएंगे. युवराज का इंटरनेशनल करियर लगभग दो दशक लंबा और शानदार रहा. उन्होंने सभी फॉर्मेट में भारत के लिए 402 इंटरनेशनल मैच खेले और वे उन टीमों का अहम हिस्सा थे जिन्होंने 2007 में ICC T20 वर्ल्ड कप और 2011 में ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप जीता था.
IPL में, युवराज ने कई फ्रेंचाइजी के लिए खेला, जिनमें किंग्स इलेवन पंजाब, पुणे वॉरियर्स इंडिया, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्ली डेयरडेविल्स, सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस शामिल हैं. अपने IPL करियर के दौरान अलग-अलग टीमों के लिए खेलते हुए उन्होंने 132 मैचों में 2750 रन बनाए और 36 विकेट लिए.
फ्रेंचाइजी के चेयरमैन पार्थ जिंदल ने युवराज की नियुक्ति पर कहा,"हम दिल्ली कैपिटल्स परिवार में युवी का स्वागत करते हुए बहुत उत्साहित हैं. युवी भारतीय क्रिकेट के सबसे बेहतरीन मैच-विनर्स में से एक हैं और उन्होंने आज भारतीय क्रिकेट के कई होनहार युवा टैलेंट्स को गाइड करने में अहम भूमिका निभाई है. उनका अनुभव, जीतने का जज़्बा और खिलाड़ियों के साथ जुड़ने की क्षमता हमारी टीम के लिए बहुत कीमती साबित होगी."
यह भी पढ़ें: 'उनकी मेहनत का इनाम', भुवनेश्वर कुमार की वापसी पर अश्विन का बड़ा बयान, शमी के भविष्य को लेकर कही ये बात
यह भी पढ़ें: एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के बाद भारतीय हॉकी टीम में बड़ा बदलाव, एक झटके में चार खिलाड़ी होंगे रिटायर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं